लाइव टीवी

Top Bollywood News: बिरजू महाराज का हुआ निधन तो जॉन अब्राहम ने बढ़ाई फीस, जानें बॉलीवुड की आज की बड़ी खबरें

Updated Jan 17, 2022 | 23:19 IST

Bollywood News Of The Day, 17 January 2022: आज बॉलीवुड से कई बड़ी खबरें सामने आई हैं। अमिताभ बच्चन, नव्या नवेली, बिरजू महाराज, जॉन अब्राहम, तैमूर अली खान समेत आज कई टीवी सितारे सुर्खियों में रहे। 

Loading ...
बॉलीवुड की बड़ी खबरें।
मुख्य बातें
  • अब हिंदी में रिलीज होगी 'अला वैकुंटापुरमुलु'
  • अमिताभ बच्चन से नातिन नव्या ने मांगी उनकी हुडी
  • जानें बॉलीवुड की आज की बड़ी खबरें

Top Bollywood News Of The Day, 17 January 2022: रोजाना की तरह आज भी बॉलीवुड से कई बड़ी खबरें सामने आईं जिन्होंने लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। आज बड़े पर्दे के कई सितारों ने सुर्खियों में अपनी जगह बटोरी है। अमिताभ बच्चन, नव्या नवेली, बिरजू महाराज, जॉन अब्राहम, तैमूर अली खान समेत आज कई टीवी सितारे सुर्खियों में रहे। 

बिरजू महाराज का हुआ निधन
मशहूर कथक नर्तक पंडित बिरजू महाराज का निधन हो गया है। उन्होंने 17 जनवरी 2022 को अंतिम सांस ली। उनके पोते स्वरांश मिश्रा ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी दी। उन्होंने बिरजू महाराज की तस्वीर पोस्ट कर लिखा, 'अत्यंत दु:ख और दुख के साथ सूचित किया जाता है कि हमारे परिवार के सबसे प्रिय सदस्य का दुखद और असामयिक निधन हो गया है।' पंडित बिरजू महाराज का जन्म 04 फरवरी 1938 को हुआ था। उनका असली नाम बृजमोहन मिश्रा था। वह कथक नर्तकियों के महाराज परिवार के वंशज थे। उनके दो चाचा, शंभू महाराज और लच्छू महाराज और उनके पिता अचन महाराज भी कथक नर्तक थे। उनके चाचा ने ही उन्हें कथक सिखाया था। वो केवल 9 साल के थे तब उनके पिता का निधन हो गया था। वो कथक नर्तक के साथ- साथ मशहूर गायक भी थे।

अमिताभ बच्चन से नातिन नव्या ने मांगी हुडी
अमिताभ बच्चन सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं। अमिताभ बच्चन ने एक बार फिर अपनी तस्वीरें शेयर की हैं। बिग बी की इन तस्वीरों पर उनकी नातिन नव्या नवेली नंदा ने कमेंट किया तो यूजर्स ने उनसे चुटकी ले ली है। अमिताभ बच्चन की पोस्ट पर नव्या नवेली नंदा ने कमेंट करते हुए लिखा, 'क्या ये हुडी मुझे मिल सकती है?' इस पर यूजर्स ने नव्या नवेली नंदा के मजे लेने शुरू कर दिए। एक यूजर ने रिप्लाई किया, 'आपके पास तो सर खुद ही हैं। हुडी तो मेरे को दे दो।' एक अन्य यूजर ने लिखा, 'तुमको बस हुडी ही चाहिए जाकर मांग लो और क्या।' इस तरह से तमाम यूजर्स कमेंट कर रहे हैं।

जॉन अब्राहम ने बढ़ाई फीस
जॉन अब्राहम एक से बढ़कर एक जबरदस्त एक्शन फिल्में कर रहे हैं। जॉन अब धीरे-धीरे अपनी फीस भी बढ़ा रहे हैं। सत्यमेव जयते और बाटला हाउस के बाद से जॉन अपनी फीस में बढ़ोतरी करते जा रहे हैं। अब रिपोर्ट के मुताबिक जॉन ने अपनी अपकमिंग फिल्म एक विलेन रिटर्न्स के लिए बड़ी रकम मांगी और मेकर्स एक्टर को ये रकम देने के लिए तैयार भी हो गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक जॉन को मोहित सूरी की इस फिल्म के लिए 21 करोड़ में साइन किया है। रिपोर्ट्स की मानें तो जॉन को फिल्म पठान में काम करने के लिए 20 करोड़ रुपये में साइन किया और अब एक विलेन रिटर्न्स के लिए वह 21 करोड़ रुपये ले रहे हैं। 

अब हिंदी में रिलीज होगी 'अला वैकुंटापुरमुलु'
अल्लू अर्जुन की पॉपुलैरिटी इन दिनों आसमान छू रही है। हाल के दिनों में वो सबसे चर्चित स्टार्स में से एक बन चुके हैं। खासकर 'पुष्पा: द राइज' के बाद उनकी लोकप्रियता पहले से और भी काफी ज्यादा बढ़ गई है। पुष्पा के बाद: द राइज दुनिया भर में एक हिट फिल्म बन गई है। पुष्पा की लोकप्रियता और सफलता को भुनाते हुए आला वैकुंठपुरमुलु के निर्माताओं ने फिल्म को हिंदी में डब करने का फैसला किया है। अल्लू अर्जुन की सुपरहिट फिल्म का हिंदी वर्जन 26 जनवरी को पूरे भारत में स्क्रीन पर छाएगा। त्रिविक्रम श्रीनिवास के डायरेक्शन में बनीं अल्लू अर्जुन की अला वैकुंटापुरमुलु ने 2020 में सिनेमाघरों में दस्तक दी थी और एक ब्लॉकबस्टर बन गई थी। अला वैकुंठपुरमुलु का कुल कलेक्शन लगभग 160 करोड़ रुपये रहा है। यह फिल्म वर्तमान में नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम कर रही है और 2020 में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में से एक थी। फिल्म क्रिटिक तरण आदर्श ने इस बारे में ट्वीट कर जानकारी दी है। 

तैमूर अली खान हुए बुरी तरह ट्रोल
तैमूर अली खान सबसे ज्‍यादा चर्चा में रहने वाले स्‍टार किड हैं। उनकी मां करीना कपूर भी अक्‍सर अपने बेटे के क्‍यूट फोटोज-वीडियोज डालकर फैंस को सरप्राइज देती रहती हैं। अब एक बार फिर से तैमूर चर्चा में हैं जिसकी वजह ट्रोलिंग है। दरअसल करीना कपूर खान और सैफ अली खान ने हाल ही में तैमूर अली खान के साथ अपने घर से बाहर कदम रखा था। इस बीच करीना के बेटे तैमूर को पिछले वीकेंड टॉय गन के साथ पोज देते हुए देखा गया। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें तैमूर को पेपराजी पर टॉय गन तानने के लिए बुरी तरह से से ट्रोल किया जा रहा है। वहीं तुर्की के एक आइसक्रीम सेलर का भी पुराना वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें तैमूर का रिएक्शन देखने लायक है। तैमूर का ये वीडियो भी खूब वायरल हो रहा है। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।