लाइव टीवी

मौसम 24 सितंबर: पिछले 2 हफ्तों से दिल्ली में नहीं हुई बारिश, जानें आज कैसा रहेगा मौसम

Updated Sep 24, 2020 | 00:05 IST

Aaj Ka Mausam (मौसम का हाल): दिल्ली एनसीआर में पिछले 2 हफ्तों से बारिश नहीं हुई है, जिससे तापमान में बढ़ोतरी हुई है। आज भी बारिश होने का पूर्वानुमान नहीं है।

Loading ...
दिल्ली एनसीआर में आज कैसा रहेगा मौसम

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में पिछले दो सप्ताह से बारिश नहीं हुई है। इससे तापमान में वृद्धि हुई है और गर्मी बढ़ी है। बुधवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस रहा। आज भी अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। बारिश का पूर्वानुमान नहीं है।

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार इस महीने दिल्ली में केवल तीन दिन बारिश हुई है, जो कि 2016 के बाद सबसे कम है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के स्थानीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा, 'मानसून 26 सितंबर को राजस्थान से वापसी शुरू करेगा। इसके बाद सितंबर के आखिरी सप्ताह में दिल्ली, हरियाणा,पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लौटेगा।'

दिल्ली और एनसीआर के लोगों को गर्मी और उमस परेशान करना जारी रखेगी। मौसम विभाग के अनुसार सितंबर में अभी तक 80 प्रतिशत कम बारिश हुई है। दिल्ली में अगस्त में 237 मिमी बारिश दर्ज की गई थी, जो पिछले सात साल में इस महीने में हुई सर्वाधिक बारिश है। राष्ट्रीय राजधानी में एक जून को मानसून की शुरुआत से अभी तक सामान्य 624.3 मिमी की तुलना में 576.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है।

वहीं गुरुग्राम की बात करें तो यहां आज अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। फरीदाबाद में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। बारिश की संभावना नहीं है।

मुंबई में भारी बारिश

इसके अलावा मुंबई में भारी बारिश हुई। भारी बारिश के कारण सड़क और रेल यातायात गंभीर रूप से बाधित हुए हैं और आवश्यक सेवा दे रहे लोगों के आवागमन को प्रभावित किया है।  आईएमडी मुंबई ने आगामी दिनों में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है, इसके साथ ही अधिकारियों ने लोगों से आग्रह किया है कि जब तक आवश्यक न हो घर से बाहर न निकलें।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।