लाइव टीवी

Jahangirpuri violence case: जहांगीरपुरी हिंसा मामले में 3 और आरोपी पकड़े गए, अब तक 36 गिरफ्तार

Updated May 07, 2022 | 19:37 IST

दिल्ली की जहांगीरपुरी में हनुमान जयंती शोभायात्रा के दौरान हुई हिंसा में तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अब तक 36 आरोपी गिरफ्तार किए गए।

Loading ...
जहांगीरपुरी हिंसा केस में तीन और आरोप गिरफ्तार

नई दिल्ली : जहांगीरपुरी हिंसा मामले में दिल्ली पुलिस ने तीन और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस केस में तीन नाबालिगों समेत कुल 36 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। गिरफ्तार होने वाले तीन नए आरोपी के नाम जहीर खान उर्फ जलील, अनाबुल उर्फ शेख और तबरेज हैं। अधिकारियों ने बताया कि 48 साल के जहीर खान उर्फ जलील और 32 साल के अनाबुल उर्फ शेख को शुक्रवार को जहांगीरपुरी से गिरफ्तार किया गया जबकि तीसरे आरोपी 40 साल के तबरेज को शनिवार को उसी इलाके से गिरफ्तार किया गया। हिंसा वाले दिन से ही जाहिर खान और अनाबुल फरार थे।

एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने बताया कि उनकी पहचान सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर की गयी, जिन्होंने आरोप लगाया कि दोनों हिंसा में शामिल थे। दोनों आरोपियों ने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया था और बार-बार अपना स्थान बदल रहे थे। जब वे जहांगीरपुरी में अपने घर लौटे तो उन्हें पकड़ लिया गया।

अधिकारी ने बताया कि जलील को सीसीटीवी फुटेज में पिस्तौल दिखाते हुए देखा गया था और इसकी जांच की जाएगी कि क्या उसने गोली चलाई थी। अनाबुल झड़पों में शामिल था। पुलिस ने दावा किया कि तबरेज भी हिंसा में शामिल था। पुलिस ने दावा किया कि ये गिरफ्तारियां तकनीकी साक्ष्य और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर की गयी हैं।

गौर हो कि राष्ट्रीय राजधानी के जहांगीरपुरी में 16 अप्रैल को हनुमान जयंती के मौके पर निकाली गई एक शोभायात्रा के दौरान दो समुदायों के बीच झड़प हो गयी थी, जिसमें आठ पुलिसकर्मी और एक स्थानीय नागरिक घायल हो गये थे। पुलिस ने बताया कि झड़प के दौरान पथराव और आगजनी की गयी तथा कुछ वाहनों को भी फूंक दिया गया।

हिंसा के कुछ दिनों बाद दिल्ली पुलिस आयुक्त राकेश अस्थाना ने प्रवर्तन निदेशालय को पत्र लिखकर मामले में मुख्य आरोपी के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों की जांच करने का अनुरोध किया। पुलिस ने इस मामले में 5 आरोपियों के खिलाफ सख्त राष्ट्रीय सुरक्षा कानून की धाराएं लगाई हैं।