लाइव टीवी

साइरस मिस्त्री से लेकर राजेश पायलट तक...इन हस्तियों ने सड़क दुर्घटना में गंवाई जान, कोई थे एक्टर तो कोई थे नेता

शिशुपाल कुमार | Principal Correspondent
Updated Sep 07, 2022 | 14:41 IST

Cyrus Mistry Death: देश के बड़े उद्योगपतियों में से एक साइरस मिस्त्री की मौत रविवार को एक सड़क दुर्घटना में हो गई। वो अहमदाबाद से मुंबई जा रहे थे, तभी ये हादसा हुआ।

Loading ...
ये हस्तियां सड़क हादसे में गंवा चुकी है जान
मुख्य बातें
  • भाजपा नेता साहिब सिंह वर्मा की मौत भी हुई थी सड़क हादसे में
  • देश के पूर्व राष्ट्रपति ज्ञानी जैल की मौत भी एक सड़क दुर्घटना में हुई थी
  • बॉलीवुड के हास्य अभिनेता जसपाल भट्टी की मौत भी एक सड़क हादसे में हुई थी

देश ने अपने एक और सपूत साइरस मिस्त्री को सड़क हादसे में खो दिया है। रविवार को उनकी मौत तब हो गई जब उनकी कार एक डिवाइडर से टकरा गई। उनके साथ मौजूद चार में से दो की मौके पर मौत हो गई, जिसमें साइरस भी शामिल हैं। वहीं दो घायल हो गए हैं। साइरस मिस्त्री से पहले देश अपने कई सपूतों को सड़क हादसे में खो चुका है। आइए जानते हैं उनके बारे में...

राजेश पायलट (Rajesh Pilot)- वर्तमान कांग्रेस नेता सचिन पायलट के पिता और तबके दिग्गज कांग्रेस नेता राजेश पायलट की मौत भी एक सड़क दुर्घटना में ही हो गई थी। राजेश पायलट की 11 जून 2000 को उनके लोकसभा क्षेत्र दौसा में एक कार दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी।

ज्ञानी जैल सिंह (Giani Zail Singh)- ज्ञानी जैल सिंह कांग्रेस के बड़े नेताओं में से एक थे। पंजाब के मुख्यमंत्री से लेकर देश के राष्ट्रपति तक रहे हैं। 29 नवंबर 1994 को, रोपड़ जिले के कीरतपुर साहिब के पास एक कार दुर्घटना के बाद जैल सिंह को कई चोटें आई थीं। तब एक ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी थी। जिसके बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

साहिब सिंह वर्मा (Sahib Singh Verma)- साहिब सिंह वर्मा भाजपा के नेता थे, दिल्ली के मुख्यमंत्री रह चुके थे। उनके बेटे प्रवेश वर्मा आज सांसद है। साहिब सिंह की मौत भी एक सड़क दुर्घटना में ही हुई थी। वो राजस्थान में यात्रा कर रहे थे तब उनकी गाड़ी को एक ट्रक ने टक्कर मार दी। जिसमें उनकी मौत हो गई।

दीप सिद्धू (Deep Sidhu)- दीप सिद्धू पंजाबी एक्टर थे, किसान आंदोलन के समय चर्चा में आए थे। लाल किले पर धार्मिक झंडा फहराने के मामले में केस भी चल रहा था। राजनीति में भी काफी सक्रिय थे। 15 फरवरी 2022 को 37 साल की उम्र में एक सड़क हादसे में सिद्धू की मौत हो गई। यह हादसा दिल्ली के पास हरियाणा के खरखोदा इलाके में कुंडली-मानेसर हाईवे पर हुआ था। 

जसपाल भट्टी (Jaspal Bhatti)- जसपाल भट्टी एक बॉलीवुड अभिनेता थे। उनकी कॉमेडी के लाखों लोग दीवाने थे। 25 अक्टूबर 2012 को जालंधर जिले के शाहकोट के पास एक कार दुर्घटना में जसपाल भट्टी की मृत्यु हो गई थी। तब कार उनके बेटे जसराज भट्टी चला रहे थे।

बता दें कि आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 2021 में पूरे भारत में सड़क दुर्घटनाओं में 1.55 लाख से अधिक लोगों ने अपनी जान गवांई है। यानि कि औसतन 426 लोग हर दिन अपनी जान सड़क दुर्घटना में गंवा देते हैं। 

ये भी पढ़ें- Tribute To Cyrus Mistry: साइरस मिस्त्री की मौत, पीएम मोदी से लेकर उद्योग जगत ने याद किया TATA Sons के पूर्व चेयरमैन को 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।