लाइव टीवी

अनोखा नजारा..जब मैदान पर हजारों भारतीय फैंस विरोधी टीम के बल्लेबाज का समर्थन करने लगे

Updated Feb 17, 2021 | 07:08 IST

AB de Villiers birthday: दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज एबी डीविलियर्स के आपने काफी किस्से सुने होंगे लेकिन उनसे जुड़ा एक किस्सा ऐसा है जिसे भूल पाना आसान नहीं है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
भारतीय क्रिकेट टीम

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का मतलब सभी अच्छे से जानते हैं। जब दो देश की टीमें किसी प्रारूप में मैदान पर भिड़ रही होती हैं। अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में मैदान पर दोनों टीमों के फैंस मौजूद रहते हैं। किसी के कम, किसी के ज्यादा...और वे अपने देश और अपने खिलाड़ियों को समर्थन करते नजर आते हैं। भारतीय क्रिकेट फैंस से तो सभी वाकिफ हैं कि उनकी दीवानगी गजब होती है, खासतौर पर जब मुकाबला घरेलू मैदान पर हो। लेकिन एक ऐसा भी मौका आया था जब भारत एक अंतरराष्ट्रीय वनडे मैच खेल रहा था और अचानक भारतीय फैंस ही किसी विदेशी खिलाड़ी का समर्थन करने लगे।

हम यहां उस खिलाड़ी की बात कर रहे हैं, जिनका आज जन्मदिन है। दक्षिण अफ्रीकी दिग्गज- एबी डीविलियर्स। 'सुपरमैन' और 'मिस्टर 360' जैसे नामों से मशहूर इस पूर्व दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी के दुनिया में हर देश में फैंस मौजूद हैं लेकिन आईपीएल की वजह से भारत में उनकी दीवानगी कुछ इस कदर बढ़ी कि एक अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में भारतीय फैंस भी मैदान पर उनका नाम पुकारने लगे।

कानपुर में खेला गया वो वनडे मुकाबला

 साल 2015 में दक्षिण अफ्रीकी टीम भारत दौरे पर थी। वनडे सीरीज का पहला मैच कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला जा रहा था। दक्षिण अफ्रीकी टीम ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया। भारत 104 रन पर दो विकेट गिरा चुका था। इसके बाद अचानक मैदान पर एबी..एबी की गूंज सुनाई देने लगी। कुछ ही देर पहले जो फैंस भारत और भारतीय खिलाड़ियों के नाम के नारे लगा रहे थे, वहीं अचानक एबी डीविलियर्स का नाम गूंजने लगा।

गरज पड़ा उनका बल्ला

एबी डीविलियर्स जब मैदान में घुस रहे थे तो कप्तान धोनी और बाकी सभी खिलाड़ी मैदान में चारों तरफ देख रहे थे। वो भी ये नजारा देखकर हैरान थे। एबी पिच पर आए और उन्होंने अपने इन भारतीय दीवानों का बेहतरीन शतक के जरिए भरपूर मनोरंजन किया। एबी ने 73 गेंदों में नाबाद 104 रनों की पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 6 छक्के और 5 चौके निकले, और उनके हर शॉट पर फैंस के बीच निराशा नहीं बल्कि उनके नाम की गूंज सुनाई दे रही थी।

रोहित शर्मा ने भी खेली जोरदार पारी लेकिन..

उस मैच में एबी के शतक के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने 50 ओवर में 5 विकेट पर 303 रन बनाए। भारत के सामने 304 रनों का लक्ष्य था। भारत की तरफ से रोहित शर्मा ने भी अपना दम दिखाया और 133 गेंदों पर 150 रनों की धुआंधार पारी खेल डाली।

..और ऐसा रहा मैच का नतीजा

अब पूरे मैदान में सिर्फ रोहित शर्मा की गूंज थी। लेकिन दुर्भाग्यवश उनका शतक काम नहीं आया। भारत ने सिर्फ 7 विकेट गंवाए लेकिन अंतिम क्षणों पर वो कुछ जरूरी रन बनाने से चूक गया और मैच 5 रन से गंवा दिया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल