लाइव टीवी

Yash Love Story: प्रपोज करने से पहले इस एक्ट्रेस से झूठ बोलते थे KGF एक्टर यश, चार साल पहले की थी शादी

Updated Jan 22, 2021 | 10:09 IST

साल 2018 में रिलीज हुई फिल्म केजीएफ से देशभर में पहचान बनाने वाले एक्टर यश दो बच्चों के पिता हैं। यश ने साल 2016 में एक्ट्रेस राधिका पंडित से शादी की थी।

Loading ...
Actor Yash with Wife Radhika Pandit
मुख्य बातें
  • एक्टर यश ने साल 2012 में कन्नड़ फिल्मों में किया था डेब्यू।
  • यश ने साल 2016 में एक्ट्रेस राधिका पंडित से शादी।
  • जानें कैसी है यश और राधिका की लव स्टोरी।

कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री के जाने माने एक्टर यश आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। यश ने साल 2018 में फिल्म केजीएफ चैप्टर 1 में काम किया, जिसे इतना पसंद किया गया कि वो अब देशभर में जाने जाते हैं। यश का असली नाम नवीन कुमार गोवड़ा है।

यश ने साल 2008 में फिल्म Moggina Manasu से कन्नड़ फिल्मी एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी, जिसमें वो एक्ट्रेस राधिका पंडित के अपोजिट नजर आए थे। जो कि अब उनकी पत्नी हैं। यश और राधिका की शादी को चार साल बीत गए हैं और दोनों के दो बच्चे हैं। जानें कैसी है उनकी लव स्टोरी।  

कैसी थी पहली मुलाकात

यश पहली बार राधिका से साल 2004 में टीवी शो नंदागोकुला (Nandagokula) में मिले थे। पहली मुलाकात में राधिका ने यश से यह सोचकर बात नहीं की थी कि वो बहुत घमंडी होंगे तो वहीं यश ने भी राधिका के बारे में कुछ ऐसा ही सोचा था। 

किस्मत में लिखा था साथ

यश और राधिका की किस्मत में साथ आना लिखा था और शायद इसीलिए पहले शो नंदागोकुला और पहली फिल्म Moggina Manasu दोनों में ही राधिका के अपोजिट किसी और हीरो को फाइनल किया गया था, जिन्हें बाद में यश ने रिप्लेस किया। इसके बाद साल 2012 में फिल्म ड्रामा में यश को लीड एक्टर के तौर पर साइन किया गया जिसमें उनके साथ कोई दूसरी एक्ट्रेस थी, लेकिन इसमें राधिका ने उन्हें रिप्लेस कर दिया और एक बार फिर यश- राधिका की जोड़ी बनी। 

ऐसे हुई दोस्ती

राधिका ने बताया था कि शुरुआत में वो और यश बहुत कम बात करते थे लेकिन शूट के लिए उन्हें एक ही कैब में जाना होता था, जिसके चलते दोनों के बीच बातें होने लगीं और दोनों अच्छे दोस्त बन गए। राधिका यह मानने लगी थीं कि यश उनके लिए ही बने हैं क्योंकि वो जैसी थी, यश के सामने वैसी रह पाती थीं। 

राधिका से झूठ बोलते थे यश

यश का राधिका को प्रपोज करने का तरीका भी काफी अलग और रोमांटिक था। यश राधिका को यह कहते थे कि उनकी जिंदगी में कोई है, जिसे वो बहुत प्यार करते हैं। वहीं दूसरी तरफ राधिका उन्हें बताती थीं कि वो किस तरह उस लड़की से अपने प्यार का इजहार कर सकते हैं। इसके बाद वेलेंटाइंस डे के मौके पर यश ने राधिका को प्रपोज करने का फैसला किया। 

ऐसे किया प्रपोज

यश ने राधिका का वेलेंटाइन डे प्लान पूछने के लिए कॉल किया तो वो अपने पेरेंट्स के साथ फिल्म देखने जा रही थीं। यश राधिका से अपने प्यार का इजहार करना चाहते थे लेकिन हिम्मत नहीं जुटा पाए। वो नहीं जानते थे कि राधिका भी उन्हें पसंद करती हैं या नहीं और नहीं चाहते थे कि दोनों की दोस्ती खराब हो। इसके चलते यश उनकी (राधिका) पसंद का चीजों का गिफ्ट लेकर उसी मॉल में पहुंचे जहां राधिका अपने पेरेंट्स संग फिल्म देखने गई थीं। यश ने ये गिफ्ट राधिका को देने की जगह उनकी कार में 'हैप्पी वेलेंटाइन डे' के मैसेज के साथ रख दिए, जिससे राधिका समझ गई थीं कि यह किसने रखा है। हालांकि दोनों ने ही एक- दूसरे से इसके बारे में बात नहीं की। बाद में यश ने फोन पर राधिका से अपने प्यार का इजहार किया। जिसके 6 महीने बाद राधिका ने उन्हें हां कहा।

साल 2016 में शादी

12 अगस्त 2016 को गोवा में दोनों ने सगाई कर ली और इसके बाद उसी साल 9 दिसंबर को बेंगलुरु में एक प्राइवेट सेरेमनी में दोनों शादी के बंधन में बंध गए। शादी के दो साल बाद 02 दिसंबर, 2018 को दोनों की बेटी का जन्म हुआ जिसका नाम उन्होंने आयरा रखा। इसके बाद 30 अक्टूबर 2019 को दोनों एक बार फिर पेरेंट्स बने और उनके बेटे यथर्व का जन्म हुआ।

शादी के बाद दोनों अपनी पर्सनल लाइफ में काफी खुश हैं और अक्सर एक दूसरे के साथ तस्वीरें शेयर करते रहते हैं। हाल ही में यश अपनी फैमिली के साथ मालदीव में छुट्टियां मनाने गए और इसकी खूबसूरत फोटोज भी शेयर की। इंस्टाग्राम पर यश के 45 लाख तो राधिका के करीब 20 लाख फॉलोअर्स हैं।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।