लाइव टीवी

8 फरवरी की 5 बड़ी बॉलीवुड खबरें: धोखाधड़ी के आरोप पर सनी लियोनी ने रखी अपनी बात, जंगल सफारी पर निकले आयुष्मान

Updated Feb 08, 2021 | 21:19 IST

8 February Bollywood News: आज हिंदी फिल्मी दुनिया से कई अहम और दिलचस्प खबरें सामने आईं। एक नजर ऐसी ही कुछ बड़ी खबरों पर।

Loading ...
आज की बड़ी बॉलीवुड खबरें

बॉलीवुड में रोजाना कोई न कोई हलचल बनी रहती है। सोमवार को  यानी 8 फरवरी को भी हिंदी फिल्मी दुनिया से कई अहम और दिलचस्प खबरें सामने आईं। एक तरह जहां सनी लियोनी ने धोखाधड़ी के आरोप पर खुलकर अपनी बात रखी तो दूसरी तरफ एक्टर आयुष्मान खुराना जंगल सफारी पर निकल गए। आइए आपको ऐसी ही 5 बड़ी खबरों से रूबरू करवाते हैं। 

धोखाधड़ी के आरोप पर क्यों बोलीं सनी लियोनी

हाल ही में सनी लियोनी पर 29 लाख रुपए की धोखाधड़ी का आरोप लगा था। यह आरोप कोच्चि और इसके आसपास के क्षेत्रों में इवेंट्स कराने वाले आर शियास ने लगाया था। कोच्चि क्राइम ब्रांच ने धोखाधड़ी केस में शुक्रवार को सनी लियोनी का बयान भी दर्ज किया था। अब एक्ट्रेस ने इस मुद्दे पर अपनी बात रखी है। उन्होंने खुद पर लगे धोखाधड़ी के आरोप को गलत करार देते हुए कहा कि आधी-अधूरी जानकारी बेहद खतरनाक होती है। उन्होंने कहा कि जो डील हुई, उसमें उन्हें समय पर पैसे नहीं दिए गए थे। सनी ने इवेंट ऑर्गेनाइजर पर गलत सूचना साझा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि कानून इस पर जरूर कार्रवाई करेगा।

'मैंने कभी जेंडर भेदभाव का सामना नहीं किया'

करीना कपूर ने खुलासा किया है कि उन्होंने अपने करियर में कभी भी जेंडर भेदभाव का सामना नहीं किया है। एक्ट्रेस का कहना है कि वह हमेशा उन पुरुषों से घिरी रही हैं, जो नारीवादी हैं। करीना ने एक पोर्टल से बातचीत कहा कि मैंने कभी भी सेक्सिज्म (लिंग के आधार पर भेदभाव ) का सामना नहीं किया। लेकिन मैं ऐसे कई दोस्तों को जानती हूं, जो दुर्भाग्य से नियमित रूप से पितृसत्ता और कुप्रथाओं का शिकार होते रहते हैं। मैं खुद को भाग्यशाली मानती हूं क्योंकि मेरे आसपास कई ऐसा पुरुष हैं जो फेमिनिस्ट हैं।

मिया खलीफा ने प्रियंका की चुप्पी पर उठाया सवाल

किसान आंदोलन के सपोर्ट में लेबनानी-अमेरिकी पूर्व पोर्न स्टार मिया खलीफा लगातार सोशल मीडिया पर एक्टिव हैं। अब उन्होंने किसान आंदोलन पर प्रियंका चोपड़ा जोनास की चुप्पी पर सवाल उठाया है।  मिया ने अपने एक ट्वीट में प्रियंका चोपड़ा पर निशाना साधते हुए पूछा कि किसान आंदोलन पर आखिर वह खामोश क्यों हैं? मिया ने ट्वीट किया, 'क्या मिसेज जोनास कभी कुछ बोलेंगी? मुझे उत्सुकता है। यह मुझे बेरूत की बर्बादी पर शकीरा की खामोशी जैसा लग रहा है। चुप्पी।' बता दें कि प्रियंका चोपड़ा ने दिसंबर में सोशल मीडिया पर किसान आंदोलन के सपोर्ट में ट्वीट किया था। उन्होंने लिखा था, 'किसान हमारे खाद्य सैनिक हैं। उनके डर को दूर करने की सख्त जरूरत है।'
 

फिर साथ आ रहे हैं महेश भट्ट और विक्रम भट्ट 

'राज', 'राज 3' और 'राज रीबूट' जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुके महेश भट्ट और विक्रम भट्ट एक बार फिर साथ आ रहे हैं। दोनों ने हॉरर फिल्म 'कोल्ड' के लिए फिर से साथ आने का फैसला किया है। निर्देशक विक्रम भट्ट ने कहा कि पिछले एक साल से दुनिया एक भयंकर दौर से होकर गुजर रही है और ऐसे में सभी को कुछ राहत की जरूरत है और 'कोल्ड' के जरिए लोगों को यही दिलाई जाएगी। वहीं, विक्रम को उम्मीद है कि 'राज' के बीस साल बाद 'कोल्ड' में वह अपने 'मेंटर' महेश भट्ट के साथ मिलकर हॉरर शैली को एक नए सिरे से परिभाषित कर पाएंगे। फिल्म 'कोल्ड' की कहानी महेश भट्ट और सुचित्रा सेन गुप्ता ने मिलकर लिखी है जबकि विक्रम भट्ट इसका निर्देशक कर रहे हैं। 

जंगल सफारी पर निकले आयुष्मान खुराना

एक्टर आयुष्मान खुराना इन दिनों 'अनेक' की शूटिंग के सिलसिले में असम में हैं। साथ में एक्टर का परिवार भी है। आयुष्मान परिवार के साथ दंगल सफारी का लुत्फ उठा रहे हैं। वह जिप्सी से काजीरंगा नैशनल पार्क और टाइगर रिजर्व में घूम रहे हैं। एक्टर ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर पोस्ट की है, जिसमें वह अपनी पत्नी ताहिरा कश्यप, बेटे विराजवीर और बेटी वरुष्का के साथ दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने ने तस्वीर शेयर करते हुए कैप्शन लिखा, 'काजीरंगा की जिप्सियां। फरवरी 2021' बता दें कि आयुष्मान ने हाल ही में फिल्म 'चंडीगढ़ करे आशिकी' की शूटिंग कंप्लीट की है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।