लाइव टीवी

कैमरे में कैद हुई पेट्रोल पंप के कर्मचारियों से लूट की घटना, हथियार दिखाकर हजारों रुपये छीन फरार हुए बदमाश

Updated Jul 04, 2021 | 13:15 IST

बेंगलुरु में हथियार दिखाकर पेट्रोल पंप कर्मचारियों से लूट की घटना सामने आई है। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। बदमाश लगभग 43 हजार रुपये छीनकर मौके से फरार हो गए।

Loading ...
कैमरे में कैद हुई पेट्रोल पंप के कर्मचारियों से लूट की घटना, हथियार दिखाकर हजारों रुपये छीन फरार हुए बदमाश

बेंगलुरु : कर्नाटक में पेट्रोल पंप के कर्मचारियों से लूटपाट की घटना सामने आई है, जो कैमरे में कैद हो गई है। वीडियो में देखा जा सकता है कि किस तरह कुछ लोग बाइक से आते हैं और पेट्रोल पंप के कर्मचारियों को बंदूक दिखाकर उनसे पैसे लूट लेते हैं। आरोपियों ने कथित तौर पर 43 हजार रुपये नकद पेट्रोल पंप कर्मियों से लूट लिए। पुलिस इस मामले में केस दर्ज कर जांच कर रही है।

यह घटना बेंगलुरु में भारती नगर के एक पेट्रोल पंप की बताई जा रही है। यह घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसमें देखा जा सकता है कि किस तरह बाइक सवार लोग वहां पहुंचे और कर्मचारियों को धमकाने के लिए हथियार निकाल लिया। इनमें से दो लोगों को पेट्रोल पंप के स्‍टाफ की तरफ बढ़ते देखा जा सकता है। उन्‍होंने कपड़े से अपने चेहरे ढक रखे हैं।

कस्‍टमर भी हुए खौफजदा

उस वक्‍त एक पेट्रोल पंपकर्मी अन्‍य कस्‍टमर्स से बात कर रहा होता है। उसने लाल रंग की टी-शर्ट पहन रखी है। आरोपी को पेट्रोल पंप कर्मचारी को हथियार दिखाकर धमकाते देखा जा सकता है। यह सब देख वहां मौजूद ग्राहक पेट्रोल पंप से निकल पड़ते हैं। एक ग्राहक को बदमाशों को देख अपना दो-पहिया वाहन वहीं छोड़ वहां से भागते देखा जा सकता है।

इसके बाद आरोपी कर्मचारी को घेर लेते हैं और उससे पैसे छीन लेते हैं, जबकि अन्य आरोपी अपने दोपहिया वाहनों के साथ वहां पहुंच जाते हैं। उससे रुपये छीनने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। आखिर में पेट्रोल पंप के दो अन्य कर्मचारियों को आरोपी की ओर दौड़ते देखा जा सकता है। भारती नगर पुलिस ने घटना के संबंध में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।