लाइव टीवी

उत्तर प्रदेश का 'भाई-चारा': दुल्हन के घर जाने की जगह बारात लेकर थाने पहुंचा दूल्हा, ये रखी शर्त

Updated May 16, 2022 | 17:47 IST

उत्तर प्रदेश के एक दूल्हे ने शादी के लिए ऐसी शर्त रख दी, जिसे सुन सभी हैरान रह गए। मजे की बात तो ये है कि ये मांग दुल्हन के परिवारजनों से नहीं, बल्कि पुलिस से की गई। जब उन्हें दूल्हे की ये अजीब मांग पता चली तो उन्होंने पुलिस से दूल्हे और उसके घर वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर डाली।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspBCCL
प्रतीकात्मक तस्वीर
मुख्य बातें
  • थाने पहुंची बारात को देख दंग रह गए सब
  • चचेरे भाई की रिहाई के लिए उठाया कदम
  • देर रात तक दोनों पक्षों को समझाती रही पुलिस

अक्सर ऐसे मामले सामने आते हैं, जब दूल्हे और उनके परिजन शादी में बड़ी मांगें रखते हैं। कोई मोटरसाइकिल—कार मांगता है तो कोई रुपए, जमीन, मकान की मांग करता है। लेकिन उत्तर प्रदेश के एक दूल्हे ने शादी के लिए ऐसी शर्त रख दी, जिसे सुन सभी हैरान रह गए। मजे की बात तो ये है कि, ये मांग दुल्हन के परिवारजनों से नहीं, बल्कि पुलिस से की गई। दरअसल, उत्तर प्रदेश के अमरोह में बीते दिन एक दूल्हा बारात लेकर दुल्हन के घर जाने की जगह सीधा पुलिस स्टेशन जा पहुंचा। पुलिस स्टेशन के बाहर बैंड बाजा बचते देख पहले तो पुलिस भी कुछ समझ नहीं पाई।

जब बारात पुलिस स्टेशन लाने का कारण पूछा गया तो दूल्हे ने मांग रखी कि, जेल में बंद उसके चचेरे भाई को रिहा किया जाए। जब तक भाई रिहा नहीं होगा, तब तक वह बारात लेकर दुल्हन के घर नहीं पहुंचेगा। दूल्हे की ये अजीब मांग सुन कर पुलिस भी दंग रह गई। वहीं दुल्हन के परिजन बारात न पहुंचने से परेशान हो गए। जब काफी इंतजार के बाद भी बारात विवाह स्थल पर नहीं पहुंची तो उन्होंने कारण पता लगवाया। जब उन्हें दूल्हे की ये अजीब मांग पता चली तो उन्होंने पुलिस से दूल्हे और उसके घर वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर डाली। 

देर रात तक पुलिस सुलझाती रही मामला 

दीदौली थाना पुलिस ने बताया कि, किसी मामले में दुल्हन के पिता ने ही दूल्हे के चचेरे भाई के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया था। वहीं दुल्हे की ये मांग उसपर ही उल्टी पड़ गई। दुल्हन के परिजनों ने साफ कहा कि, वे दूल्हे के इस व्यवहार के लिए उसके खिलाफ भी मामला दर्ज करवाना चाहते हैं। हालांकि पुलिस ने बात संभाली और दोनों पक्षों को बैठाकर विवाद सुलझाया। पुलिस ने कहा कि, क्योंकि दूल्हे का भाई हिरासत में है, तो उसे कानूनी कार्रवाई के तहत ही छोड़ा जा सकता है। शनिवार देर रात तक पुलिस मामले को सुलझाती रही। जिसके बाद दोनों पक्षों में समझौता हुआ। 

दूसरी बार शादी कर रहा था कपल 

उधर, जांच में पता चला कि, दूल्हा और दुल्हन पहले ही शादी कर चुके थे। इतना ही नहीं सामूहिक विवाह अनुदान योजना का भी उन्होंने लाभ उठाया था। अब वे समाज के लिए फिर से शादी समारोह का आयोजन कर रहे थे।