लाइव टीवी

हनी ट्रैप का शिकार सेना का जवान गिरफ्तार, दुश्मन देश को दे रहा था खुफिया जानकारी

Updated Jul 27, 2022 | 00:00 IST

हनी ट्रैप में दुश्मन देश को खुफिया जानकारी मुहैया कराने के मामले में सेना के एक जवान को गिरफ्तार किया गया है।

Loading ...
हनी ट्रैप का शिकार जवान गिरफ्तार
मुख्य बातें
  • जयपुर में तैनात सेना का जवान हनी ट्रैप का शिकार
  • खुफिया जानकारी दुश्मन देश को देने का आरोप
  • अंकिता और निशा नाम की लड़कियों से जवान को फंसाया

जासूसी के मामले में भारतीय सेना के एक जवान को गिरफ्तार किया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
आरोपी जवान शांतिमय राणा (24) राजस्थान में पदस्थापित था और उसे दो महिलाओं ने मोहपाश में फंसाया था।पुलिस महानिदेशक (इंटेलिजेंस) उमेश मिश्रा ने बताया कि आरोपी ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी रेजिमेंट से संबंधित गोपनीय जानकारी और सेना अभ्यास के वीडियो कथित महिलाओं के साथ साझा किए।

खुफिया शाखा के राडार पर था आरोपी
मिश्रा ने कहा, ‘‘आरोपी कुछ समय से राज्य पुलिस की खुफिया शाखा के राडार पर था और उसे 25 जुलाई को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था। वह एक पाकिस्तानी महिला एजेंट के संपर्क में था, जिसने अपना परिचय गुरनूर कौर उर्फ अंकिता के रूप में दिया। निशा नाम की एक अन्य महिला भी उसके संपर्क में थी।’’

अंकिता- निशा के जाल में फंसा जवान
उन्होंने बताया कि आरोपी ने कहा कि एक महिला (अंकिता) ने उसे बताया था कि वह उत्तर प्रदेश में ‘मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस’ में तैनात है जबकि दूसरी (निशा) ने उसे बताया कि वह ‘मिलिट्री नर्सिंग सर्विस’ से है।उन्‍होंने कहा, “महिलाओं ने उसे फंसाया और उससे जानकारी मांगी। सिपाही ने अपनी रेजीमेंट से जुड़ी गोपनीय जानकारियां और सेना के अभ्यास से जुड़े वीडियो साझा किए। इसके एवज में उसे पैसे भी मिलते थे।" राणा मार्च 2018 से भारतीय सेना में तैनात है।

(एजेंसी इनपुट के साथ')