लाइव टीवी

Heart Attack Symptoms: हार्ट अटैक आने से पहले शरीर में दिखते हैं ये लक्षण, पैरों में सूजन और उल्टी भी हैं बड़े संकेत

Updated Sep 14, 2022 | 20:36 IST

Symptoms appear in the body before heart attack: दिल का दौरा पड़ने से पहले शरीर में कुछ लक्षण दिखने लग जाते हैं। थकान, घबराहट, दर्द, उल्टी, सूजन आदि भी वार्निंग साइन होते हैं जिनको नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है। जानें इस बारे में।

Loading ...
Symptoms appear in the body before heart attack (iStock)

Symptoms appear in the body before heart attack: दुनिया भर में ह्रदय संबंधित रोगों का शिकार बनने वाले मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि देखी जा रही है। किसी भी स्वस्थ शरीर को सुनिश्चित करने के लिए जरूरी है कि आपका दिल भी स्वस्थ रहे। लेकिन बीमारियों के बढ़ते खतरे के बीच ही यह जानना भी आवश्यक है कि दिल का दौरा पड़ना, हार्ट फेल होना या कोई ऑर्गन फेल होने की समस्या एकदम से जन्म नहीं लेती है। तथा इस तरह की समस्या उत्पन्न होने से पहले आपका शरीर आपको पहले से ही कई तरह के संकेत देना शुरू कर देता है। आपका शरीर आपको महीनों या हफ्ते भर पहले से इस तरह के संकेत देने लगता है।

इसलिए जरूरी है कि आप हृदय रोगों से संबंधित इन लक्षणों को जरा भी नजरअंदाज न करे, नहीं तो स्थिति जानलेवा हो सकती है। 

छाती में दर्द – अगर आपको भी चलने या सीढ़ी चढ़ने उतरने में छाती में दर्द या भारीपन लगता है। और यही दर्द जब आप रुक जाते हैं तो बंद हो जाता है, तो इसे एंजायना पेन कहते हैं। और यह लक्षण आगे चलकर गंभीर हृदय रोग का कारण बन सकता है।   

थकान – कई बार काम करते करते थकान का अनुभव होना बहुत आम हो सकता है। लेकिन ये लक्षण जितना आम है, अगर इसकी गंभीरता पर समय रहते ध्यान न दिया गया तो समस्या बढ़ सकती है। थकान होना दिल की बीमारी का लक्षण भी माना जाता है। ऐसा इसलिए हो सकता है, जब आपकी दिल की किसी नली में सूजन या इंफेक्शन हो। ऐसा होना दिल के कमजोर होने के भी संकेत देता है।

सांस फूलना – अगर आपकी भी थोड़ा सा काम करने या किसी भी प्रकार की शारीरिक गतिविधि करने पर सांस फूल जाती है। तो यह भी दिल की बीमारी का सबसे आम लक्षण माना जाता है। ये आपको दिल से जुड़ी दिक्कत होने का संकेत देता है, जिसे अनदेखा नहीं करना चाहिए।

पैरों और पेट में सूजन – दिल आपके शरीर के सभी अंगों में साफ खून का प्रवाह सुनिश्चित करने का काम करता है। और जब वो इस काम को करने में विफल हो जाता है, तो यह शरीर में उपयोग किए जा चुके खराब रक्त को वापस लाने में भी असमर्थ हो जाता है। जिस कारण आपको पैरों, जांघों, पेट और टखनों में सूजन का अनुभव हो सकता है।

घबराहट होना, चक्कर आना – वैसे तो ये लक्षण किसी भी बीमारी में बहुत आम माने जा सकते हैं। इसलिए जांच कराकर इनकी गंभीरता का पता लगाना अनिवार्य होता है। चक्कर आना, उल्टी आना या घबराहट होना दिल की बीमारी के भी लक्षण होते हैं। 

हाथ में दर्द – कई बार हाथों में होना वाला मामूली दर्द भी दिल के दौरे का संकेत दे सकता है। दरअसल माना जाता है कि अगर आपके लेफ्ट हाथ से लेकर जबड़े तक किसी प्रकार का दर्द हो। या फिर ये दर्द दोनों हाथों में भी हो सकता है तो इसे भी ह्रदय संबंधित दिक्कत का लक्षण माना जा सकता है।

इन लक्षणों के अलावा तेज पसीना आना, अपच की दिक्कत होना, सीने में तेज जलन होना, धड़कन तेज हो जाना, खांसी तथा हाथ पैर में सूजन आना भी दिल के दौरे या हार्ट फेल होने के संकेत के रूप में देखा जा सकता है।

( डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।)