लाइव टीवी

Actress Babita Birthday: कपूर खानदान की बहू होते हुए भी बबीता ने झेले दर्द, जानिए उनकी दास्तां

Updated Apr 20, 2022 | 06:09 IST

Babita Kapoor Birthday: कपूर खानदान की बहू होते हुए भी बबीता अपनी बेटियों को लेकर अलग रहीं। बेहतरीन अदाकारा होने के साथ साथ वो फैशन आइकन भी बनी लेकिन उनका बोल्ड मदर बनने का सफर काफी दिलचस्प और सराहनीय रहा है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
Bollywood Actress Babita Kapoor
मुख्य बातें
  • बबीता को सपनों का राजकुमार मिला, लेकिन साथ नहीं
  • बेटियों का करियर बनाने के लिए उठाया बड़ा कदम
  • नहीं लिया रणधीर से तलाक, आज परिवार के साथ बांटते हैं खुशी-गम

Babita Kapoor Birthday: खूबसूरत बड़ी आंखें, गोरा रंग, तीखे नयन-नक्श, ढेरों हिट फिल्में और फिर सपनों के राजकुमार रणधीर कपूर से शादी करके बॉलीवुड के सबसे मशहूर कपूर खानदान की बहू बनना, अभिनेत्री बबीता का जीवन किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रहा है। हालांकि जिंदगी का यह सफर तय करना बबीता के लिए आसान नहीं था। 70 के दशक की फैशन आइकन रही इस एक्ट्रेस ने अपनी बेटियों का करियर बनाने के लिए इतना बड़ा कदम उठाया कि सब हैरान रह गए। ये बबीता का ही त्याग और हिम्मत थी ​जिसने उनकी दोनों बेटियों करिश्मा कपूर और करीना कपूर को बॉलीवुड के शिखर तक पहुंचाया। 

पाकिस्तान से भारत आया था परिवार 

बबीता का जन्म 20 अप्रैल, 1948 में पाकिस्तान के कराची में एक सिंधी परिवार में हुआ। भारत-पाकिस्तान बंटवारे के समय उनका परिवार भारत आकर बस गया। बेहद खूबसूरत बबीता हमेशा से ही बॉलीवुड में अपना करियर बनाना चाहती थीं और 18 साल की उम्र में ही उन्हें ये मौका मिल गया। साल 1966 में बबीता ने फिल्म दस लाख से बॉलीवुड डेब्यू किया। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कोई खास कमाल नहीं कर पाई, लेकिन बबीता की खूबसूरती ने सभी का ध्यान खींचा। इसके बाद उन्होंने 1967 में सुपर स्टार राजेश खन्ना के साथ फिल्म राज में काम किया। जिससे उन्हें पहचान मिली। इसी साल जितेंद्र के साथ आई उनकी फिल्म फर्ज सुपरहिट रही और बबीता का करियर चल पड़ा।  


कल, आज और कल ने बदल दी किस्मत 

साल 1971 बबीता के करियर के लिए टर्निंग प्वॉइंट साबित हुआ। उन्होंने रणधीर कपूर के साथ फिल्म कल, आज और कल में काम किया। यहीं से शुरू हुई रणधीर कपूर और बबीता की लव स्टोरी। दोनों ने शादी करने का फैसला लिया, लेकिन कपूर खानदान को ये रिश्ता मंजूर नहीं था।  हालांकि रणधीर की जिद के आगे सभी हार गए और दोनों की शादी हो गई। 

और फिर लिया बड़ा फैसला  

रणधीर कपूर और बबीता अलग मकान में रहते थे। साल 1974 में करिश्मा और 1980 में करीना का जन्म हुआ। इस दौरान रणधीर की शराब की लत के कारण बबीता परेशान रहने लगीं। यह बात खुद रणधीर ने एक इंटरव्यू में भी स्वीकारी। उन्होंने कहा कि वे अकसर पार्टियां करते थे और घर भी देर से आते थे, जो बबीता को पसंद नहीं था। कपूर खानदान की परंपरा के अनुसार बबीता ने फिल्मों में काम करना भी बंद कर दिया था। लेकिन करिश्मा के लिए उन्होंने बड़ा फैसला लिया और यह था बड़ी बेटी को बॉलीवुड में लॉन्च करने का।

कपूर खानदान ही क्या, रणधीर खुद इस बात के लिए राजी नहीं थे। आखिरकार बबीता अपनी दोनों बेटियों के साथ रणधीर को छोड़कर चली गईं। साल 1991 में करिश्मा ने फिल्म प्रेम कैदी से बॉलीवुड में कदम रखा और सफल रहीं। साल 2000 में ​करीना ने फिल्म रिफ्यूजी से बॉलीवुड में अपने करियर की शुरुआत की और वह सफलता की सीढ़ियां चढ़ती चली गईं। आज करिश्मा और करीना का नाम बॉलीवुड की मोस्ट सक्सेसफुल एक्ट्रेस में गिना जाता है। रणधीर और बबीता सालों अलग रहे, लेकिन दोनों ने तलाक नहीं लिया, आज भी दोनों खुशी-गम एक साथ बांटते हैं।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।