लाइव टीवी

Delhi News: दिल्‍ली में फिर चलेगा बुलडोजर, इन जगहों पर ध्वस्तीकरण का नोटिस जारी, मिला 14 दिन का समय

Updated Apr 23, 2022 | 14:37 IST

Delhi News: दिल्‍ली में अब एक बार फिर से बुलडोजर चलने वाला है। इस बार वन विभाग अपने क्षेत्र में बसी झुग्गियों पर पीला पंजा चलाएगा। वन विभाग ने लोगों को अपनी जगह खाली करने के लिए 14 दिन का नोटिस दिया है। जिसके बाद यह कार्रवाई की जाएगी।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspRepresentative Image
वन विभाग चलाएगा बुलडोजर
मुख्य बातें
  • वन विभाग दक्षिण दिल्‍ली के वन क्षेत्र को कराएगा खाली
  • एनजीटी से मिले आदेश के बाद वन विभाग कर रहा यह कार्रवाई
  • लोगों को जगह खाली करने के लिए दिया गया 14 दिन का समय

Delhi News: दिल्‍ली के जहांगीरपुरी में चलाए गए बुलडोजर का विवाद अभी तक गर्म हैं, ऐसे में अब वन विभाग भी दिल्‍ली के अंदर कई क्षेत्रों में पीला पंजा चलाने की तैयारी कर रहा है। वन विभाग ने दक्षिणी दिल्‍ली इलाके के संरक्षित वन क्षेत्र में झुग्गियां बनाकर रहने वाले लोगों को जल्द से जल्द वन क्षेत्र खाली करने का नोटिस भेजा है। वन विभाग की तरफ से इसके लिए लोगों को 14 दिन का समय दिया है। वन विभाग से मिले इस नोटिस के बाद यहां पर रहने वाले हजारों लोग काफी परेशान है। लोगों का कहना है कि, इस क्षेत्र में वे करीब 30 साल से रह रहे हैं।

बता दें कि, वन विभाग ने यह नोटिस मार्च 2022 में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के एक आदेश के अनुपालन के आधार पर दिया है। इसके तहत वन विभाग ने इजरायल, नाला, गुलाबो, सपेरा व शंकर कैंप और रंगपुरी व राजोकरी जंगल क्षेत्र में रहने वाले लोगों को वन क्षेत्र खाली करने का नोटिस जारी किया है। अतिक्रमण हटाने के दौरान अगर अतिक्रमणकारी मौके पर मौजूद रहे तो ध्वस्तीकरण का खर्चा भी उनसे वसूला जाएगा। वन विभाग ने इस कार्रवाई के लिए दिल्‍ली पुलिस से 700 पुलिसकर्मियों की मदद भी मांगी है।

यहां सालों से रहते हैं हजारों परिवार

दिल्‍ली के इस इलाके में बनी इन झुग्गियों में कई सालों से हजारों परिवार रहते हैं। ये लोग उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, झारखंड और हरियाणा से आकर यहां पर करीब 30 साल पहले बसे थे। यहां रहने वाले ज्‍यादातर लोग दिहाड़ी मजदूरी व आसपास की फैक्ट्रियों में काम करते हैं। अब ये लोग अचानक से झुग्गियों के तोड़ने का नोटिस मिलने से काफी परेशान हो गए हैं। लोगों का कहना है कि, हम लोग बेहद गरीब हैं, इसके बाद कहां जाएंगे, पता नहीं। अब लग रहा है कि, अपने बच्‍चों को सड़कों पर ही रहना पड़ेगा। वहीं, वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि, इन झुग्गियों का ध्वस्तीकरण शहर के पर्यावरण और पारिस्थितिकी तंत्र को संतुलित बनाए रखने के लिए बेहद जरूरी है।

Delhi News in Hindi (दिल्ली न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।