लाइव टीवी

Mamta Kulkarni Birthday: एक बोल्ड फोटोशूट और तबाह हो गया ममता कुलकर्णी का करियर, माफिया से जुड़ा नाम

Updated Apr 20, 2022 | 06:48 IST

Bollywood Actress: बॉलीवुड की बोल्ड एंड ब्यूटिफुल एक्ट्रेसेस में शुमार रहीं ममता कुलकर्णी आज ग्लैमर वर्ल्ड से दूर हैं। बताया जाता है कि अब ममता आध्यात्म की राह पर चल पड़ी हैं। अपने छोटे, लेकिन विवादों से भरे करियर में ममता ने कई गलतियां कीं और धीरे-धीरे उनका करियर खत्म हो गया।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
ममता कुलकर्णी का फिल्मी करियर
मुख्य बातें
  • अंडरवर्ल्ड से रिश्तों का पड़ा करियर पर बुरा असर
  • कई हिट फिल्मों का रहीं हिस्सा, आज हैं गायब
  • फिल्म तिरंगा से किया था बॉलीवुड डेब्यू

Mamta Kulkarni Film Career: बॉलीवुड और विवादों का पुराना नाता है, जितना बड़ा विवाद, उतनी बड़ी पब्लिसिटी। लेकिन बॉलीवुड की एक एक्ट्रेस ऐसी भी है जिसे इसका बड़ा खामियाजा भुगतना पड़ा। इनका नाम है ममता कुलकर्णी। बोल्ड एंड ब्यूटिफुल इस एक्ट्रेस ने अपनी अदाओं से सभी को दीवाना बना दिया था लेकिन सफलता की सीढ़ियां चढ़ती इस एक्ट्रेस से कुछ ऐसी गलतियां हुईं, जिसके बाद वह बॉलीवुड से ही गायब हो गईं। करन -अर्जुन जैसी सुपरहिट फिल्मों में काम कर चुकी ये अदाकारा आज फिल्मी दुनिया से कहीं दूर जा चुकी हैं। 

तमिल फिल्म से करियर की शुरुआत

ममता कुलकर्णी का जन्म 20 अप्रैल, 1972 में एक मध्यमवर्गीय मराठी परिवार में हुआ था। ​बहुत कम लोग जानते हैं कि बॉलीवुड में कदम रखने से पहले ममता ने एक तमिल फिल्म भी की थी। एक इंटरव्यू में ममता ने बताया कि उनकी तमिल फिल्म हिट होने के बाद उन्हें बॉलीवुड से ऑफर आने लगे। साल 1993 में ममता ने फिल्म तिरंगा से बॉलीवुड डेब्यू किया। इसके बाद उन्हें सैफ अली खान, अक्षय कुमार जैसे स्टार्स के साथ फिल्में मिलने लगीं। उन्हें फिल्मफेयर फेस ऑफ द ईयर का अवार्ड भी मिला। राकेश रोशन, एन.चंद्रा, साजिद नाडियाडवाला जैसे बड़े निर्माता निर्देशकों ने उन्हें ​अपनी फिल्मों में लेने की तैयारी की। 

और ऐसे मानीं ममता 

साल 1993 में एक मशहूर मैगजीन के कवर पेज के लिए ममता ने टॉपलेस फोटोशूट करवाया और विवादों में घिर गईं। बताया जाता है कि इसके लिए फोटोग्राफर जयेश सेठ ने पहले माधुरी दीक्षित और जूही चावला सहित कई एक्ट्रेसेस से संपर्क किया, लेकिन वे तैयार नहीं हुईं। जिसके बाद ममता से संपर्क किया गया। ममता भी पहले इसको करने से झिझकीं, उन्हें आश्वासन दिया गया कि फोटोशूट बोल्ड होगा, लेकिन शालीन तरीके से। जिसके बाद ममता मना गईं। 

बॉलीवुड, परिवार सभी ने बनाई दूरी 

सितंबर, 1993 में ये मैगजीन जैसे ही मार्केट में आई तहलका मच गया। उस समय बीस रुपए की यह मैगजीन सौ रुपए में ब्लैक में बिकी थी। ममता का फोटोशूट हिट साबित हुआ, लेकिन बॉलीवुड और उनके परिवार को यह रास नहीं आया। ममता ने इस फोटोशूट को लेकर न ही अपने माता-पिता से इजाजत ली थी और न ही अपने सेक्रेटरी आसिफ मर्चेंट से सलाह। कुछ संगठनों ने ममता के खिलाफ धरना प्रदर्शन तक किया। यहां तक कि उनके खिलाफ आपराधिक केस दर्ज किया गया और गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया। हालांकि उन्हें तत्काल जमानत दे दी गई। इससे ममता टूट गईं और उन्होंने खुद को घर में कैद कर लिया। 

लोगों ने बरसाए फूल 

मीडिया रिपोर्टस के अनुसार ममता का खोया हुआ आत्मविश्वास उस समय लौट जब वह माधुरी दीक्षित की एक फिल्म के प्रीमियर में पहुंचीं। ममता थिएटर की आखिरी सीट पर चुपचाप बैठी थीं, जैसे ही उन्हें स्टेज पर बुलाया गया, उनके फैंस ने उनपर फूल बरसाना शुरू कर दिया। फैंस चिल्ला रहे थे, ममता हम तुमसे प्यार करते हैं। लोगों का यह प्यार देख ममता का खोया हुआ कॉन्फिडेंस लौटा। साथ ही निर्माता निर्देशकों ने भी उन्हें उनकी बोल्ड इमेज के साथ अपनाया। 

ममता कुलकर्णी और अंडरवर्ल्ड

माना जाता है कि 90 के दशक में बॉलीवुड में अंडरवर्ल्ड का अच्छा दखल था। इस दौरान ममता का नाम अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के गुर्गे छोटा राजन से जुड़ा। ऐसी अफवाहें भी थी कि राजन के कहने पर ममता को कई फिल्में मिलीं, हालांकि इसका कोई प्रमाण नहीं है। छोटा राजन के भारत छोड़ने के बाद ममता का नाम उसके गुर्गे और ड्रग माफिया विजयगिरी आनंदगिरी गोस्वामी उर्फ विक्की गोस्वामी से जुड़ा। और धीरे-धीरे ममता बॉलीवुड से दूर हो गईं।  साल 2014 में विक्की को ममता के साथ केन्या में पकड़ा गया था। ममता को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया था, वहीं विक्की जमानत पर बाहर है। बताया जाता है कि दोनों शादी करके दुबई में रह रहे थे। हालांकि दोनों ने ही इस बात को सिरे से खारिज कर दिया। बताया जाता है कि अब ममता ने आध्यात्म की राह अपना ली है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।