लाइव टीवी

Celebs Who Got Married Thrice: किशोर कुमार, संजय दत्‍त ही नहीं, इन स‍ितारों ने भी तीन या ज्‍यादा बार की शादी

Updated Jan 02, 2021 | 13:23 IST

Celebrities Who Got Married Thrice Or More: ह‍िंदी सिनेमा में ऐसे कई सितारे हैं जिन्‍हें एक से ज्‍यादा बार मोहब्‍बत हुई और उन्‍होंने कई शादियां कीं। कई स‍ितारे ऐसे हैं जिन्‍होंने तीन या उससे ज्‍यादा शादी कीं।

Loading ...
Celebrities Who Got Married Thrice Or More
मुख्य बातें
  • किशोर कुमार ने की थी चार-चार शादियां
  • कबीर बेदी भी बन चुके हैं चार बार दूल्‍हा

Celebrities Who Got Married Thrice Or More: मोहब्‍बत क्‍या चीज है, ये शायद ही कोई आज तक समझ पाया है। मोहब्‍बत कब होती है, मोहब्‍बत क्‍या देखकर होती है, मोहब्‍बत कितनी बार होती है, ये कोई नहीं बता सकता है। किसी को कितनी भी बार कोई भा सकता है। ह‍िंदी सिनेमा में भी ऐसे कई सितारे हैं जिन्‍हें एक से ज्‍यादा बार मोहब्‍बत हुई और उन्‍होंने कई शादियां कीं। दो शादियां करने वाले सितारे तो बॉलीवुड में कई हैं लेकिन क्‍या आप उन सितारे से रूबरू हैं जिन्‍होंने तीन या उससे ज्‍यादा शादी कीं। अगर नहीं, तो एक नजर डालते हैं ऐसे ही कुछ सितारों पर-

किशोर कुमार की चार शादी (Kishore Kumar)

किशोर कुमार जितना अपने फिल्मी करियर के लिए मशहूर रहे, उतना ही अपनी पर्सनल लाइफ के लिए भी हमेशा चर्चा में रहे। किशोर कुमार ने एक नहीं, दो नहीं, बल्कि चार शादियां की थीं। किशोर कुमार का पहला प्‍या और पहली पत्नी रूमा गुहा थी जोकि बंगाली फिल्मों में एक्टिंग और सिंगिंग किया करती थी। 8 साल बाद दोनों में तकरार शुरु हो गई और दोनों अलग हो गए। इसके बाद किशोर कुमार ने मधुबाला से वर्ष 1960 में शादी की। किशोर कुमार उस समय मधुबाला के प्यार में इस कदर पागल थे कि उन्होंने शादी के लिए इस्लाम धर्म अपनाया था। मधुबाला के निधन के बाद वर्ष 1976 में हुई किशोर कुमार ने योगिता बाली से शादी की। दो साल बाद ही योगिता से उनका रिश्ता टूट गया. इस शादी के टूटने की वजह थे मिथुन चक्रवर्ती। किशोर कुमार ने चौथी शादी की लीना चंद्रावरकर से। 1968 में ‘मन का मीत’ फिल्म के सेट पर दोनों मिले थे। लीना विधवा थीं और किशोर कुमार उनसे 21 साल बड़े थे। 

कबीर बेदी (Kabir Bedi)

किशोर कुमार की तरह ही कबीर बेदी ने भी चार शादियां कीं। उनकी सगाई अंबा सान्याल नाम की लड़की से हो चुकी थी, लेकिन इस दौरान वो 19 साल की मॉडल प्रोतिमा गुप्ता के साथ लिव-इन में रह रहे थे। प्रोतिमा गुप्ता प्रेग्नेंट हो गईं और कबीर बेदी ने अंबा सान्याल से सगाई तोड़कर प्रोतिमा से शादी कर ली। शादी के बाद प्रोतिमा ने पूजा बेदी को जन्म दिया। पूजा बेदी के जन्म के 8 महीने बाद कबीर की पहली पत्नी प्रोतिमा का अफेयर पड़ोस में रहने वाले जर्मन लड़के से हो गया और पांच साल बाद दोनों अलग हो गए। प्रोतिमा से अलग होने के बाद कबीर बेदी ने सुसैन हम्फ्रेश से शादी कर ली  लेकिन उनकी यह शादी भी टूट गई। इसके बाद उन्होंने निक्की से शादी की लेकिन उनकी यह शादी भी ज्यादा दिन तक नहीं टिकी। आखिरकार उन्होंने 30 साल छोटी परवीन दोसांज से शादी कर ली। 

