लाइव टीवी

टी20 में बतौर कप्तान ये उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के दूसरे खिलाड़ी बने एमएस धोनी 

Updated May 09, 2022 | 06:00 IST

MS Dhoni 6000 T20 Runs as Captain: एमएस धोनी रविवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच के दौरान टी20 क्रिकेट में बतौर कप्तान 6 हजार रन बनाने वाले दुनिया के दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं।

Loading ...
एमएस धोनी( साभार IPL)
मुख्य बातें
  • एमएस धोनी बने बतौर कप्तान टी20 क्रिकेट में 6 हजार रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज
  • धोनी से पहले विराट कोहली की कप्तानी करते हुए बना सके थे इतने रन
  • रविवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ धोनी ने बनाए 8 गेंद में नाबाद 21 रन

मुंबई: आईपीएल 2022 में रविवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ कप्तान एमएस धोनी ने 8 गेंद में नाबाद 21 रन की पारी खेली और अपनी टीम को 6 विकेट पर 208 रन के स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की। इस पारी के दौरान धोनी ने 1 चौका और 2 छक्के जड़े।  

टी20 में बतौर कप्तान 6 हजार रन बनाने वाले दूसरे खिलाड़ी
अपनी इस छोटी सी पारी के दौरान एमएस धोनी ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। वो बतौर कप्तान टी20 क्रिकेट में 6 हजार रन बनाने वाले दुनिया के दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले ऐसा केवल विराट कोहली कर सके हैं। धोनी ने ये उपलब्धि करियर का 359वां टी20 मैच खेलते हुए हासिल की। धोनी ने नाम टी20 में बतौर कप्तान 6017 रन हो गए हैं। 

विराट कोहली के नाम दर्ज है वर्ल्ड रिकॉर्ड 
पहले पायदान पर काबिज विराट कोहली ने टी20 में आरसीबी और टीम इंडिया की कप्तानी करते हुए 6,451 रन बनाए हैं। इस सूची में विराट और धोनी के बाद तीसरे पायदान पर मुंबई इंडियन्स और टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा हैं। रोहित ने कप्तानी करते हुए टी20 में 4,764 रन बनाए हैं। रोहित के बाद चौथे पायदान पर आरोन फिंच (4,603) और पांचवें पर गौतम गंभीर हैं। 

धोनी दिखा रहे हैं बल्ले की पुरानी चमक
एमएस धोनी आईपीएल 2021 में बल्ले से बुरी तरह नाकाम रहे थे लेकिन उनकी टीम चौथी बार खिताब जीतने में सफल रही थी। लेकिन इस बार वो आईपीएल में कप्तानी के दबाव से मुक्त होकर मैदान में उतरे थे तो उनके बल्ले में पुरानी वाली थोड़ी सी चमक दिखाई दी। जो दोबारा कप्तान बनाए जाने के बाद भी बरकरार है। धोनी सीजन में अबतक खेले 11 मैच में  32.60 के औसत और 139.32 के स्ट्राइक रेट के साथ 163 रन बना चुके हैं। जिसमें एक अर्धशतक भी शामिल है। नाबाद 50 रन उनका सीजन में अबतक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। अभी बाकी बचे तीन मैच में धोनी क्या धमाल दिखाते हैं इसका प्रशंसकों को इंतजार रहेगा। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।