लाइव टीवी

Ludhiana Blast: लुधियाना के कोर्ट परिसर में ब्लास्ट, 1 की मौत, पंजाब में हाई अलर्ट

Updated Dec 23, 2021 | 14:17 IST

Blast rocks Ludhiana court : लुधियाना के एक कोर्ट में विस्फोट हुआ है। धमाके में एक व्यक्ति की मौत हुई है। इस धमाके में चार लोग घायल हुए हैं, घायलों में दो लड़कियां शामिल हैं। सीएम चन्नी ने कहा है कि वह लुधियाना जाएंगे।

Loading ...
लुधियाना कोर्ट में ब्लास्ट।

चंडीगढ़ : लुधियाना के एक कोर्ट में गुरुवार को विस्फोट हुआ। इस धमाके में एक व्यक्ति की मौत हुई है। इस धमाके में चार लोग घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि कोर्ट की दूसरी मंजिल पर यह  ब्लास्ट हुआ। लोगों को राहत पहुंचाने के लिए एंबुलेंस मौके पर पहुंचाई गई है। यह विस्फोट सिलेंडर से हुआ है या किसी और चीज से, इसका पता अभी नहीं चल सका है। प्रशासन की ओर से शुरुआती जांच शुरू कर दी गई है। कोर्ट परिसर में जिस समय धमाका हुआ उस समय बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। लुधियाना के पुराने कोर्ट परिसर में यह विस्फोट हुआ। एक प्रत्यक्षदर्शी का कहना है कि यह साजिश के तहत धमाका हुआ है। घायलों में दो लड़कियां शामिल हैं। एनआईए की टीम लुधियाना जाएगी। पुलिस ने पंजाब में हाई अलर्ट जारी कर दिया है।

धमाके के समय बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे

बताया जा रहा है कि दोपहर 12.30 बजे कोर्ट परिसर में धमाका हुआ। कोर्ट में पेशी के लिए आरोपियों को लाया गया था। यहां वकील, लोग और प्रशासन के लोग मौजूद थे। पुलिस ने आस-पास के इलाकों में पूछताछ शुरू कर दी है। जज श्वेता दस के कोर्ट रूम के पास शौचालय में यह धमाका हुआ। विस्फोट इतना भीषण था कि कोर्ट रूम की दीवारें टूट गईं। इस बीच मुख्यमंत्री चन्नी ने कहा है कि वह लुधियाना जाएंगे। वहीं, धमाके के बाद डिप्टी सुखजिंदर सिंह रंधावा चंडीगढ़ में उच्च स्तरीय बैठक कर रहे हैं।  

लुधियाना जाएंगे सीएम चन्नी
सीएम चन्नी ने कहा है कि वह लुधियाना जाएंगे। विस्फोट के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव के पहले ऐसा हो रहा है। देश विरोधी ताकतें ऐसा कर रही हैं। इस धमाके की जांच की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। सीएम ने लोगों से सतर्क रहने के लिए कहा है। वहीं, कोर्ट के पास फिरोज गांधी मार्केट को सील कर दिया गया है। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।