लाइव टीवी

34 चौके, 8 छक्के और रनों का अंबारः गांगुली-द्रविड़ की वो साझेदारी, जिसका 15 साल तक रहा 'एकछत्र राज'

Updated May 26, 2021 | 06:45 IST

26th May, Today in Cricket History: भारत के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सौरव गांगुली और राहुल द्रविड़ ने 1999 में एक ऐतिहासिक पार्टनरशिप की थी, जिसका दबदबा 15 सालों तक रहा।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
सौरव गांगुली और राहुल द्रविड़

क्रिकेट इतिहास में कई पारियां और साझेदारियां हैं, जो लंबे समय तक याद की जाएंगी। इन्हें शायद ही कभी भुलाया जा सकेगा। ऐसे ही एक साझेदारी भारत के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सौरव गांगुली और राहुल द्रविड़ ने साल 1999 में इंग्लैंड में खेले गए विश्व कप के एक मैच में की थी, जिसने 15 साल तक एकछत्र राज किया। दोनों ने 22 साल पहले 26 मई को श्रीलंका के खिलाफ 318 रन जोड़े थे। यह विश्व कप इतिहास की सबसे बड़ी पार्टनरशिप थी। यह वर्ल्ड रिकॉर्ड साल 2015 के विश्व कप में जाकर टूटा था, जब क्रिस गेल और मार्लन सैमुअल्स के बीच 372 रन की साझेदारी हुई।

34 चौकों और 8 छक्कों की मदद से बनाए इतने रन

मोहम्मद अजहरुद्दीन की कप्तानी वाली भारतीय टीम लीग स्टेज में दो मैच हारने के बाद श्रीलंका के खिलाफ मैदान पर उतरी थी। इस मैच में श्रीलंका के कप्तान अर्जुन राणातुगा ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया था। वहीं, पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत की शुरुआत निराशाजनक रही। सलामी बल्लेबाज संदगोपन रमेश महज 5 रन बनाकर अपना विकेट गंवा बैठे थे। हालांकि, गांगुली और द्रविड़ ने टीम को लड़खड़ाने नहीं दिया और डटकर श्रीलंकाई गेंदबाजों का सामना किया। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 34 चौकों और 8 छक्कों की मदद से 318 रन की पार्टनरशिप की।

इस तरह टूटी यह बड़ी साझेदारी

गांगुली और द्रविड़ की दमदार बल्लेबाजी के आगे श्रीलंकाई गेंदबाजों के पसीन छूट गए। गेंदबाजों ने तमाम कोशिश कीं, मगर विकेट नहीं मिल सका। इस साझेदारी का अंत द्रविड़ के 46वें ओवर में रन आउट होने के बाद हुआ। उनका विकेट 324 के कुल स्कोर पर गिरा। उन्होंने 129 गेंदों में 17 चौकों और 1 छक्के के जरिए 145 रन बनाए। वहीं, गांगुली 50वें ओवर में प्रमोदया विक्रमसिंघे का शिकार बने। गांगुली ने 158 गेंदों में 17 चौकों और 7 छक्कों की बदौलत 183 रन की पारी खेली थी। यह उनके वनडे करियर का बेस्ट स्कोर है। 

भारत ने खड़ा किया 373 का स्कोर

गांगुली और द्रविड़ की बेहतरीन साझेदारी के दम पर भारत ने श्रीलंका के खिलाफ 6 विकेट के नुकसान पर 373 का स्कोर खड़ा किया था। श्रीलंकाई टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए शुरू से दबाव में रही। अरविंद डिसिल्वा (56) और अर्जुन राणातुगा (42) को छोड़कर कोई भी बल्लेबाजी टिककर नहीं खेल पाया था। श्रीलंका काफी जद्दोजहद करने के बाद 42.3 ओवर में सिर्फ 216 रन बनाकर ढेर हो गई थी। भारत ने यह मैच 157 रन से अपने नाम किया था। टीम इंडिया की ओर से रोबिन सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेच चटकाए थे। 
 

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल