लाइव टीवी

IPL 2021 नीलामी में टूटे 8 रिकॉर्ड, चेन्‍नई में पलट गया पूरा इतिहास

Updated Feb 19, 2021 | 13:02 IST

IPL 2021 Auction: आईपीएल 2021 नीलामी चेन्‍नई में संपन्‍न हुई, जिसमें कुल 57 खिलाड़‍ियों को खरीदा गया। इस दौरान 145 करोड़ 30 लाख रुपए खर्च हुए। आईपीएल 2021 नीलामी में 8 रिकॉर्ड टूटे हैं।

Loading ...
रोहित शर्मा
मुख्य बातें
  • चेन्‍नई में संपन्‍न आईपीएल 2021 नीलामी में 8 रिकॉर्ड टूटे
  • आईपीएल 2021 नीलामी में 22 विदेशी सहित कुल 57 खिलाड़ी बिके
  • राजस्‍थान रॉयल्‍स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का 25 लोगों को स्‍क्‍वाड पूरा नहीं हो पाया

चेन्‍नई: आईपीएल 2021 के लिए खिलाड़‍ियों की नीलामी गुरुवार को चेन्‍नई में संपन्‍न हुई। मिनी ऑक्‍शन के लिए 298 खिलाड़‍ियों ने नामांकन कराया था, जिसमें से 22 विदेशी सहित कुल 57 खिलाड़‍ियों को खरीदा गया। इसमें कुल 145 करोड़ 30 लाख रुपए खर्च हुए। राजस्‍थान रॉयल्‍स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम अपना 25 खिलाड़‍ियों का स्‍क्‍वाड पूरा नहीं कर सकी। इन दोनों टीमों में 24-24 खिलाड़ी हैं। हालांकि, आईपीएल 2021 नीलामी रिकॉर्ड के लिए यादगार बन गई है। इसमें कुल 8 रिकॉर्ड टूटे हैं।

