लाइव टीवी

सुरेश रैना नहीं..क्या आप जानते हैं कि आईपीएल में सिर्फ इन दो खिलाड़ियों की कप्तानी में खेले हैं धोनी

Updated Mar 26, 2022 | 08:35 IST

MS Dhoni interesting facts: आईपीएल 2022 में महेंद्र सिंह धोनी कप्तान नहीं, बस एक विकेटकीपर-बल्लेबाज की भूमिका में खेलते नजर आएंगे। धोनी ने टूर्नामेंट से ठीक पहले कप्तानी छोड़ दी है। वैसे क्या आपको पता है कि आईपीएल में धोनी अब तक किसकी-किसकी कप्तानी में खेल चुके हैं।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
महेंद्र सिंह धोनी
मुख्य बातें
  • आईपीएल में बदली महेंद्र सिंह धोनी की भूमिका
  • कप्तानी छोड़ी, अब सिर्फ विकेटकीपर-बल्लेबाजी की भूमिका में नजर आएंगे
  • आईपीएल इतिहास में सिर्फ दो खिलाड़ियों की अगुवाई में खेले हैं धोनी

महेंद्र सिंह धोनी अब चेन्नई सुपर किंग्स के 'पूर्व' कप्तान हो गए हैं। टूर्नामेंट से दो दिन पहले उन्होंने हमेशा की तरह अपने फैंस को चौंकाते हुए कप्तानी छोड़ने का फैसला किया और अब वो किसी भी फॉर्मेट में किसी भी टीम के कप्तान नहीं हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लेकर लीग क्रिकेट तक, एक शानदार कप्तानी करियर का सफर समाप्त हो गया है। बेशक कप्तानी करियर का अंत हो गया लेकिन धोनी अपने इस बेमिसाल सफर के दौरान कुछ ऐसे दिलचस्प किस्से व आंकड़े पीछे छोड़ गए हैं जिनकी हमेशा चर्चा होती रहेगी।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट हो या फिर आईपीएल, धोनी को कप्तानी की जिम्मेदारी बहुत कम समय के अंदर मिल गई थी। इसलिए कम ही ऐसे मौके रहे जब वो किसी की अगुवाई में भी खेले। खासतौर पर आईपीएल में, जहां दो मौके ऐसे आए जब धोनी भी किसी खिलाड़ी की कप्तानी में खेलते नजर आए। इंडियन प्रीमियर लीग में वो शुरुआत से ही चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान रहे और उनके बाद जो दूसरे नंबर पर खिलाड़ी था, वो थे सुरेश रैना। लेकिन जिन दो खिलाड़ियों की कप्तानी में धोनी खेले, उनमें रैना का नाम शामिल नहीं है।

ये दो खिलाड़ी थे ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ और भारतीय क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे। मामला आईपीएल के 2016 और 2017 सीजन का है। चेन्नई सुपर किंग्स की टीम पर दो साल का बैन लगा था। दो सालों के लिए दो नई टीमें शामिल हुई थीं जिसमें धोनी पुणे की टीम के कप्तान बनाए गए। साल 2016 का वो आईपीएल धोनी ने कप्तानी की और टूर्नामेंट में टीम सातवें नंबर पर रही। इसके बाद 2017 में धोनी को कप्तानी से हटा दिया गया और स्टीव स्मिथ को कप्तान बनाया गया। उस सीजन में धोनी ने स्टीव स्मिथ की अगुवाई में खेला।

जबकि उसी सीजन के बीच में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ एक मैच में स्टीव स्मिथ नहीं खेले थे, तब उस मैच में अजिंक्य रहाणे ने पुणे टीम की अगुवाई की थी। जिसके साथ ही वो आईपीएल में दूसरे ऐसे खिलाड़ी बन गए जिसकी अगुवाई में धोनी खेलते नजर आए। साल 2017 पुणे के लिए काफी अच्छा रहा था जहां उन्होंने फाइनल तक का सफर तय किया लेकिन खिताब मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने उनको मात देकर खिताब अपने नाम कर लिया था।

इसे भी पढ़ेंः धोनी या विराट नहीं, बल्कि ये खिलाड़ी है आईपीएल का 'किंग ऑफ चेज'

इससे ये तो साफ हो गया कि धोनी भी आईपीएल में किसी की कप्तानी में खेल चुके हैं। लेकिन एक हकीकत ये भी है कि ऐसा चेन्नई सुपर किंग्स की जर्सी में नहीं हुआ। जी हां, चेन्नई सुपर किंग्स में रहते हुए धोनी कभी किसी भी खिलाड़ी की कप्तानी में खेलते नहीं दिखे। पिछले 15 सालों में ये पहला मौका होगा जब आईपीएल 2022 में वो पीली जर्सी में किसी अन्य खिलाड़ी की अगुवाई में मैदान पर उतरेंगे, और वो खिलाड़ी हैं भारतीय ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा।

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।