लाइव टीवी

Bal Shiva TV Serial की कास्ट है दमदार, महाभारत के शकुनि से TV के फेमस हनुमान तक, इन दिग्गजों को किया साइन

Updated Sep 06, 2021 | 13:07 IST

TV Serial Bal Shiva Star cast Story Time All details: टीवी सीरियल बाल शिव से मौली गांगुली लंबे ब्रेक के बाद टेलीविजन पर वापसी कर रही हैं। जानें बाल शिव की तगड़ी स्टारकास्ट..

Loading ...
बाल शिव की स्टारकास्ट
मुख्य बातें
  • टेलीविजन पर अब भगवान शिव का बाल रूप देखने को मिलेगा।
  • पहली बार भगवान शिव की बचपन की अनकही और अनसुनी कहानी को लाया जा रहा है।
  • टीवी पर नया माइथोलॉजिकल शो बाल शिव शुरू हो गया है। 

छोटे परदे पर पौराणिक कहानियां हमेशा से ही दर्शकों के बीच लोकप्रियता का केन्द्र रही हैं। पौराणिक कहानियों से दर्शकों में उम्मीद की एक किरण जागती है। देवी-देवताओं की कथाओं के बीच, भगवान शिव की रोचक कहानियां हमेशा से लोगों का ध्यान खींचती आई हैं। अब टेलीविजन पर उनका एक अवतार ऐसा भी दिखेगा जिसकी ज्यादा बात नहीं की गई है और न ही उसे दिखाया गया है। ये उनका बाल रूप है जिसे टेलीविजन पर पहली बार भगवान शिव की अनकही और अनसुनी कहानी के जरिए लाया जा रहा है। टीवी पर नया माइथोलॉजिकल शो बाल शिव शुरू हो गया है। 

महादेव की अनदेखी गाथा पर बेस्ड बाल शिव, 31 अगस्त से सोम-शुक्र रात 8 बजे प्रसारित किया जा रहा है। टीवी सीरियल बाल शिव की कहानी तो खास है ही साथ ही इसकी स्टारकास्ट भी काफी तगड़ी है। जानें बाल शिव की स्टारकास्ट...

मौली गांगुली
मौली गांगुली ने हिंदी और बंगाली दोनों सिनेमा में काम किया है। उनको एकता कपूर के लोकप्रिय हिट सीरियल कहीं किसी रोज से प्रसिद्धि मिली थी। आखिरी बार मौली को शक्ति अस्तित्व के अहसास की में देखा गया था। अब मौली गांगुली ने दो साल के लंबे ब्रेक के बाद टेलीविजन पर वापसी की है। मौली ने कमबैक के लिए पौराणिक शो बाल शिव को चुना है। मौली गांगुली सीरियल में देवी अनुसूया का अहम किरदार निभा रही हैं।

आन तिवारी
जैसा कि बाल शिव में उनके बचपन और आत्म-ज्ञान के कई अध्यायों को दिखाया जाएगा। इसके माध्यम से मां अनुसूया और बेटे की एक अनकही पौराणिक कथा दिखाई जाएगी। बाल शिव का रोल सीरियल में आन तिवारी कर रहे हैं। आन ने बताया, 'मुझे भगवान शिव बहुत अच्छे लगते हैं। मैंने उनके कुछ मंत्रों को पूरे दिल से याद किया है और मैं बिना किसी परेशानी के उनको दोहरा सकता हूं। सेट पर हर कोई मेरा ख्याल रखता है। प्रोडक्शन टीम भी मुझे बहुत लाड़ करती है। मुझे बधाई के लिए काफी सारे कॉल आ रहे हैं।'

सिद्धार्थ अरोड़ा 
सिद्धार्थ ने कलर्स टीवी के शो मुक्ति बंधन से करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने 2013 से डोली अरमानो की, तुम ना मैंने कुछ कहा 2 और लाडो - वीरपुर की मर्दानी में भी काम किया है। साल 2012 में फिल्म ये जो मोहब्बत है से एक्टर ने बॉलीवुड डेब्यू किया था। अब सिद्धार्थ बाल शिव में महादेव की भूमिका निभाएंगे। 

जया भट्टाचार्य 
टीवी अदाकारा जया भट्टाचार्य को सीरियल में पार्वती की भूमिका निभाते हुए देखा जाएगा। जया भट्टाचार्य छोटे परदे की दिग्गज एक्ट्रेसेस में से एक हैं। उन्होंने क्योंकि सास भी कभी बहू थी, झांसी की रानी, थपकी प्यार की, बनू मैं तेरी दुल्हन, हातिम, कसम से, गंगा, कैसा ये प्यार है, जय हनुमान, करम अपना-अपना, वो रहने वाली महलों की, अंबर धारा जैसे तमाम शोज में काम किया है। 

कृप कपूर सूरी
कृप एक मॉडल और जाने माने अभिनेता हैं। उनको साड्डा हक के लिए जाना जाता है। इसके अलावा कृप कपूर सूरी ने जीत गई तो पिया मोरे में सीरियल में और राधाकृष्ण शो में दुर्योधन की यादगार भूमिका निभाई थी। अब बाल शिव में वो असुर अंधक का किरदार निभा रहे हैं। 

प्रणीत भट्ट 
बाल शिव टीवी सीरियल में प्रणीत भट्ट नारद मुनि की भूमिका में नजर आने वाले हैं। प्रणीत भट्ट एक भारतीय टेलीविजन अभिनेता हैं उन्हें महाभारत निभाई गई शकुनि की भूमिका के लिए जाना जाता है। 

दानिश अख्तर सैफी 
दानिश अख्तर सैफी पहलवान से अभिनेता बने हैं। उनको सिया के राम में हनुमान की भूमिका निभाने के लिए जाना जाता है। उन्होंने 2019 की कन्नड़ फिल्म कुरुक्षेत्र में भीम के किरदार में अपनी फिल्मों में शुरुआत की थी। बाल शिव शो में दानिश, नंदी का किरदार निभा रहे हैं। 

आपको बता दें, बाल शिव की कास्ट में और भी कई अहम कलाकार हैं। दक्ष अजीत सिंह शो में इंद्र का रोल, अंजिता पूनिया को इंद्राणी के रूप में, रवि खानविलकर को आचार्य दंडपानी के रूप में, राजीव भारद्वाज को ऋषि अत्री के रूप में, पल्लवी प्रधान को मैना देवी और शिव्या पठानिया को भी बाल शिव की स्टारकास्ट में देखा जाएगा।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।