लाइव टीवी

4 साल के लिए गुमनाम हो गए थे Naagin 5 के एक्टर शरद मल्होत्रा, टीवी छोड़कर बॉलीवुड में जाना पड़ा था महंगा

Updated Dec 14, 2020 | 14:03 IST

Sharad Malhotra Facts : छोटे परदे पर दिव्यांका त्रिपाठी संग बनूं मैं तेरी दुल्हन से पॉपुलैरिटी पाने के बाद शरद मल्होत्रा ने ब्रैक ले लिया था। इस वजह से चले गए थे विदेश...

Loading ...
शरद मल्होत्रा।
मुख्य बातें
  • लंबे टाइम बाद शरद मल्होत्रा का कोई सीरियल फिर से पॉपुलैरिटी पा रहा है।
  • शरद को बनूं मैं तेरी दुल्हन से पब्लिसिटी मिली, ये वही शो है जिसने उनको रातोंरात स्टार बना दिया। 
  • शरद मल्होत्रा जब पीक पर थे तो उन्होंने अपने टीवी करियर से ब्रेक ले लिया था।

टीवी सीरीज नागिन छोटे परदे के सबसे पॉपुलर शो में से एक बन चुकी है। इस लोकप्रिय धारावाहिक में अब तक जिन जिन स्टार्स ने काम किया, उनको घर-घर खूब पॉपुलैरिटी मिली। फिलहाल नागिन का पांचवां सीजन भी खूब धूम मचा रहा है। शो में सुरभि चंदना, शरद मल्होत्रा और मोहित सहगल लीड रोल निभा रहे हैं। तीनों ही स्टार को नागिन-5 में खूब पसंद किया जा रहा है। लंबे टाइम बाद टीवी अभिनेता शरद मल्होत्रा का कोई सीरियल फिर से पॉपुलैरिटी पा रहा है। शरद को खासतौर पर बनूं मैं तेरी दुल्हन से पब्लिसिटी मिली, ये वही शो है जिसने रातोंरात शरद को स्टार बना दिया। 

सीरियल इतना सुपरहिट हुआ कि शरद मल्होत्रा घर-घर चर्चित चेहरा बन गए। अधिकांश अभिनेता अपने पहले सीरियल के हिट होने के बाद आगे भी ऐसे ही शोज करना चाहते हैं। लेकिन शरद का कुछ अलग प्लान था। इसीलिए शरद मल्होत्रा जब पीक पर थे तो उन्होंने अपने टीवी करियर से ब्रेक ले लिया और एक्टिंग सीखने के लिए विदेश चले गए। यहां एक्टर ने न्यूयॉर्क फिल्म अकादमी में दाखिला ले लिया।

दरअसल शरद मल्होत्रा को बनूं मैं तेरी दुल्हन के सक्सेसफुल होने से लगा था कि वो बॉलीवुड में भी इसी तरह की सफलता हासिल कर पाएंगे। इसीलिए विदेश से एक्टिंग सीखकर आने के बाद शरद मल्होत्रा ने बॉलीवुड में हाथ आजमाने का फैसला किया। इतना ही नहीं शरद अगले शाहरुख खान बनने का सपना देख रहे थे, लेकिन उनको झटका तब लगा जब उनकी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर बैक टू बैक फ्लॉप हो गईं। 

2009 में बनूं मैं तेरी दुल्हन के खत्म होने के बाद, शरद ने 2012 में सिडनी विद लव के साथ बड़े पर्दे पर अपनी शुरुआत की। 2016 में उनकी दूसरी फिल्म एक तेरा साथ आई। दोनों ही फिल्में बॉक्स ऑफिस पर कुछ कमाल नहीं दिखा सकीं। 

इंटरव्यू में छलका था शरद मल्होत्रा का दर्द
द टाइम्स ऑफ इंडिया के साथ एक साक्षात्कार में शरद मल्होत्रा ने इस बारे में बात की थी। अभिनेता ने बताया था कि वह अपनी फिल्मों की असफलता के बाद चार साल के लिए एक गुमनाम हो गए थे। बकॉल शरद मल्होत्रा, 'मेरे शो हिट होने के बाद, मैं इस धारणा के में था कि मैं अगला शाहरुख खान बनूंगा। मैंने दो फिल्मों सिडनी विद लव और एक तेरा साथ में अभिनय किया और दोनों ही बड़ी फ्लॉप रहीं। मुझे लगा जैसे मेरे सपने चकनाचूर हो गए। मेरे लिए इस तथ्य को स्वीकार करना मुश्किल था कि मेरी फिल्में चली नहीं। यह मेरे जीवन का सबसे बुरा दौर था क्योंकि मैंने पहले ही टीवी शो करने के बारे में सोचना बंद कर दिया था।'

4 साल रहे सबसे दूर, आध्यात्म की ओर कर लिया था रुख
शरद मल्होत्रा इस सेटबैक से निपट नहीं सके इसलिए उन्होंने खुद को सभी से दूर कर लिया था। 'चार साल तक, मैं सभी से दूर रहा। आखिरकार मैंने आध्यात्मिकता की ओर रुख किया। रोजाना ध्यान लगाया और एक्सरसाइज करने पर ध्यान केंद्रित किया। पर्याप्त साहस जुटाने के बाद फिर काम की तलाश के लिए आत्मविश्वास जुटाने में ही मुझे कम से कम दो साल लग गए। टेलीविजन इंडस्ट्री ने फिर से मेरी स्वागत किया।'


आपको बता दें, शरद को टीवी सीरियल कसम तेरे प्यार की, भारत का वीर पुत्र- महाराणा प्रताप और मुस्कान जैसे शो के लिए भी जाना जाता है। वो बॉक्स क्रिकेट लीग 2 और कॉमेडी नाइट्स बचाओ का भी हिस्सा रहे हैं। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।