लाइव टीवी

Gurugram Property Tax: शहर में सवा लाख नए संपत्ति मालिकों की पहचान, निगम की तरफ से भेजा जा रहा टैक्‍स नोटिस

Updated Jun 18, 2022 | 12:55 IST

Gurugram Property Tax: गुरुग्राम नगर निगम द्वारा कराए गए सर्वे में शहर के अंदर करीब सवा लाख नई प्रॉपर्टीज की पहचान हुई है। अब सभी प्रॉपर्टी मालिकों को निगम की तरफ से नोटिस भेजा जा रहा है। नोटिस भेजने की यह प्रक्रिया 15 जुलाई तक चलेगी। निगम क्षेत्र में अब करीब पांच लाख प्रॉपर्टी टैक्‍स के दायरे में हैं।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspRepresentative Image
गुरुग्राम में 5 लाख प्रॉपर्टी आई हाउस टैक्‍स के दायरे में
मुख्य बातें
  • गुरुग्राम में सवा लाख नए प्रॉपर्टी आई टैक्‍स के दायरे में
  • निगम की तरफ से सभी प्रॉपर्टी मालिकों को भेजा जा रहा नोटिस
  • प्रॉपर्टी की सर्वे में हुई गड़बड़ियों पर सुनवाई के लिए लगेगा कैंप

Gurugram Property Tax: गुरुग्राम शहर में रहने वाले लाखों लोगों को अब नगर निगम को प्रॉपर्टी टैक्‍स देना पड़ेगा। नगर निगम की तरफ से ऐसे लोगों की पहचान कर इन्‍हें नोटिस भेजने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। निगम की तरफ से इस बार सवा लाख नए संपत्ति मालिकों को प्रॉपर्टी टैक्‍स के लिए नोटिस भेजा जाएगा। 

निगम की तरफ से अब तक ढाई लाख प्रॉपर्टी मालिकों को नोटिस भेजे जा चुके हैं। निगम अधिकारियों के मुताबिक रोजाना तीन हजार नोटिस बांटे जा रहे हैं। नोटिस भेजने की यह प्रकिया 15 जुलाई तक पूरी कर ली जाएगी।

निगम ने निजी कंपनी से करवाया सर्वे

बता दें कि नगर निगम ने बीते दिनों एक निजी कंपनी से शहर में प्रॉपर्टी टैक्स सर्वे कराया था। नए सर्वे के मुताबिक शहर में कुल पांच लाख प्रॉपर्टी का रिकॉर्ड बनाया गया है। सर्वे से पहले नगर निगम क्षेत्र में लगभग 3.76 लाख प्रॉपर्टीज थीं। नए सर्वे में लगभग सवा लाख नई प्रॉपर्टीज रिकॉर्ड में दर्ज की गई हैं। जिसके हिसाब से अब शहर में करीब पांच लाख लोगों से प्रॉपर्टी टैक्‍स वसूल किया जाएगा। अब लोगों को नए सर्वे के मुताबिक ही टैक्स के नोटिस भेजे जा रहे हैं।

निगम सभी वार्डों में लगाएगा कैंप

निगम की तरफ से भेजे जा रहे इस नोटिस के बीच सर्वे में गड़बड़ियां होने के मामले भी सामने आ रहे हैं। प्रतिदिन दर्जनों लोग प्रॉपर्टी टैक्स के बिलों को ठीक करवाने के लिए निगम के चक्कर काट रहे हैं। निगम के क्षेत्रीय कराधान अधिकारी गुलशन सलूजा ने बताया कि प्रॉपर्टी टैक्स की गड़बड़ियों को ठीक करवाने के लिए लोगों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। अब लोगों को इसके लिए निगम के दफ्तर नहीं आना पड़ेगा। इसके लिए सभी वार्डों में ही कैंप लगाए जा रहे हैं। वार्डों के कैंप टैक्स विग कर्मचारियों के साथ सर्वे करने वाली कंपनी के प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। वहीं आगामी 27 जून को निगम की बैठक होने जा रही है, जिसमें प्रॉपर्टी टैक्स की गड़बड़ियों व विकास से संबंधित मुद्दे उठ सकते हैं।