लाइव टीवी

Faridabad News:सलाम है 75 साल के बुजुर्ग शख्स को! पड़ोसी महिला की मदद को आए आगे और दबोचा हथियारबंद बदमाश को

Updated Jul 13, 2022 | 20:51 IST

Faridabad News: बल्लभगढ़ सेक्टर-चार आर में बुजुर्ग महिला को गन प्‍वाइंट पर बंधक बना कर लूटपाट करने वाला दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार हो गया है। पुलिस ने पूछताछ के लिए दोनों आरोपियों का तीन दिन का रिमांड हासिल किया है। वहीं दूसरी तरह एक बदमाश को दबोचने वाले 75 वर्षीय बुजुर्ग श्रीचंद शर्मा को उनकी इस साहस और बहादुरी के लिए पुलिस कमिश्‍नर विकास अरोड़ा ने 5000 रुपये नकद और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspRepresentative Image
गन प्‍वाइंट पर लूटपाट करने वाला बदमाश गिरफ्तार
मुख्य बातें
  • गन प्‍वाइंट पर बुजुर्ग महिला से लूटपाट करने वाला गिरफ्तार
  • बदमाश को दबोचने वाले बुजुर्ग को कमिश्‍नर से मिला सम्‍मान
  • गिरफ्तार बदमाश पहले महिला के घर में करता था पानी सप्‍लाई

Faridabad News: जिले के बल्लभगढ़ सेक्टर चार— आर में बुजुर्ग महिला को गन प्‍वाइंट पर बंधक बना कर लूटपाट करने वाले फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं इस घटना में बदमाशों से भिड़कर एक बदमाश को दबोचने वाले 75 वर्षीय बुजुर्ग श्रीचंद शर्मा को उनके इस साहस और बहादुरी के लिए पुलिस कमिश्‍नर विकास अरोड़ा ने 5000 रुपये नकद और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस घटना ने साबित कर दिया है उम्र सिर्फ नंबर है, दूसरों की मदद करने का जज्बा और हिम्मत हमेशा आपके अंदर होती है। 

बता दें कि सेक्टर चार—आर में रहने वाली 65 वर्षीय जयवती शर्मा को अकेला देखकर दो बदमाशों ने उनके घर पर धावा बोल दिया था। पुलिस ने बताया कि दोनों बदमाश जब बिजली कर्मी बनकर अंदर घुसे, तब बुजुर्ग महिला अपने बेटी से वीडियो कॉल पर बात कर रही थी। बदमाशों ने जब महिला को गन प्‍वाइंट पर बंधक बनाया तो यह घटना बेटी ने देख ली और इसकी जानकाररी पड़ोस में रहने वाले बुजुर्ग श्रीचंद शर्मा को फोन कर दी। जिसके बाद महिला को बचाने पहुंचे श्रीचंद अकेले ही बदमाशों से भीड़ गए और उन्होंने एक बदमाश को दबोच लिया। बाद में आरोपित को पुलिस के हवाले कर दिया गया।

बदमाश जानता था कि महिला अकेली रहती है

आरोपियों के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि इस लूटपाट में शामिल एक बदमाश की पहचान बुलंदशहर उत्तर प्रदेश निवासी अमित और दूसरे की गांव सिहानी जिला गाजियाबाद उत्तर प्रदेश निवासी राजकुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपितों से घटना में प्रयोग की गई मोटरसाइकिल व हथियार बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपित अमित पहले घरों में पानी की आपूर्ति करता था। तभी उसकी जान पहचान राजकुमार से हुई। अमित महिला के घर में भी पानी लाता था, इसलिए महिला के बारे में उसे पूरी जानकारी थी। महिला को अकेली समझकर दोनों ने लूटपाट करने की साजिश बनाई थी। पुलिस ने बुधवार को दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए तीन दिन के रिमांड पर लिया है। अब इनसे लूट का सामना बरामद किया जाएगा।