लाइव टीवी

The Family Man 2 एक्ट्रेस सामंथा अक्किनेनी की 5 सुपरहिट फिल्में, कभी आतंकवादी तो कभी किया देशभक्त का रोल

Updated Jun 07, 2021 | 20:40 IST

Samantha Akkineni Films: सामंथा ने द फैमिली मैन 2 में अपने अभिनय का शानदार प्रदर्शन किया है। आपको बता दें इससे पहले भी सामंथा साउथ फिल्म इंडस्ट्री में अपने अभिनय और खूबसूरती का परचम लहरा चुकी हैं।

Loading ...
सामंथा अक्किनेनी
मुख्य बातें
  • मनोज वाजपेयी की ‘द फैमिली मैन 2’ के साथ सामंथा अक्किनेनी ने किया अपना डिजिटल डेब्यू।
  • साल 2018 में रिलीज फिल्म ‘यू टर्न’ में एक राष्ट्रवादी पत्रकार की भूमिका में आई थी नजर।
  • सामंथा ने 'ये माया चेसावे' से रखा था फिल्मी दुनिया में कदम।

साउथ फिल्म इंडस्ट्री की खूबसूरत अभिनेत्रियों में शुमार सामंथा अक्किनेनी इन दिनों अपनी मोस्ट अवेटेड वेब सीरीज ‘द फैमिली मैन 2’ को लेकर काफी सुर्खियों में हैं। इस वेब सीरीज में सामंथा ने मनोज वाजपेयी को कांटे की टक्कर दी है। यानि मनोज वाजपेयी के साथ सामंथा अक्किनेनी के अभिनय को भी दर्शकों द्वारा खूब सराहा जा रहा है। सामंथा के अभिनय को उनके दशक भर के करियर में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शनों में से एक के रूप में देखा जा रहा है।

आपको बता दें ‘द फैमिली मैन 2’ के साथ सामंथा ने अपना डिजिटल डेब्यू किया है, शो में सामंथा ने श्रीलंकाई आतंकवादी राजी की भूमिका का निर्वहन किया है। सामंथा इससे पहले भी फिल्म इंडस्ट्री में अपने अभिनय और खूबसूरती का परचम लहरा चुकी हैं। ऐसे में आइए जानते हैं सामंथा के फिल्मी करियर की 5 सपुर हिट फिल्में।

ये माया चेसावे:
ये माया चेसावे सामंथा के करियर की सुपरहिट फिल्मों में से एक है। इस फिल्म में सामंथा पहली बार पति नागा चैतन्य के साथ नजर आई थी। फिल्म की कहानी एक युवा मैकेनिकल इंजीनियर कार्तिक के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक फिल्म निर्देशक बनने की इच्छा रखता है और अपनी पड़ोसन जेसी के प्यार में पड़ जाता है, जो उससे बड़ी होती है। जेसी आज भी सामंथा के करियर की सबसे प्रतिष्ठित भूमिकाओं में से एक है, इस फिल्म में सामंथा के अभिनय को दर्शकों द्वारा खूब पसंद किया गया था। फिल्म साल 2010 में रिलीज हुई थी।

यू टर्न:
साल 2018 में रिलीज हुई फिल्म ‘यू टर्न’ कन्नड़ फिल्म का साउथ रीमेक है। इस सस्पेंस थ्रिलर फिल्म में सामंथा अक्किनेनी मुख्य भूमिका में नजर आई थी। फिल्म में सामंथा एक युवा पत्रकार की भूमिका में हैं, जोकि रहस्यमयी तरीके से हुई कुछ सड़क दुर्घटनाओं की गुत्थी को सुलझाती हैं। इस फिल्म में एक पत्रकार की भूमिका में सामंथा के किरदार को दर्शकों द्वारा खूब सराहा गया। फिल्म ने समांथा के करियर में चार चांद लगा दिया था।

सुपर डीलक्स:
त्यागराजन कुमारराजा द्वारा निर्देशित साल 2019 में रिलीज ‘सुपर डीलक्स’ सामंथा की सुपरहिट फिल्मों में से एक है। इस फिल्म में विजय, फहद फाजिल, सामंथा अक्किनेनी और राम्या कृष्णन मुख्य भूमिका में नजर आए थे। फिल्म में चार कहानियां एक साथ चलती हैं। इस फिल्म में सामंथा ने अभी तक की सबसे साहसिक और दमदार भूमिका का निर्वहन किया है।

फिल्म में शादी के बाद सामंथा के पति की मृत्यु हो जाती है। नैतिकता के आधार पर बनी यह फिल्म सवाल करती है कि क्या सही है और क्या गलत? तथा यह समझाती है कि किसी के लिए जो सही है, वह जरूरी नहीं की दूसरों के लिए गलत हो।

ओह बेबी:
ओह बेबी दक्षिण कोरियाई फिल्म का साउथ रीमेक है। बी.वी नंदिनी रेड्डी द्वारा निर्देशित यह फिल्म कॉमेडी से भरपूर है। फिल्म में सामंथा अक्किनेनी मुख्य भूमिका में नजर आई थी। फिल्म की कहानी क्या होगा यदि हमें जीवन जीने और उन चीजों को बदलने का दूसरा मौका मिले जो हम पहली बार नहीं कर पाए, इस पर आधारित है।

यह सामंथा अक्किनेनी का फुल लेंथ कॉमेडी में पहला प्रयास था। फिल्म की पूरी कॉमेडी बेबी की नई वास्तविकता के साथ आने के संघर्ष पर टिकी हुई है। फिल्म में भले ही उसकी उम्र 24 साल है, लेकिन वह अपने व्यवहार से 70 वर्षीय बिंदास मां है।

मजिली:
शिव निर्वाण द्वारा निर्देशित ‘मजिली’ में सामंथा अक्किनेनी और नागा चैतन्य पहली बार शादी के बाद नजर आए थे। यह उनकी शादी के बाद पहली फिल्म थी। फिल्म की कहानी ने दर्शकों के दिलों को छू लिया था, फिल्म में नागा चैतन्य ने पूर्णा का किरदार निभाया है।

पूर्णा जो एक बेहतरीन क्रिकट प्लेयर है, उसे एक लड़की से प्यार हो जाता है। लेकिन उनकी प्रेम कहानी अचानक समाप्त हो जाती है, क्योंकि उसके माता पिता उनके इस रिश्ते का नाखुश होते हैं और पूर्णा का विवाह सामंथा अक्किनेनी से हो जाता है। शादी के बाद भी पूर्णा अपनी प्रमिका को भुला नहीं पाता और वह हमेशा शराब के नशे में धुत्त रहता है। सामंथा अपने पति की प्रेमिका को ढ़ूढने में मदद करती है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।