लाइव टीवी

शर्मनाक! पैसे के लेनदेन में विवाद पर किशोर की पिटाई, जूते चाटने को किया मजबूर

Updated Mar 14, 2021 | 15:07 IST

मध्‍य प्रदेश के जबलपुर में पैसे के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में कुछ लोगों ने 17 साल के लड़के की बुरी तरह पिटाई कर दी। आरोपियों ने उसे जीभ से जूते साफ करने पर भी मजबूर किया।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspRepresentative Image
शर्मनाक! पैसे के लेनदेन में विवाद पर 17 साल के लड़के की पिटाई, जूते चाटने को किया मजबूर

जबलपुर : मध्य प्रदेश के जबलपुर से एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में कुछ लोगों ने 17 साल के एक लड़के की बुरी तरह पिटाई की और सिगरेट पीने तथा जीभ से जूते साफ करने को भी मजबूर किया। उसकी पिटाई का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसके बाद पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

किशोर की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने इस मामले में शनिवार को चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने किशोर के साथ बदसलूकी के आरोपी सभी चारों लोगों के खिलाफ अपहरण और मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। सारा विवाद 2 हजार रुपये के लेनदेन का बताया जा रहा है।

किशोर के साथ बदसलूकी

अब तक की जांच में पुलिस ने पाया है कि दो हजार रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में चारों आरोपी पीड़‍ित लड़के को नयागांव इलाके के एक मैदान में ले गए थे, जहां आरोपियों में से एक ने लड़के को कई थप्पड़ मारे, जबकि दूसरे ने उसे सिगरेट पिलाने की कोशिश की। आरोपियों ने किशोर को जीभ से अपने जूते साफ करने के लिए भी मजबूर किया।

किशोर गुरुवार को घर से निकला था, जिसके बाद देर शाम वह नहीं लौटा। रातभर इंतजार के बाद उसके घरवालों ने पुलिस में बेटे की गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस बीच लड़के की पिटाई का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए शनिवार को एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस घटना ने लोगों को हैरान कर दिया है।