लाइव टीवी

ब्वॉयफ्रेंड के साथ रची खुद के अपहरण की साजिश, पिता से मांगी 1 करोड़ की फिरौती

Updated Jul 26, 2020 | 20:33 IST

उत्तर प्रदेश के एटा जिले के एक गांव में एक 19 साल की लड़की ने अपनी प्रेमी के साथ मिलकर खुद के अपहरण की साजिश रची और फिरौती के रूप में पिता से 1 करोड़ रुपए मांगे। पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

Loading ...
पुलिस ने लड़की को पकड़ लिया
मुख्य बातें
  • पड़ोस के लड़के के साथ 2 साल से रिलेशन में थी 19 साल की लड़की
  • परिवार से पैसे लेकर लड़के के साथ भागने की थी लड़की की योजना
  • पुलिस ने शक के आधार पर लड़की को पकड़ लिया, लड़का भाग गया

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के एटा जिले से चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 19 साल की लड़की ने अपने प्रेमी की मदद से खुद के अपहरण की योजना बनाई और फिर फिरौती की रकम के रूप में 1 करोड़ रुपए की मांग की। पुलिस ने इस लड़की को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना जिले के नगला भजना गांव में मेहरा पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र में हुई। 

पुलिस ने बताया कि लड़की गुरुवार रात को लापता हो गई थी। फिर किडनैपर बन उसने अपने माता-पिता को हरियाणवी लहजे में कई कॉल किए और फिरौती की मांग की। इसके बाद, उसके चिंतित परिवार ने पुलिस से मदद मांगी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और 'अगवा लड़की' की खोज शुरू की। हालांकि, जांच करते समय पुलिस अधिकारियों ने यह महसूस किया कि अपहरणकर्ता द्वारा लगातार बातचीत और लंबे समय तक कॉल के कारण कुछ गलत है। इसलिए, उन्होंने लड़की के मोबाइल नंबर को ट्रेस करना शुरू किया। 

बाद में पता चला कि वह फिरौती के लिए अपने फोन का इस्तेमाल कर रही थी। शनिवार को उसे उसके घर से महज 100 मीटर की दूरी पर पाया गया। लड़की और उसका प्रेमी पड़ोसी हैं। लड़की के परिवार की इच्छा के विपरीत वे लगभग दो साल से रिलेशन में हैं। हाल ही में लड़की को पता चला कि उसका परिवार एक करोड़ रुपए निवेश कर एक स्कूल खोलने की योजना बना रहा है। इसलिए, उसने अपने प्रेमी के साथ ये पैसे लेने और फिर भागने की साजिश रची। 

लड़की को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है, जबकि उसका प्रेमी मौके से भागने में कामयाब रहा। उसे पकड़ने के लिए पुलिस की कोशिशें जारी हैं।