लाइव टीवी

19 years of devdas: देवदास के 19 साल पूरे होने पर शाहरुख खान ने किया खुलासा, शूटिंग में बार-बार खुलती थी धोती

Updated Jul 12, 2021 | 19:56 IST

19 years of Devdas: शाहरुख खान की फिल्म देवदास को 19 साल पूरे हो गए हैं। इस मौके पर शाहरुख खान ने सोशल मीडिया पर खास पोस्ट किया है। इसमें उन्होंने बताया कि उन्हें शूटिंग में सबसे ज्यादा क्या समस्या हुई।

Loading ...
Shah rukh Khan
मुख्य बातें
  • शाहरुख खान की फिल्म देवदास को 19 साल पूरे हो गए हैं।
  • शाहरुख खान ने सोशल मीडिया पर फिल्म की शूटिंग की फोटोज शेयर की है।
  • शाहरुख खान ने बताया कि वह शूटिंग के दौरान वह किस समस्या से जूझ रहे थे।

मुंबई. संजय लीला भंसाली की फिल्म देवदास को 19 साल पूरे हो गए हैं। साल 2002 में आई इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। फिल्म के 19 साल पूरे होने पर शाहरुख खान ने इस मौके पर फिल्म की शूटिंग से जुड़ा एक किस्सा शेयर किया है।  

शाहरुख खान ने सोशल मीडिया पर शूटिंग की फोटोज पोस्ट की है। इसके साथ शाहरुख खान ने लिखा, 'देर रात और सुबह-सुबह की सारी परेशानियां खूबसूरत माधुरी दीक्षित, बेहतरीन ऐश्वर्या राय, खुशमिजाज जैकी श्रॉफ, जिंदादिल किरण खेर के कारण हल हो गई। पूरी टीम ने संजय लीला भंसाली के साथ मिलकर जमकर मेहनत की। केवल एक समस्या थी, धोती लगातार गिरते रहती थी। आपके प्यार के लिए शुक्रिया।'

सबसे महंगी फिल्म
देवदास साल 2002 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म का बजट लगभग 50 करोड़ रुपए था। ये उस वक्त की सबसे महंगी फिल्मों में से एक थी। फिल्म में दिखाया गया चंद्रमुखी का कोठा तैयार करने में 12 करोड़ रुपए लगे थे। वहीं, पारो का घर बनाने में 1.2 लाख स्टेंड पीस लगे थे। इनकी कुल लागत लगभग तीन करोड़ रुपए थी। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस में वर्ल्डवाइड लगभग 100 करोड़ रुपए की कमाई की थी। इसमें 46 करोड़ डोमेस्टिक कलेक्शन था।

माधुरी दीक्षित ने पहना था 16 किलो का घाघरा
देवदास में माधुरी दीक्षित ने गाने 'काहे छोड़े मोहे' में लगभग 30 किलो का घाघरा पहना था। इसे 16 किलो के घाघरे से रिप्लेस किया गया था। वहीं, माधुरी दीक्षित ने एक गाने में 10 किलो का कॉस्ट्यूम पहना था। इसे बनाने में दो महीने लगे थे। 

पारो को इस्तेमाल के लिए आठ से नौ मीटर की साड़ियों का इस्तेमाल किया था। इसे डिजाइनर संजय लीला भंसाली और कॉस्ट्यूम डिजाइनर नीता लूला ने खुद खरीदा था। फिल्म में हर रोज तीन घंटे पारो के लुक को स्टाइल करने में लगते थे।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।