लाइव टीवी

शादी में दूल्हे ने धोती कुर्ते की जगह शेरवानी क्या पहनी, वर-वधू पक्ष के बीच जमकर चले पत्थर, हुई हिंसक झड़प, केस दर्ज

Updated May 09, 2022 | 18:34 IST

Case regd against bride & groom's sides: मध्य प्रदेश के धार में एक शादी में दूल्हे की 'शेरवानी' को लेकर विवाह कार्यक्रम में हिंसक झड़प हो गई, इस मामले में केस दर्ज किया गया है।

Loading ...
दूल्हे द्वारा विवाह में शेरवानी पहने जाने को लेकर उसका और दुल्हन के रिश्तेदारों के बीच विवाद हो गया (प्रतीकात्मक फोटो)

नई दिल्ली:  मध्य प्रदेश के धार जिले में एक दूल्हे द्वारा विवाह में शेरवानी पहने जाने को लेकर उसका और दुल्हन के रिश्तेदारों के बीच विवाद हो गया जिसके बाद दोनों पक्षों के लोगों ने एक दूसरे के साथ कथित तौर पर मारपीट की और पथराव किया, पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना शनिवार को जिले के धामनोद थाना क्षेत्र के मंगबेड़ा गांव में हुई जब दुल्हन के रिश्तेदारों ने आदिवासी परंपरा के अनुसार दूल्हे को 'शेरवानी' (groom wearing sherwani) के स्थान पर 'धोती-कुर्ता' (dhoti kurta) पहन कर विवाह की रस्में पूरी करने को कहा।

गजब: दुल्हन ने शादी में 24 कैरेट सोने की ड्रेस पहनी, गोल्ड गाउन से नहीं हट रही थी लोगों की नजरें

धामनोद थाना प्रभारी सुशील यदुवंशी ने बताया कि धार शहर निवासी सुंदरलाल ने अपने विवाह में शेरवानी पहन रखी थी जबकि दुल्हन के रिश्तेदारों ने जोर देकर कहा कि विवाह की रस्में धोती कुर्ते में की जाएं।उन्होंने कहा कि इसको लेकर दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक हो गई और बाद में दोनों पक्ष आपस में मारपीट पर उतर आए।

अधिकारी ने कहा कि दोनों पक्षों के लोगों ने बाद में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जिसके बाद पुलिस ने कुछ लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबद्ध धाराओं में मामला दर्ज किया है।

दूल्हे बोला- 'विवाद Dress को लेकर शुरू हुआ'

हालांकि दूल्हे ने बाद में पत्रकारों से कहा कि दुल्हन के परिवार के साथ उसका कोई विवाद नहीं था उसने दावा किया कि दुल्हन के कुछ रिश्तेदार हमला करने वालों में शामिल थे।दूल्हे ने कहा, 'विवाद पोशाक (Dress) को लेकर शुरू हुआ। मैं केवल उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई चाहता हूं जो मारपीट और पथराव में शामिल थे।'

बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंचे और वहां दिया धरना

घटना के बाद महिलाओं सहित बड़ी संख्या में लोग धामनोद थाने पहुंचे और वहां धरना दिया। थाने में कुछ महिलाओं ने आरोप लगाया कि दुल्हन के रिश्तेदारों ने उन पर पथराव किया जिससे कुछ लोग घायल हो गए। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि बाद में शनिवार को दूल्हा व दुल्हन के परिजन धार शहर पहुंचे और शादी की रस्में पूरी कीं।