लाइव टीवी

आजमगढ़ में भाजपा की जीत, सुशासन के साथ, तुष्टीकरण के खिलाफ जनादेश 

Updated Jun 27, 2022 | 11:52 IST

आजमगढ लोकसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत को प्रदेश मे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व और सुशासन पर प्रदेशवासियों के अगाध विश्वास के प्रतीक के तौर पर देखा जा रहा है।

Loading ...
Yogi Adityanath

आजमगढ लोकसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत को प्रदेश मे मुख्य मंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व और सुशासन पर प्रदेशवासियों के अगाध विश्वास के प्रतीक के तौर पर देखा जा रहा है। भाजपा के प्रत्याशी दिनेश लाल निरहुआ ने समाजवादी पार्टी  के उम्मीदवार धर्मेंद्र यादव को 8679 वोटों से हरा कर यह सीट जीत ली है। जहां भाजपा के निरहुआ को 312768 वोट मिले, वहीं सपा के धर्मेंद्र यादव को 304089 वोट प्राप्त हुए। तीसरे प्रत्याशी बहुजन समाज पार्टी के शाह आलम को 266210 वोट मिले। यह जीत इस संदर्भ में महत्वपूर्ण है कि  2019 के लोकसभा चुनाव में आजमगढ़ उन कुछ सीटों मे शामिल था जहां विपक्षी दलों को सफलता मिली थी। 

पूर्वमुख्य मंत्री अखिलेश यादव की यहां से हुई जीत से इस क्षेत्र में भाजपा के प्रभाव को लेकर सवाल भी उठे थे। लेकिन तीन साल के अंदर ही अखिलेश यादव ने विधान सभा का चुनाव जीतने के बाद यहां से इस्तीफा दिया, जिसके बाद यहां उपचुनाव हुए। और इसमे भाजपा के प्रत्याशी दिनेश लाल निरहुआ की जीत से नए स्थानीय व राजनीतिक समीकरण सामने आए हैं।

इस सीट पर सपा की तथाकथित पकड़, और अखिलेश यादव के पारिवारिक संबंधी धर्मेंद्र यादव के चुनावी मैदान मे उतरने के बाद यहां का चुनाव अत्यंत रोचक हो गया था लेकिन जनता ने एक बार फिर सपा को नकार कर भाजपा में अपने विश्वास की फिर पुष्टि कर दी है।  यह उल्लेखनीय है कि इस उपचुनाव के महत्व के बावजूद सपा नेता व यहीं से पूर्व सांसद रहे अखिलेश ने यहां से सपा उम्मीदवार व अपने संबधी धर्मेंद्र यादव के लिए चुनाव प्रचार में कोई रुचि नही दिखाई।

स्थानीय मतदाताओं के अनुसार मुख्य मंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सक्रिय प्रचार किए जाने की वजह से यहां का राजनीतिक वातावरण स्पष्ट रूप से भाजपा के पक्ष मे हो गया, और सपा का प्रचार अत्यंत प्रभावहीन रहा। स्थानीय निवासी इसे तुष्टीकरण की राजनीति के विरूद्ध जनादेश के साथ ही सुशासन का मजबूत समर्थन मानते हैं।  यही नही सपा ने जिस तरह यहाँ मुस्लिम और दलित की उपेक्षा की, उसका स्पष्ट असर चुनाव परिणाम पर देखा गया।

खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकसभा उपचुनाव आजमगढ़ और रामपुर में भाजपा की प्रचंड जीत पर कहा कि ये जनादेश जनता के विश्वास का प्रतीक है। उत्तर प्रदेश को आगे ले जाने पर मुहर है। जनता ने प्रदेश में 2024 के विजयश्री के लिए दूरगामी संदेश दिया है। सीएम योगी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने डबल जीत प्रदेश में हासिल की है। प्रधानमंत्री का नेतृत्व, भाजपा की केंद्र, राज्य के नेतृत्व के साथ कार्यकर्ताओं का परिश्रम और जनता का आशीर्वाद निरंतर डबल इंजन की सरकार को प्राप्त हुआ।

उसी का सुफल है कि दोनों चुनौतीपूर्ण लड़ाई को भाजपा ने जीत में बदलकर जनता ने 2024 का दूरगामी संदेश दे दिया है। ये सचमुच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार की सकारात्मक, सर्व समावेशी और विकासोन्नमुख गरीब कल्याणकारी योजनाओं के साथ अवस्थापना विकास के लिए बिना किसी भेदभाव के गांव, गरीब, किसान, महिलाएं और समाज के प्रत्येक तबके के लिए जो कार्य किए हैं, वह कार्य जनता ने हाथों हाथ लिया है। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।