लाइव टीवी

पंडित नेहरू, इंदिरा गांधी से पीएम नरेंद्र मोदी तक, जानिए किस प्रधानमंत्री की थी कौन सी फेवरेट फिल्म

Updated Sep 18, 2022 | 06:11 IST

PM Favourite films: क्या आप जानते हैं कि देश के प्रधानमंत्रियों की फेवरेट फिल्में कौन सी हैं। इससे पहले हम पीएम मोदी की फेवरेट फिल्म के बारे में आपको बताएं, हम ये सिलसिला देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू से शुरू करते हैं।

Loading ...
PM Favourite Films
मुख्य बातें
  • पीएम मोदी के जन्मदिन पर कई बॉलीवुड सेलेब्स ने दी उन्हें बधाई।
  • सिनेमा और राजनीति का गहरा रिश्ता रहा है।
  • जानिए किस प्रधानमंत्री की कौन सी फिल्म थी फेवरेट।

मुंबई. पीएम नरेंद्र मोदी ने 17 सितंबर को 72वां बर्थडे मनाया। इस दौरान कई बॉलीवुड सेलेब्स ने उन्हें बधाई दी। सिनेमा और सियासत का रिश्ता, जितने दूर का है उतने ही पास का भी। जवाहर लाल नेहरू से लेकर अटल बिहारी वाजपेयी तक भारत के कई पूर्व पीएम फिल्मों के शौकीन रहे हैं। हालांकि, चौधरी चरण सिंह, वीपी सिंह, चंद्रशेखर से लेकर एच.डी देवगौड़ा को फिल्में देखने का शौक नहीं था। लेकिन, क्या आप जानते हैं कि देश के प्रधानमंत्रियों की फेवरेट फिल्में कौन सी हैं।

साल 1954 में आई फिल्म मिर्जा गालिब में सुरैया ने नवाब जान का किरदार निभाया था। ये फिल्म पूर्व पीएम पंडित जवाहर लाल नेहरू को खूब पसंद आई थी। सुरैया से पंडित नेहरू ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा था, 'तुमने तो गालिब की रूह को जिंदा कर दिया।' कहते हैं नेहरूजी सुरैया की सारी फिल्में देखते थे। इसके अलावा वह विदेशी फिल्मों के शौकीन थे। देश के दूसरे पीएम लाल बहादुर शास्त्री को मनोज कुमार की देशभक्ति की फिल्में काफी पसंद थी। मनोज कुमार ने शास्त्री के नारे जय जवान, जय किसान के नारे से प्रभावित होकर उपकार फिल्म बनाई थी। 

Also Read: पीएम मोदी के जीवन पर बन चुकी हैं ये फिल्में और वेबसीरीज, देखिए चायवाले से प्रधानमंत्री बनने का सफर

फिल्म इंडस्ट्री से खट्टा-मीठा था इंदिरा गांधी का रिश्ता 
पूर्व पीएम इंदिरा गांधी को सिनेमा का बेहद शौक था लेकिन, फिल्म जगत से इंदिरा गांधी का खट्टा-मीठा रिश्ता रहा था। रिचर्ड एटनबैरो की फिल्म गांधी के निर्माण में इंदिरा गांधी सरकार ने हर तरह से मदद की थी। हालांकि, इमरजेंसी के दौरान राज बब्बर और शबाना आजमी की फिल्म किस्सा कुर्सी का पर बैन लगा दिया और प्रिंट जला दिए गए थे। इसके अलावा गुलजार की फिल्म आंधी पर भी बैन लग गया था, इसमें मुख्य किरदार इंदिरा गांधी से प्रेरित था।

इस फिल्म के लिए दूरदर्शन में रोके गए समाचार
इंदिरा गांधी के बेटे और पूर्व पीएम राजीव गांधी की पसंदीदा फिल्म जन्म थी। ये फिल्म साल 1985 में दूरदर्शन पर रिलीज हुई थी। डायरेक्टर महेश भट्ट के मुताबिक रात साढ़े आठ बजे दूरदर्शन पर समाचार प्रसारित होने थे। हालांकि, राजीव गांधी की पसंद का ख्याल रखते हुए पहले फिल्म पूरी दिखाई गई, इसके बाद समाचार का प्रसारण किया गया। ऐसा पहली बार हुआ जब दूरदर्शन के समाचार 15 मिनट की देरी से दिखाए गए। 

Also Read:  जन्‍मदिन पर पीएम मोदी को सितारों ने दीं शुभकामनाएं, कंगना ने कहा- आप राम और कृष्ण की तरह अमर हैं

पीवी नरसिम्हा राव और अटल बिहारी वाजपेयी
पूर्व पीएम पीवी नरसिम्हा राव को तेलुगु स्टार राजेंद्र प्रसाद की फिल्में काफी पसंद आती थी। इसका खुलासा खुद एक्टर ने किया था। वहीं, अटल बिहारी वाजपेयी फिल्में खूब देखते थे। भारत रत्न उनकी पसंदीदा फिल्म थी। देवदास, बंदगी और तीसरी कसम जैसी फिल्में उन्हें काफी पसंद थी। हेमा मालिनी ने एक प्रोग्राम में कहा था कि फिल्म सीता और गीता अटली जी को इतनी पसंद आई थी कि उन्होंने इस फिल्म को 25 बार देखा था। इसके अलावा उन्हें हॉलीवुड फिल्में देखने का भी शौक था।

मनमोहन सिंह और पीएम मोदी
साल 2004 से 2014 तक भारत के पीएम रहे डॉक्टर मनमोहन सिंह देवानंद के फैन थे। देवानंद की आत्मकथा की लॉन्चिंग के दौरान उन्होंने बताया था कि वह देवानंद की फिल्मों के शौकीन रहे हैं। 

पीएम नरेंद्र मोदी ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उनके पास फिल्म देखने का वक्त नहीं होता है। पिछले कुछ साल में उन्होंने अमिताभ बच्चन की पा और अनुपम खेर की अ वेडनेसडे देखी थी। देवानंद की फिल्म गाइड पीएम मोदी की फेवरेट फिल्म है।     

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।