आईपीएल 2021 नीलामी में 8 रिकॉर्ड टूटे

  1. क्रिस मॉरिस आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी - दक्षिण अफ्रीका के ऑलराउंडर क्रिस मॉरिस को राजस्‍थान रॉयल्‍स ने रिकॉर्ड 16.25 करोड़ रुपए में खरीदा। इसी के साथ मॉरिस आईपीएल इतिहास में सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। उन्‍होंने युवराज सिंह का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्‍हें 2015 में दिल्‍ली कैपिटल्‍स (तब डेयरडेविल्‍स) ने 16 करोड़ रुपए में खरीदा था। मॉरिस अब आईपीएल में सबसे ज्‍यादा कमाई करने वाले विराट कोहली के बाद दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। कोहली को 2018 में आरसीबी ने 17 करोड़ रुपए में रिटेन किया था।
  2. ग्‍लेन मैक्‍सवेल का ऑक्‍शन में धमाल - आईपीएल 2021 नीलामी में आरसीबी ने मैक्‍सवेल को 14.25 करोड़ रुपए में खरीदा। मैक्‍सवेल पांच नीलामी का हिस्‍सा रहे, जिससे उनकी बोली की कुल कमाई 45.30 करोड़ रुपए हुई। सबसे पहले 2013 में मैक्‍सवेल को 5.32 करोड़ रुपए में खरीदा गया था। 2014 में उन्‍हें 6 करोड़ रुपए में खरीदा गया। 2018 में 9 करोड़ और 2020 में 10.75 करोड़ रुपए में खरीदा गया। इसी के साथ मैक्‍सवेल दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं, जिस पर फ्रेंचाइजी ने नीलामी में सबसे ज्‍यादा पैसा खर्च किया। युवराज सिंह इस मामले में नंबर-1 पर काबिज हैं, जिन पर 6 नीलामी में कुल 48.10 करोड़ रुपए खर्च किए गए थे। दिनेश कार्तिक पर 6 नीलामी में 38.85 करोड़ रुपए खर्च हुए। मॉरिस पर पांच नीलामी में 37.96 करोड़ रुपए खर्च हुए। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं कि ये खिलाड़ी आईपीएल से सबसे ज्‍यादा कमाई करने वाले खिलाड़ी बने। कई खिलाड़‍ियों को रिटेन किया गया, जिसमें उनकी कमाई ज्‍यादा हुई।
  3. अनकैप्‍ड खिलाड़ी का रिकॉर्ड गौतम के नाम - चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स ने कर्नाटक के ऑलराउंडर कृष्‍णप्‍पा गौतम को रिकॉर्ड 9.25 करोड़ रुपए में खरीदा। इसी के साथ कृष्‍णप्‍पा गौतम सबसे महंगे अनकैप्‍ड भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। उन्‍होंने क्रुणाल पांड्या का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्‍हें मुंबई इंडियंस ने 2018 में 8.80 करोड़ रुपए में खरीदा था। 2016 में अनकैप्‍ड ऑलराउंडर पवन नेगी पर दिल्‍ली कैपिटल्‍स ने 8.5 करोड़ रुपए का दांव लगाया था। पंजाब किंगस ने लेग स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को 2019 में 8.4 करोड़ रुपए में खरीदा था।
  4. राइली मेरिडिथ सबसे महंगे विदेशी अनकैप्‍ड खिलाड़ी - ऑस्‍ट्रेलिया के 24 साल के अनकैप्‍ड तेज गेंदबाज राइली मेरिडिथ को पंजाब किंग्‍स ने 8 करोड़ रुपए में खरीदा। राइली मेरिडिथ आईपीएल में बिकने वाले सबसे महंगे विदेशी अनकैप्‍ड खिलाड़ी बन गए हैं। उन्‍होंने जोफ्रा आर्चर का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्‍हें 2018 में राजस्‍थान रॉयल्‍स ने 7.2 करोड़ रुपए में खरीदा था। तब आर्चर ने इंग्‍लैंड के लिए डेब्‍यू नहीं किया था।
  5. गौतम को बेस प्राइस से 46.25 बारी ज्‍यादा रकम मिली - कृष्‍णप्‍पा गौतम की बेस प्राइस 20 लाख रुपए थे और वह 9.25 करोड़ रुपए में बिके। यह नीलामी में किसी खिलाड़ी की बेस प्राइस से रुपयों के मामले में सबसे ज्‍यादा बड़ी छलांग है। इससे पहले यह रिकॉर्ड मुरुगन अश्विन के नाम दर्ज था, जिन्‍हें 2016 में राइजिंग पुणे सुपरजायंट ने 45 अनुपात की ज्‍यादा रकम पर खरीदा था। मुरुगन अश्विन की बेस प्राइस तब 10 लाख रुपए थी और आरपीएस ने उन्‍हें 4.50 करोड़ रुपए में खरीदा था।
  6. एक नीलामी में चार खिलाड़‍ियों को 14 करोड़ से ज्‍यादा रकम मिली - आईपीएल का इतिहास ही पलट गया। ऐसा कभी नहीं हुआ कि नीलामी में एक खिलाड़ी से ज्‍यादा कभी अन्‍य खिलाड़‍ियों पर 14 करोड़ से ज्‍यादा की बोली लगी हो। आईपीएल 2021 नीलामी में क्रिस मॉरिस, काइल जैमीसन, जाय रिचर्डसन और ग्‍लेन मैक्‍सवेल को 14 या इससे ज्‍यादा करोड़ रुपए में खरीदा गया। इससे पहले 2020 में पैट कमिंस, 2017 में बेन स्‍टोक्‍स और 2014 च 2015 में युवराज सिंह को 14 करोड़ से ज्‍यादा की कीमत पर खरीदा गया था।
  7. आरसीबी में सबसे ज्‍यादा 14+ करोड़ वाले खिलाड़ी - किसी भी टीम में एक से ज्‍यादा खिलाड़ी शामिल नहीं, जहां नीलामी में 14 या इससे ज्‍यादा करोड़ में खिलाड़ी को खरीदा गया हो। आरसीबी ने मैक्‍सवेल और जैमीसन को 14 करोड़ से ज्‍यादा की कीमत पर खरीदकर रिकॉर्ड बना दिया। आरसीबी ने अपने नंबर 3 कर लिए हैं। युवराज सिंह को 2014 में आरसीबी ने 14 करोड़ रुपए में खरीदा था। नीलामी में अन्‍य टीमों में 14+ करोड़ रुपए वाले खिलाड़ी इस प्रकार रहे- राजस्‍थान रॉयल्‍स (मॉरिस, 2021), दिल्‍ली कैपिटल्‍स (युवराज, 2015), कोलकाता नाइटराइडर्स (पैट कमिंस, 20120), राइजिंग पुणे सुपरजायंट (बेन स्‍टोक्‍स, 2017), पंजाब किंग्‍स (जाय रिचर्डसन, 2021)।
  8. काइल जैमीसन ने न्‍यूजीलैंड का रिकॉर्ड तोड़ा - काइल जैमीसन को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने आईपीएल 2021 नीलामी में 15 करोड़ रुपए में खरीदा। जैमीसन आईपीएल इतिहास में न्‍यूजीलैंड के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्‍ट के नाम दर्ज था, जिन्‍हें 2017 में कोलकाता नाइटराइडर्स ने 5 करोड़ रुपए में खरीदा था।

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।