लाइव टीवी

Cheating on Women : खुद को इंजीनियर बता भारतीय महिलाओं से ठगी करने वाला नाईजीरियन गिरफ्तार

Updated Mar 31, 2022 | 19:44 IST

Cheating on Women: शादी का झांसा देकर महिलाओं के साथ ठगी करने वाले एक नाईजीरियन युवक को गाजियाबाद की साइबर सेल ने गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को शिकागो में इंजीनियर बताकर शादी की बात करता था। इस गिरोह में भारतीय महिलाएं भी शामिल थी।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
भारतीय महिलाओ से ठगी करने वाला नाईजीरियन युवक गिरफ्तार
मुख्य बातें
  • आरोपी खुद को बताता था शिकागो में इंजीनियर
  • भारत में वर्ष 2013 से अवैध रूप से रह रहा था
  • एक महिला ने दर्ज कराई थी 35 लाख रुपये ठगने की शिकायत

Cheating on Women: गाजियाबाद की साइबर सेल ने वैवाहिक साइटों के माध्‍यम से भारतीय युवतियों को शादी का झांसा देकर ठगने वाले एक नाइजीरियन युवक को गिरफ्तार किया है। यह युवक अपने गिरोह के साथ मिलकर अब तक सैकड़ो युवतियों से करोड़ों रुपये की ठगी कर चुका है। पुलिस ने आरोपित के पास से एक लैपटाप, दो मोबाइल फोन और तीन एटीएम कार्ड बरामद किए हैं।

इस गिरफ्तारी के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि आरोपित नाईजीरियन युवक खुद को शिकागो में आइटी इंजीनियर बताकर भारतीय युवतियों से वैवाहिक साइटों पर संपर्क साधता था और उन्हें शादी का झांसा देकर उनसे मोटी रकम ऐंठ लेता था। आरोपी से पूछताछ में पता चला है कि, यह वर्ष 2013 से अवैध रूप से भारत में रहकर ठगी के इस धंधे को चला रहा है। अब पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश में जुटी है।

इंजीनियर युवती से ठगा 35 लाख रुपये

घटना की जानकारी देते हुए साइबर सेल के नोडल अधिकारी सीओ इंदिरापुरम अभय कुमार मिश्र ने बताया कि, शहर के सिहानी गेट थाना क्षेत्र की रहने वाली एक इंजीनियर युवती ने अपने साथ हुई 35 लाख रुपये की ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने नाईजीरिया निवासी ममादूकोलू उदेकवे साइपीरियन को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ठगी का यह खेल मेघालय निवासी इबा पीडियन घुन एम नोनगेसाई जे नाम की महिला के साथ मिलकर खेल रहा था। आरोपित की महिला साथी ने एक नाईजीरिया निवासी युवक से शादी कर रखी है, जो पकड़े गए आरोपित का दोस्त है। पुलिस जांच के दौरान पता चला कि मेघालय निवासी महिला की फर्जी आइडी पर तमाम बैंक खाते खोल रखे थे। आरोपित के भारत में आठ और नाइजीरिया में दो बैंक खाते ट्रेस हुए हैं। भारतीय खातों में 90 लाख रुपये की ट्रांजेक्शन पुलिस को मिली है।

अवैध रूप से भारत में रह रहा आरोपी

पकड़ा गया आरोपी ममादूकोलू उदेकवे साइपीरियन वर्ष 2013 में एक महीने के वीजा पर भारत आया था। इसके बाद वह वापस नहीं गया। आरोपी दिल्ली के मोहन गार्डन इलाके में पिछले नौ सालों से अवैध रूप से रह रहा था। अक्तूबर 2017 में उसके पासपोर्ट की अवधि भी समाप्त हो चुकी है।