लाइव टीवी

विटामिन डी पाने के लिए धूप सेंकने का सही समय और तरीका  

श्वेता सिंह | सीनियर असिस्टेंट प्रोड्यूसर
Updated Aug 08, 2020 | 11:20 IST

अध्ययनों के अनुसार, 70-90 प्रतिशत भारतीयों में विटामिन डी की कमी होती है। अधिक धूप सेंकना भी सेहत के लिए ठीक नहीं।

Loading ...
विटामिन डी
मुख्य बातें
  • 15 मिनट की धूप विटामिन डी के लिए पर्याप्त है
  • अधिक धूप से कई तरह के कैंसर की समस्या होती है
  • अधिक धूप से आँखों की रेटिना पर असर पड़ता है  

अध्ययनों से पता चला है कि शरीर में विटामिन डी का प्रयाप्त स्तर आपके इम्यून सिस्टम को सही रखता है, जिससे आपको कोरोना काल में भी लड़ने में मदद मिलती है। वहीं शरीर में विटामिन डी का स्तर कम होने पर ऑस्टियोपोरोसिस, कैंसर, अवसाद, मांसपेशियों की कमजोरी जैसी समस्याएं होती हैं।धूप के अलावा और किन चीजों से आपको विटामिन डी मिल सकता है, सबसे पहले उसके बारे में जान लेते हैं।

विटामिन डी से भरपूर भोजन  

सूरज की रोशनी के अलावा भी आपको विटामिन डी पर्याप्त मात्रा में मिल सकता है। इसके लिए आप इन चीजों को अपने डाइट में शामिल करें। कुछ ही ऐसे खाद्य पदार्थ हैं जिनमें विटामिन डी की महत्वपूर्ण मात्रा होती है। इसमें कॉड लिवर ऑयल,  स्वोर्डफ़िश, सामन,  डिब्बाबंद टूना,  बीफ लिवर,  अंडे की जर्दी और सार्डिन शामिल हैं। इनकी सही मात्रा ही आपके शरीर को पर्याप्त विटामिन डी दे सकती है। इसलिए कहते हैं की विटामिन डी का बेहतर स्रोत सूरज की किरणें हैं।

धूप में रहकर विटामिन डी लेने का सही समय  

अधिकतम विटामिन डी प्राप्त करने के लिए धूप में रहने का सबसे अच्छा समय सुबह 10 से दोपहर 3 बजे के बीच है। इस समय,  यूवीबी किरणें तीव्र होती हैं और यह भी कहा जाता है कि शरीर इस समय विटामिन डी बनाने में अधिक कुशल होता है। ऐसा माना जाता है कि यही बेहतर समय है। इसके बाद सूरज की रोशनी में बहुत देर तक रहने पर कई तरह के कैंसर की समस्या हो सकती है।

धूप सेंकने का सही तरीका  

विटामिन डी पाना इतना भी आसान नहीं है। धूप में कौन सा अंग विटामिन डी के लिए अधिक उपयोगी है और कैसे आप धूप सेंके, ये जानना बेहद आवश्यक है। विटामिन डी त्वचा में कोलेस्ट्रॉल से बना होता है, जिसका अर्थ है कि पर्याप्त विटामिन डी प्राप्त करने के लिए आपके शरीर के कई हिस्से को धूप में रहना जरूरी होगा। अधिक विटामिन डी प्राप्त करने के लिए अपने हाथ, पैर, पीठ और पेट को धूप में रखें। विटामिन डी के लिए जब भी धूप में बैठें तो पीठ को सूरज की तरफ करके बैठें, यह शरीर को अधिक विटामिन डी लेने में मदद करता है।

कितने समय तक धूप में बैठें ?  

विटामिन डी प्राप्त करने का सबसे सटीक तरीका सूरज है, लेकिन ये भी जरूरी है कि आप कितने मिनट तक सूरज की रोशनी में बैठें। विटामिन डी काउंसिल के अनुसार,  हल्के रंग की त्वचा वाले लोगों को धूप में लगभग 15 मिनट की आवश्यकता होती है,  जबकि गहरे रंग की त्वचा वाले लोगों को एक घंटे या उससे अधिक की आवश्यकता हो सकती है।

अधिक धूप सेंकना भी खतरे की घंटी  

  • हालांकि सूरज की रोशनी विटामिन डी का एक बड़ा स्रोत है, बहुत अधिक सूरज आपकी त्वचा के लिए खतरनाक हो सकता है।  
  • आँखों के लिए ये नुकसानदायक हो सकता है। यूवीबी किरणों के बहुत अधिक संपर्क से रेटिना को नुकसान हो सकता है, जिससे मोतियाबिंद का खतरा बढ़ सकता है।
  • बहुत अधिक समय तक धूप में रहने पर इसका असर त्वचा पर भी पड़ता है। इसमें त्वचा पर लालिमा,  सूजन,  दर्द, छाले शामिल हैं।
  • धूप में ज्यादा समय बिताने से आपकी त्वचा पर उम्र की झलक दिखने लगती है। आप अपनी उम्र से ज्यादा के दिखने लगते हैं। चेहरे पर झुर्रियां आ जाती हैं। 
  • अधिक समय तक धूप में रहने से और भी कई समस्या हो जाती हैं। हीटस्ट्रोक जिसे सनस्ट्रोक भी कहा जाता है, एक ऐसी स्थिति है जिसमें बहुत अधिक सूरज के संपर्क में आने से शरीर का मुख्य तापमान बढ़ जाता है। 
  • धूप में बाहर निकलने से पहले इन बातों का ध्यान अवश्य रखें। सही मात्रा में धूप सेंकें और स्वस्थ रहें।