करण सिंह ग्रोवर की तीन शादियां (Karan Singh Grover)


बॉलीवुड और टीवी एक्टर करण सिंह ग्रोवर ने 2016 में बिपाशा बसु से तीसरी शादी की है। इससे पहले वह दो शादियां कर चुके थे। करण की पहली शादी 2008 में टीवी एक्ट्रेस श्रद्धा निगम से हुई थी। तलाक के बाद करण एक साथ दो लड़कियों को डेट करने लगे। एक थी उनकी कोरियोग्राफर निकोल और दूसरी थीं जेनिफर विंगेट। साल 2012 में करण ने जेनिफर से शादी कर ली लेकिन करण जेनिफर के लिए भी लॉयल नहीं रह पाए। सीरियल करते-करते कुछ समय बाद करण को फिल्मों में काम मिलने लगा। उनकी पहली फिल्म 'अलोन' थी। इस फिल्म में करण ने बिपाशा बसु के साथ काम किया था। 

संजय दत्‍त (Sanjay Dutt)

साल 1987 में संजय दत्त ने ऋचा शर्मा से शादी की। इसके बाद 1988 में वो एक बच्ची के पिता बने जिसका नाम त्रिशाला दत्त रखा। 1996 में ब्रेन ट्यूमर के चलते उनकी पत्नी ऋचा की मौत हो गई। इसके बाद संजय ने साल 1998 में रिया पिल्लै से दूसरी शादी कर ली, हालांकि यह शादी सफल नहीं रही और 2005 में दोनों अलग हो गए। 7 फरवरी 2008 को संजय ने तीसरी शादी की। संजय दत्त की तीसरी पत्नी का नाम मान्यता दत्त है। दोनों ने गोवा में शादी की। 

सिद्धार्थ रॉय कपूर (Siddharth Roy Kapur​)

फ‍िल्‍ममेकर सिद्धार्थ रॉय कपूर अदाकारा विद्या बालन के पति हैं। विद्या सिद्धार्थ रॉय कपूर की तीसरी पत्‍नी हैं। उनसे पहले सिद्धार्थ रॉय कपूर ने एक बचपन की दोस्‍त और उसके बाद टीवी प्रोड्यूसर से शादी की थी। बचपन की दोस्‍त से वह 2008 में अलग हो गए थे और टीवी प्रोड्यूसर से उनका 2011 में तलाक हो गया था। 

कमल हासन (Kamal Haasan)

कमल हासन ने सबसे पहले क्‍लासिकल सिंगर वाणी गनपति से शादी की और 10 साल बाद अलग हो गए। इसके बाद उन्‍होंने सारिका से शादी की जिनसे दो बच्‍चे हुए श्रुति और अक्षरा। 2004 में सारिका से तलाक के बाद कमल हासन गौतमी के साथ लिव इन में रहे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार दोनों ने शादी की लेकिन इस पर संशय भी है।

विनोद मेहरा (Vinod Mehra)

70 और 80 के दशक के सुपरहिट एक्‍टर विनोद मेहरा ने पहली बार मीना ब्रोका से शादी की। उसके बाद उन्‍होंने बिंदिया गोस्‍वामी से शादी की। विनोद मेहरा ने एक बार फ‍िर शादी की किरण से। दोनों के दो बच्‍चे हैं सोनिया मेहरा और रोहन मेहरा। 

नीलिमा अजीम (Neelima Azeem)

नीलिमा अजीम बॉलीवुड एक्‍टर शाहिद कपूर और ईशान खट्टर की मां है। सबसे पहले उन्‍होंने साल 1975 में पंकज कपूर से शादी थी। इसके बाद उन्‍होंने राजेश खट्टर से शादी कर ली। नीलिमा ने साल 2004 में तीसरी बार फ‍िर शादी की रजा अली खान से। 

अदनान सामी (Adnan Sami)

जाने माने सिंगर अदनान सामी ने पहली बार साल 1993 में अदाकारा जीबा बख्‍त‍ियार से शादी की। दोनों का एक बेटा है अजान सामी खान। इसके बाद उन्‍होंने दुबई की सबाह गलादरी से शादी। यह शादी 2001 से 2004 तक चली। साल 2010 में उन्‍होंने रोया फरयाबी से शादी की। उनकी एक बेटी है मदीना। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।