लाइव टीवी

IND vs SA: दूसरे वनडे में खाता नहीं खोल पाए विराट, शर्मनाक मामले में की वीरेंद्र सहवाग की बराबरी 

Updated Jan 21, 2022 | 16:50 IST

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे वनडे में खाता नहीं खोल सके। इसी के साथ ही उन्होंने वीरेंद्र सहवाग के शर्मनाक रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspAP
विराट कोहली
मुख्य बातें
  • विराट कोहली दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे वनडे में नहीं खोल पाए खाता
  • विराट ने की वीरेंद्र सहवाग के शर्मनाक रिकॉर्ड की बराबरी
  • इस शर्मनाक सूची के टॉपर हैं मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर

पार्ल: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज के दूसरे वनडे में भी कोई धमाल नहीं कर सके। पहले मैच में 51 रन की पारी खेलने वाले विराट दूसरे मुकाबले में अपना खाता भी नहीं खोल सके। उन्होंने 5 गेंद का सामना किया और केशव महाराज की गेंद पर कप्तान बावुमा के हाथों कवर पर लपके गए। वनडे करियर में पहली बार विराट कोहली किसी स्पिनर के खिलाफ पहली बार खाता खोले बगैर आउट हुए हैं। 

वीरेंद्र सहवाग के रिकॉर्ड की बराबरी 
इस तरह नाकाम होकर पवेलियन लौटते ही विराट कोहली ने टॉप ऑर्डर बल्लेबाज के रूप में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने वाले भारतीय खिलाड़ियों की सूची में वीरेंद्र सहवाग की बराबरी कर ली। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में विराट 31वीं बार खाता खोले बगैर पवेलियन लौट गए। वो करियर में टेस्ट और वनडे क्रिकेट में 14-14 और अंतरराष्ट्रीय वनडे में 3 बार शून्य पर आउट हुए हैं। 

शर्मनाक सूची के टॉपर हैं मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर
विराट कोहली और वीरेंद्र सहवाग भारत के टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों में सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने वाले खिलाड़ियों में साझा रूप से दूसरे पायदान पर हैं। इस सूची में पहले पायदान पर मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर हैं। सचिन तेंदुलकर अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 34 बार शून्य पर आउट हुए थे। इस शर्मनाक अनचाही सूची में तीसरे पायदान पर सौरव गांगुली और चौथे पर युवराज सिंह हैं। गांगुली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 29 बार और युवराज 26 बार अपना खाता नहीं खोल सके। 

5 साल में सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट हुए हैं विराट 
विराट कोहली के पिछले कुछ साल के प्रदर्शन पर गौर करें तो साल 2017 के बाद वो सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने वाले भारतीय बल्लेबाज हैं। पार्ल में खेले जा रहे दूसरे वनडे तक विराट पांच साल में 17 बार अपना खाता खोलने में नाकाम रहे हैं। इस सूची में दूसरे पायदान पर केएल राहुल हैं जो 11 बार अपना खाता खोले बगैर पवेलियन लौट गए। वहीं चेतेश्वर पुजारा 9 बार शू्न्य पर आउट होकर सूची में तीसरे पायदान पर हैं। 

जारी है विराट का शतक का सिलसिला
विराट कोहली ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शून्य पर आउट होते ही वनडे क्रिकेट में बगैर शतक के अपने सबसे लंबे अंतराल की बराबरी कर ली। वनडे क्रिकेट में साल 2019 से 2022 तक विराट ने 17 पारियों में तीन अंक के आंकड़े तक नहीं पहुंच सके हैं। ऐसा ही वो साल 2011 में लगातार 17 पारियों में नहीं कर सके थे। साल 2013 में लगातार 16 पारियों में विराट शतक नहीं जड़ सके थे। 
 

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल