लाइव टीवी

रोहित शर्मा ने स्‍कूप शॉट खेलकर जड़ा शानदार छक्‍का, रणवीर सिंह का रिएक्‍शन हुआ वायरल, देखें वीडियो

Updated May 07, 2022 | 08:00 IST

Rohit Sharma scoop six off Mohammed Shami bowl: मुंबई इंडियंस के कप्‍तान रोहित शर्मा ने गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज मोहम्‍मद शमी की गेंद पर स्‍कूप शॉट के जरिये शानदार छक्‍का जमाया। मैदान में मौजूद रणवीर सिंह का वीडियो वायरल हो गया है।

Loading ...
रोहित शर्मा के स्‍कूप सिक्‍स पर रणवीर सिंह का रिएक्‍शन
मुख्य बातें
  • रोहित शर्मा ने शमी की गेंद पर स्‍कूप शॉट से छक्‍का जमाया
  • रोहित शर्मा ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ 28 गेंदों में 43 रन बनाए
  • रणवीर सिंह ने रोहित शर्मा के छक्‍का लगाने के बाद जो रिएक्‍शन दिया वो वायरल हुआ

मुंबई: मुंबई इंडियंस के कप्‍तान रोहित शर्मा ने आईपीएल 2022 में शुक्रवार को गुजरात टाइटंस के खिलाफ शानदार पारी खेली। गुजरात टाइटंस के कप्‍तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर मुंबई को पहले बल्‍लेबाजी का न्‍यौता दिया। रोहित शर्मा और इशान किशन ने 73 रन की साझेदारी करके पांच बार की चैंपियन को शानदार शुरूआत दिलाई।

रोहित शर्मा ने 28 गेंदों में पांच चौके और दो छक्‍के की मदद से 43 रन बनाए। हालांकि, रोहित शर्मा सीजन का अपना पहला अर्धशतक जमाने से चूके। राशिद खान ने रोहित शर्मा को एलबीडब्‍ल्‍यू आउट किया। रोहित शर्मा आईपीएल में 18 पारियों से अर्धशतक नहीं जमा सके हैं। बहरहाल, रोहित शर्मा ने अपनी पारी के दौरान कुछ आकर्षक शॉट्स खेले, जिसमें मोहम्‍मद शमी की गेंद पर स्‍कूप के सहारे लगाया छक्‍का शामिल है।

मोहम्‍मद शमी द्वारा किए पारी के तीसरे ओवर में रोहित शर्मा ने स्‍कूप शॉट खेलकर गेंद को फाइन लेग की दिशा में बाउंड्री लाइन के पार भेजा। क्रिकेट फैंस इस शॉट को देखकर उत्‍साह से भर गए, जिसमें बॉलीवुड एक्‍टर रणवीर सिंह भी शामिल रहे। अपनी नई फिल्‍म जयेश भाई जोरदार का प्रमोशन करने के लिए स्‍टेडियम पहुंचे रणवीर सिंह ने रोहित शर्मा के स्‍कूप पर छक्‍का जमाने के बाद जो रिएक्‍शन दिया, वो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

रोहित शर्मा ने पूरे किए 200 छक्‍के

रोहित शर्मा ने अपनी पारी के दौरान दो छक्‍के जड़कर एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। दरअसल, रोहित शर्मा ने मुंबई इंडियंस के लिए 200 छक्‍के जड़े और किरोन पोलार्ड के बाद वो ऐसा करने वाले फ्रेंचाइजी के दूसरे बल्‍लेबाज बन गए हैं। किरोन पोलार्ड ने मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए 257 छक्‍के जमाए हैं।

वहीं आईपीएल इतिहास में किसी एक फ्रेंचाइजी के लिए 200 या ज्‍यादा छक्‍के जड़ने के मामले में रोहित शर्मा पांचवें बल्‍लेबाज बन गए हैं। किसी एक फ्रेंचाइजी के लिए 200 या ज्‍यादा छक्‍के जड़ने का सबसे पहले कमाल क्रिस गेल ने किया था। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए खेलते हुए क्रिस गेल ने 200 या ज्‍यादा छक्‍के जड़े थे। इस लिस्‍ट में दूसरे स्‍थान पर एबी डिविलियर्स काबिज हैं। एबीडी ने भी आरसीबी के लिए 200 या ज्‍यादा छक्‍के जड़ने का कारनामा किया था।

आरसीबी के पूर्व कप्‍तान विराट कोहली इस स्‍पेशल क्‍लब में तीसरे स्‍थान पर काबिज हैं। विराट तो आईपीएल के पहले संस्‍करण से ही आरसीबी का हिस्‍सा हैं और उन्‍होंने इसी फ्रेंचाइजी के लिए 200 या ज्‍यादा छक्‍कों का आंकड़ा पार किया। किरोन पोलार्ड चौथे और अब रोहित शर्मा पांचवें नंबर पर पहुंच गए हैं। बता दें कि मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस को रोमांचक मैच में 5 रन से हराया।

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।