लाइव टीवी

IPL 2020: रोहित शर्मा ने आईपीएल के फाइनल में बनाया 'दोहरे शतक' का रिकॉर्ड, माही हैं नंबर-1

Updated Nov 10, 2020 | 19:07 IST

Rohit Sharma: मुंबई इंडियंस के कप्‍तान रोहित शर्मा ने आईपीएल 2020 के फाइनल में दिल्‍ली कैपिटल्‍स के खिलाफ मैदान पर उतरते ही इतिहास रच दिया। आईपीएल में यह कारनामा करने वाले दूसरे खिलाड़ी बने रोहित शर्मा।

Loading ...
रोहित शर्मा
मुख्य बातें
  • मुंबई इंडियंस के कप्‍तान रोहित शर्मा ने आईपीएल में जड़ा अनोखा दोहरा शतक
  • एमएस धोनी के बाद इस खास क्‍लब का हिस्‍सा बने रोहित शर्मा
  • रोहित शर्मा की कप्‍तानी में मुंबई इंडियंस ने चार बार आईपीएल खिताब जीते और अब पांचवें पर नजर

दुबई: मुंबई इंडियंस (एमआई) के कप्‍तान रोहित शर्मा ने मंगलवार को आईपीएल 2020 फाइनल में दिल्‍ली कैपिटल्‍स के खिलाफ अनोखा दोहरा शतक पूरा किया। रोहित शर्मा आईपीएल इतिहास में 200 मैच खेलने वाले एमएस धोनी के बाद दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। एमएस धोनी ने मौजूदा आईपीएल में ही 200 मैच खेलने का कमाल किया था और 204 मैचों में साथ वह रिकॉर्ड के बादशाह बने हुए हैं। पता हो कि रोहित शर्मा चोटिल होने के कारण मौजूदा सीजन में चार मैच नहीं खेल सके थे, वरना पिछले सप्‍ताह ही उनके भी 200 मैच पूरे हो जाते।

मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा के नेतृत्‍व में जबरदस्‍त सफलता हासिल की है। गत चैंपियन ने रोहित शर्मा की कप्‍तानी में आईपीएल के सबसे ज्‍यादा चार खिताब जीते हैं और अब उसकी नजरें पांचवें खिताब पर जमी हुई है। अगर मुंबई इंडियंस आज दिल्‍ली कैपिटल्‍स को मात देने में कामयाब हो जाती है तो चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स के बाद आईपीएल इतिहास की दूसरी टीम बन जाएगी, जिसने बैक टू बैक दो खिताब जीते हो।

रोहित शर्मा से बाकी खिलाड़ी इतना पीछे

बहरहाल, रोहित शर्मा ने आईपीएल 2020 के फाइनल में उतरते ही इतिहास रचा। वह 200 आईपीएल मैच खेलने वाले दूसरे खिलाड़ी बने। एमएस धोनी और रोहित शर्मा के बाद आईपीएल इतिहास में सबसे ज्‍यादा मैच खेलने के मामले में कोलकाता नाइटराइडर्स के दिनेश कार्तिक काबिज हैं। कार्तिक ने 196 आईपीएल मैच खेले हैं। इसके बाद चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स के सुरेश रैना 193 मैचों के साथ चौथे स्‍थान पर कायम हैं। विराट कोहली (192 मैच) टॉप-5 की लिस्‍ट को पूरा करते हैं।

रोहित शर्मा ने आईपीएल इतिहास में अब तक कुल 6 मैच मिस किए हैं। डेक्‍कन चार्जर्स के लिए एक जबकि मुंबई इंडियंस के लिए पांच। रोहित शर्मा ने अपने आईपीएल करियर की शुरूआत डेक्‍कन चार्जर्स के साथ की थी। उन्‍होंने तीन साल तक एक बार की चैंपियन का प्रतिनिधित्‍व किया।

आईपीएल 2011 नीलामी में रोहित शर्मा को मुंबई इंडियंस ने खरीदा और इसके बाद सभी को शेष कहानी पता है। रोहित शर्मा आईपीएल के पांचवें सर्वश्रेष्‍ठ स्‍कोरर हैं। उन्‍होंने लीग में एक शतक जबकि 38 अर्धशतक जमाए हैं। रोहित शर्मा को आईपीएल इतिहास के सबसे सफल कप्‍तानों में से एक माना जाता है। उन्‍होंने सात साल में टीम को चार आईपीएल खिताब दिलाए। 

33 साल के रोहित शर्मा को 2013 के बीच टूर्नामेंट में कप्‍तानी मिली थी जब रिकी पोंटिंग ने इस्‍तीफा दिया था। उसी साल रोहित ने मुंबई को पहली बार आईपीएल चैंपियन बनाया। इसके बाद 2015, 2017 और 2019 में रोहित शर्मा ने मुंबई इंडियंस को खिताब दिलाए।

रोहित शर्मा का आईपीएल करियर

मैच - 199
रन - 5162
सर्वश्रेष्‍ठ स्‍कोर - 109*
औसत - 31.09
स्‍ट्राइक रेट - 130.58
अर्धशतक - 38
शतक - 1
चौके - 453
छक्‍के - 209
आईपीएल खिताब - कुल 5
आईपीएल खिताब बतौर कप्‍तान - 4

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।