लाइव टीवी

ड्रग्स-अश्लील गाने सहित Yo Yo Honey Singh के 5 बड़े विवाद, शाहरुख खान ने जड़ा था शालिनी तलवार के पति को थप्पड़

Updated Aug 06, 2021 | 09:31 IST

Yo Yo Honey Singh 5 Biggest Controversies| हनी सिंह का विवादों से चोली दामन सा रिश्ता है। सिंगर यो यो हनी सिंह उर्फ हिरदेश सिंह एक बार नहीं बल्कि कई बार विवादों के जाल में फंस चुके हैं। जानें लंबी लिस्ट...

Loading ...
Yo Yo Honey Singh 5 Biggest Controversies|
मुख्य बातें
  • शालिनी तलवार ने हनी सिंह और ससुराल वालों के खिलाफ घरेलू हिंसा का मामला कोर्ट में कराया दर्ज।
  • फिल्म प्रमोशन के दौरान शाहरुख खान ने हनी सिंह को जड़ा था थप्पड़, जानें क्या है पूरा मामला।

यो यो हनी सिंह उर्फ हिरदेश सिंह का कंट्रोवर्सी से पुराना नाता है। हनी सिंह हमेशा से विवादास्पद हस्ती रहे हैं, फिर चाहे उनके गाने हों, रैप हो या फिर इंडस्ट्री में किसी के साथ उनकी झड़प। अक्सर वह विवादों के घेरे में उलझे रहते हैं। हालांकि इन दिनों वह लाइमलाइट से काफी दूर हैं। लेकिन पत्नी शालिनी तलवार के गंभीर आरोप के बाद हनी सिंह का नाम एक बार फिर सोशल मीडिया पर सुर्खियों में है। 

शालिनी ने हनी सिंह और ससुराल वालों के खिलाफ शारीरिक, मानसिक और आर्थिक रूप से उत्पीड़न का आरोप लगाया है। शालिनी ने हनी सिंह के खिलाफ दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट में मामला दर्ज करवाया है। इसके अलावा मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो ऐसा पहली बार नहीं है जब हनी सिंह किसी विवाद में पड़े हों इससे पहले भी फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर सिंगर यो यो हनी सिंह विवादों के जाल में फंस चुके हैं। अगर ये कहा जाए कि हनी सिंह का विवादों से चोली दामन सा रिश्ता है तो गलत नहीं होगा। ऐसे में आइए आज हम सिंह के पांच ऐसे पुराने विवादों पर नजर डालते हैं, जिसको लेकर वह सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रहे थे।

जब शाहरुख खान ने हनी सिंह को जड़ा था थप्पड़

एक समय था जब कोई भी बॉलीवुड फिल्म हनी सिंह के बिना सांस नहीं लेती थी। जिस फिल्म में हनी सिंह के गाने की धुन होती थी, वो बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा देती थी। बॉलीवुड के किंग खान ने भी हनी सिंह के गानों की काफी तारीफ की थी। ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ में हनी सिंह का लुंगी डांस अभिनेता को काफी पसंद आया था, जिसके बाद शाहरुख ने हनी सिंह को अपनी अगली फिल्म ‘हैप्पी न्यू ईयर’ में भी काम करने का मौका दिया था। बाद में फिल्म के प्रमोशन के दौरान इस जोड़ी को रॉ नाम के शो में देखा गया, जहां पर हनी सिंह इस शो को होस्ट करते हुए नजर आए थे।

शो के प्रमोशन के दौरान एक खबर सामने आई थी की शाहरुख खान ने हनी सिंह को थप्पड़ मारा, कई दिनों तक यह सोशल मीडिया पर सुर्खियों में बनी रही। इसके बाद कई दिनों तक इंडस्ट्री से गायब हो गए और आज तक इस घटना पर दोनों अभिनेताओं ने कोई सफाई नहीं दी। हालांकि हनी सिंह के करीबी दोस्त अल्फाज ने ऐसी किसी घटना से इनकार किया था। इस दौरान हनी सिंह की पत्नी भी उनका बचाव करने के लिए सामने आई थीं। शालिनी ने बताया था कि शाहरुख, हनी सिंह को अपने छोटे भाई की तरह मानते हैं और उनकी काफी इज्जत करते हैं।

ड्रग्स लेने का आरोप

हनी सिंह काफी दिनों तक लाइमलाइट से दूर रहे थे, ऐसे में कई लोगों द्वारा उनपर नशीली दवाओं के सेवन का आरोप लगाया गया था, मामला तब और गंभीर हो गया जब पॉलीवुड सिंगर जसबीर उर्फ जस्सी ने एक बयान में कहा था, 'मैं हनी सिंह से चंडीगढ़ के एक पुनर्वास केंद्र (रिहेब सेंटर) में मिला था।' इसे किसी ने जसबीर का पब्लिसिटी स्टंट बताया तो कई लोगों ने इस खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि हनी सिंह वास्तव में एक रिहेबिलेशन सेंटर में थे। बाद में जस्सी से उनके इस बयान को लेकर कई सवाल किए गए, लेकिन सिंगर ने सभी सवालों का जवाब देने से इनकार किया था।

जब अपने गानो को लेकर विवादों में घिरे हनी सिंह

यह एक ऐसा विवाद है जिससे आप सब वाकिफ होंगे। हनी सिंह ना केवल एक बार बल्कि कई बार अपने गाने में डबल मीनिंग लिरिक्स और सेक्सिएस्ट रैप को लेकर विवादों के घेरे में खड़े हो चुके हैं। ‘ब्लू आइज’ और ‘मैं हूं बलात्कारी’ गाने के कारण हनी सिंह पर केस भी दर्ज किया जा चुका है, क्योंकि इस गाने को लेकर महिलाओं और कई एनजीओ संगठन ने बवाल मचाया दिया था। हालांकि बाद में अपने फॉरेंसिक वॉयेस एनालिसिस के जरिए हनी सिंह ने यह स्पष्ट करने का प्रयास किया था कि यह उनकी आवाज नहीं है, उनके नाम का कोई गलत इस्तेमाल कर रहा है।

बादशाह को नैनो कार कहने के बाद दोनों में हो गया था टकराव

यो यो हनी सिंह और बादशाह एक जमाने में जिगरी यार हुआ करते थे। इन दोनों सितारो ने मिलकर पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री को बुलंदियों पर पहुंचाया। लेकिन बाद में दोनों के बीच जितनी तगड़ी दोस्ती थी उतनी ही गहरी दुश्मनी भी हो गई। मीडिया खबरों के मुताबिक बीते साल दोनों के बीच मनमुटाव दिल्ली की एक पार्टी में हांतापाई में तब्दील हो गई थी। इससे पहले हनी सिंह ने अपनी फिल्म ‘जोरावर’ के ट्रेलर लॉन्च के दौरान बादशाह की तुलना ‘नैनो’ कार से और अपनी तुलना ‘रोल्स रॉयस’ से की थी।

हनी सिंह और रफ्तार के बीच तकरार

एक समय था जब हनी सिंह और रफ्तार अच्छे दोस्त हुआ करते थे, लेकिन दोनों की दोस्ती में तब दरार आई जब हनी सिंह ने सुपरहिट गाने ‘माफिया मुंदीर’ गाने का सारा क्रेडिट खुद ले लिया। रफ्तार और उस गाने में काम करने वाले लोगों को क्रेडिट नहीं दिया।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।