लाइव टीवी

IPL 2022: युवा तिलक वर्मा ने तोड़ा ऋषभ पंत का 5 साल पुराना रिकॉर्ड 

Updated May 22, 2022 | 07:00 IST

Tilak Verma: मुंबई इंडियन्स के लिए पूरे सीजन बल्ले से धमाल मचाने वाले तिलक वर्मा ने अपने डेब्यू सीजन में ऋषभ पंत का एक रोचक रिकॉर्ड तोड़ दिया।

Loading ...
तिलक वर्मा( साभार IPL)
मुख्य बातें
  • डेब्यू सीजन मे 400 रन का आंकड़ा छूने से चूके तिलक वर्मा
  • शनिवार को खेली 17 गेंद में 21 रन की पारी
  • 36.09 के औसत और 131.02 के स्ट्राइकरेट से बनाए 397 रन

मुंबई: आईपीएल 2022 मुंबई इंडियन्स के लिए भले ही बतौर टीम निराशाजनक रहा लेकिन पांच बार की चैंपियन टीम को भविष्य के कुछ सितारे जरूर मिल गए हैं। जिसमें एक नाम तिलक वर्मा का है। तिलक वर्मा ने मौजूदा सीजन में मुंबई इंडियन्स की बल्लेबाजी की रीढ़ बनकर उभरे और अपनी बल्लेबाजी से सबसे प्रभावित करके ये बता दिया कि वो लंबी रेस के घोड़े हैं।

अपनी शानदार बल्लेबाजी के दम पर तिलक वर्मा ने ऋषभ पंत का पांच साल पुराना रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। तिलक आईपीएल इतिहास में 20 साल के होने से पहले एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने पंत द्वारा साल 2017 में बनाए रिकॉर्ड को तोड़ दिया। 

20 से कम उम्र में एक सीजन में सबसे ज्यादा रन
तिलक वर्मा ने शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ जीत के लिए 160 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 17 गेंद में 21 रन की पारी खेली और सीजन में अपने रनों की संख्या को 397 तक पहुंचा दिया। डेब्यू सीजन में उन्होंने ये रन 14 मैच में 3 बार नाबाद रहते हुए 36.09 के औसत और 131.02 के स्ट्राइकरेट से बनाए। इस दौरान उन्होंने 2 अर्धशतक जड़े और उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 61 रन रहा। 

2017 में पंत ने बनाए थे 366 रन
वर्मा से पहले ऋषभ पंत ने साल 2017 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हुए सीजन में कुल 366 रन बनाए थे। ऐसे में पंत को वर्मा ने 31 रन के अंतर से पीछे छोड़ दिया। इस सूची में तीसरे पायदान पर दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलने वाले पृथ्वी शॉ का नाम है। शॉ ने साल 2019 में पूरे सीजन में 353 रन बनाए थे। ऐसा शॉ ने भी 20 साल से कम की उम्र में किया था। 
 

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।