लाइव टीवी

पंजाब कैबिनेट के विस्तार के लिए दिल्ली में हुआ मंथन, ये बन सकते हैं मंत्री

Updated Sep 24, 2021 | 07:04 IST

पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कैबिनेट के विस्तार के लिए दिल्ली में राहुल गांधी के साथ विचार विमर्श किया। कैबिनेट में नए चेहरों को शामिल किया जा सकता है।

Loading ...
राहुल गांधी से मिले पंजाब सीएम चरणजीत सिंह चन्नी

नई दिल्ली/चंडीगढ़ : पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने गुरुवार को राज्य कैबिनेट विस्तार को लेकर दिल्ली में पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के साथ विचार-विमर्श किया। यह जानकारी सूत्रों ने दी। चन्नी गुरुवार शाम को दिल्ली पहुंचे थे। चन्नी ने पहले कांग्रेस महासचिव और पंजाब प्रभारी हरीश रावत से इस विषय पर चर्चा की।

सूत्रों के मुताबिक, इसके बाद दोनों नेताओं ने मंत्रिमंडल विस्तार के संबंध में राहुल गांधी के साथ विचार-विमर्श किया। सूत्रों ने बताया कि कैबिनेट में कुछ नए चेहरों को शामिल किए जाने की संभावना है।

परगट सिंह, राजकुमार वेरका, गुरकीरत सिंह कोटली, संगत सिंह गिलजियान, सुरजीत धीमान, अमरिंदर सिंह राजा वरिंग और कुलजीत सिंह नागरा के मंत्री बनने के कयास लगाए जा रहे हैं।

परगट सिंह को सिद्धू का करीबी माना जाता है और वर्तमान में वह पंजाब कांग्रेस के महासचिव हैं और गिलजियान पार्टी की राज्य इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष हैं।

इस तरह के कयास हैं कि अमरिंदर सिंह के करीबी राणा गुरजीत सिंह सोढ़ी और साधु सिंह धर्मसोत को मंत्री पद से हटाया जा सकता है। सोढ़ी खेल मंत्री थे जबकि धर्मसोत सामाजिक न्याय अधिकारिता मंत्री थे।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।