लाइव टीवी

तनावपूर्ण जीवन के बीच दिल को रखें हेल्दी, हृदय रोगों से दूर रहने के लिए World Heart Day से अपनाएं ये 5 टिप्स

Updated Sep 29, 2021 | 07:41 IST

World Heart Day 2021: इस भागदौड़ भरी जिंदगी में हृदय को स्वस्थ बनाए रखना बेहद जरूरी है। जीवन शैली में कुछ आसान बदलाव से ह्रदय को स्वस्थ रखा जा सकता है।

Loading ...
दिल को स्वस्थ रखने के लिए 5 टिप्स (Pic: Istock)
मुख्य बातें
  • हर वर्ष 29 सितंबर को वर्ल्ड हार्ट डे मनाया जाता है।
  • जीवन शैली में कुछ सकारात्मक बदलाव से अपने हृदय को स्वस्थ रखा जा सकता है।
  • तनावपूर्ण जीवन के बीच हृदय स्वास्थ्य को बनाए रखना महत्वपूर्ण है।

World Heart Day 2021, Tips To Keep Heart Healthy: इस भागदौड़ और तनाव से भरी जिंदगी से हर एक व्यक्ति प्रभावित है। ऐसे में एक स्वस्थ और संतुलित जीवन पाने के लिए लोगों को कुछ सरल प्रयोग अवश्य करने चाहिए। हर वर्ष 29 सितंबर को वर्ल्ड हार्ट डे यानी विश्व हृदय दिवस मनाया जाता है। इस दिन लोगों में स्वस्थ हृदय के प्रति जागरूकता फैलाई जाती है। खराब जीवनशैली, अस्त-व्यस्त जीवन और शारीरिक गतिविधि की कमी की वजह से ह्रदय रोगों से प्रभावित होना आम बात है। ऐसी परिस्थिति में हर एक व्यक्ति को अपने जीवन में कुछ बदलाव करने चाहिए और ऐसे सरल कदम उठाने चाहिए जो उनके हृदय स्वास्थ्य के लिए बेहद प्रभावशाली और लाभदायक साबित हों। हेल्दी हार्ट के लिए इस विश्व हृदय दिवस से आपको यह 5 टिप्स जरूर फॉलो करने चाहिए। 

संतुलित और स्वस्थ भोजन का सेवन करें

किसी भी बीमारी, रोग या शारीरिक परेशानी को दूर रखने के लिए संतुलित और स्वस्थ भोजन बेहद प्रभावशाली साबित होता है। अपने हृदय स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए आपको जंक, तैलीय भोजन, स्नैक्स और प्रोसैस्ड फूड से दूर रहना चाहिए। इसके साथ आपको अपने डाइट में हरी पत्तेदार सब्जियां, दूध, दाल तथा प्रोटीन युक्त भोजन का सेवन करना चाहिए।  

शारीरिक गतिविधि बढ़ाएं

हेल्दी हार्ट के लिए अपने दिनचर्या में कुछ सकारात्मक बदलाव हर एक इंसान को करना चाहिए। तकनीकी के कारण लोग अब शारीरिक गतिविधि को बहुत कम तवज्जो दे रहे हैं। ऐसा करना हमारे हृदय के लिए बिल्कुल भी सही नहीं है। अपने ह्रदय स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए आपको शारीरिक गतिविधियों को बढ़ाना होगा। ऐसे में आपको रोज 30 से 45 मिनट के लिए एक्सरसाइज जरूर करना चाहिए। आप सुबह और शाम सैर पर जा सकते हैं इसके साथ कार्डियो ट्रेनिंग भी ले सकते हैं। 

तनाव को रखें दूर

हर एक व्यक्ति के लिए तनाव बहुत बुरी चीज है। तनाव हमारे हृदय स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव डालता है। ऐसे में हर एक व्यक्ति को तनाव से दूर रहने का प्रयास करना चाहिए। इस तनावपूर्ण जिंदगी में स्ट्रेस मैनेजमेंट बहुत जरूरी है। स्ट्रेस से दूर रहने के लिए आपको अपने दोस्तों और परिजनों से बात करना चाहिए। इसके साथ आपको हर एक प्रकार के नशीले पदार्थ से भी दूर रहना चाहिए।

पर्याप्त नींद लेना है आवश्यक

स्वास्थ्य जीवन के लिए पर्याप्त नींद लेना बेहद आवश्यक है। विशेषज्ञ बताते हैं कि नींद की कमी सीधा हमारे हृदय पर प्रभाव डालता है। ऐसे में आपको कम से कम दिन में 8 घंटे की नींद अवश्य लेनी चाहिए। इसके साथ काम के बीच आराम करना भी जरूरी है। लगातार काम करने से इंसान अपनी उर्जा खोता रहता है। ऐसे में काम के बीच आराम करना जरूरी है।

समय-समय पर करवाते रहें जांच

काम के चक्कर में लोग अपने स्वास्थ्य पर कम ध्यान देते हैं। मगर, हर एक इंसान को नियमित जांच करवाना चाहिए। इसके साथ अपने स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए।