लाइव टीवी

Raj Kapoor Family Tree: 5 बच्चों और 8 पोते- पोतियों से भरा पूरा है राज कपूर का परिवार, जानें परिवार के हर सदस्य के बारे में

Raj Kapoor Birthday
Updated Dec 14, 2021 | 08:15 IST

Raj Kapoor Birth Anniversary: आज बॉलीवुड को शो मैन राज कपूर का जन्मदिन है। इस मौके पर हम आपको उनके परिवार के बारे में बता रहे हैं।

Loading ...
Raj Kapoor BirthdayRaj Kapoor Birthday
Raj Kapoor Birthday
मुख्य बातें
  • राज कपूर का जन्म 14 दिसंबर 1924 को पेशावर में हुआ था।
  • राज कपूर के 5 बच्चे थे, तीन बेटे और दो बेटियां।
  • आज राज कपूर के जन्मदिन पर जानें उनके परिवार के हर सदस्य के बारे में।

बॉलीवुड एक्टर राज कपूर का आज जन्मदिन है। उनका जन्म 14 दिसंबर 1924 को पेशावर पृथ्वीराज कपूर के घर हुआ था। उनकी गिनती उन महान कलाकारों में होती है, जिन्होंने भारतीय सिनेमा को विदेश तक पहुंचाया। राज कपूर ना केवल जाने माने एक्टर बल्कि फिल्म प्रोड्यूसर और डायरेक्टर भी थे। 

राज कपूर ने साल 1947 में फिल्म नील कमल से बॉलीवुड में लीड एक्टर के तौर पर काम किया था जिसमें वो मधुबाला के अपोजिट नजर आए थे। साल 1948 में 24 साल की उम्र में उन्होंने अपना स्टूडियो आर.के फिल्म्स बना लिया था और वो सबसे कम उम्र के फिल्म डायरेक्टर बन गए थे। उन्होंने कई फिल्में डायरेक्ट की और साथ- साथ एक्टर के तौर पर भी काम करते रहे। 

राज कपूर की फिल्में

फिल्मों की बात करें तो राज कपूर कई फिल्मों में नजर आए जिनमें आग, आवारा, आह, श्री 420, जागते रहो, जिस देश में गंगा बहता है, दास्तां, अनहोनी, चोरी- चोरी, अनाड़ी, दो उस्ताद, छलिया, दिल ही तो है, बूट पॉलिश, सपनों का सौदागर, अराउंड द वर्ल्ड, कल आज और कल, राम तेरी गंगा मैली और दो जासूस जैसी फिल्में शामिल हैं। 

शादी और बच्चे

राज कपूर की पर्सनल लाइफ की बात करें तो उन्होंने साल 1946 में कृष्णा मल्होत्रा से शादी की। दोनों के पांच बच्चे हुए जिनमें तीन बेटे रणधीर कपूर, ऋषि कपूर और राजीव कपूर हैं जबकि दो बेटियां रितु नंदा और रीमा जैन शामिल हैं। 

राज कपूर के बेटे और उनका परिवार

राज कपूर के बेटे रणधीर कपूर ने पूर्व अभिनेत्री बबीता से शादी की और दोनों की दो बेटियां करिश्मा कपूर और करीना कपूर खान हैं। अब करिश्मा कपूर के दो बच्चे हैं एक बेटी समायरा और बेटा कियान। वहीं करीना कपूर के दो बेटे तैमूर और जेह अली खान हैं। 

राज कपूर के दूसरे बेटे और दिवंगत अभिनेता ऋषि कपूर ने एक्ट्रेस नीतू कपूर से शादी की और दोनों के दो बच्चे हुए बेटा रणबीर कपूर और बेटी रिद्धिमा कपूर साहनी। रिद्धिमा की बेटी का नाम समारा साहनी है। 

राज कपूर के सबसे छोटे बेटे राजीव कपूर ने साल 2001 आर्किटेक्ट आरती सबरवाल से शादी की थी लेकिन 2003 में ही दोनों का तलाक हो गया। दोनों की कोई संतान नहीं है। 

राज कपूर की बेटियां और उनका परिवार

राज कपूर की बड़ी बेटी रितु नंदा ने इंडस्ट्रियलिस्ट राजन नंदा से शादी की थी। दोनों के दो बच्चे हैं एक बेटा निखिल नंदा और बेटी नताशा नंदा। निखिल नंदा ने बॉलीवुड महानायक अमिताभ बच्चन की बेटी श्वेता नंदा से शादी की है और दोनों के दो बच्चे हैं। एक बेटी नव्या नवेली नंदा और बेटा अगस्त्य नंदा। 

राज कपूर की छोटी बेटी रीमा जैन ने इंवेस्टमेंट बैंकर मनोज जैन से शादी की। दोनों के दो बेटे अरमान और आदर जैन हैं। 

राज कपूर के तीन बच्चों का निधन

मालूम हो कि राज कपूर के पांच में से तीन बच्चों का निधन हो चुका है। उनकी बेटी रितु नंदा का जनवरी 2020 में निधन हो गया। इसके बाद अप्रैल में ऋषि कपूर का कैंसर से निधन हो गया। साल 2021, फरवरी महीने में उनके बेटे राजीव का भी निधन हो गया। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।