लाइव टीवी

'हो सकता है आपके प्रिंस हैरी पंजाब के किसी साइबर कैफै में बैठे हों', महिला की अर्जी पर कोर्ट की मजेदार टिप्पणी

Updated Apr 13, 2021 | 11:52 IST

पंजाब एवं हरियाणा होई कोर्ट ने कहा कि इस बात की संभावना बहुत ज्यादा है कि 'आपके तथाकथित प्रिंस हैरी अपने सुनहरे भविष्य के लिए पंजाब में किसी गांव के किसी साइबर कैफे में बैठे हों।'

Loading ...
महिला की अर्जी पर पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट की मजेदार टिप्पणी।
मुख्य बातें
  • अर्जी में महिला वकील का दावा-प्रिंस हैरी ने उससे शादी का वादा किया था
  • महिला ने कोर्ट से प्रिंस हैरी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करने की मांग की
  • कोर्ट ने कहा कि हो सकता है कि आपके प्रिंस हैरी किसी साइबर कैफे में बैठे हों

चंडीगढ़ : पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के समक्ष एक दिलचस्प मामला सुनवाई के लिए आया है। एक महिला ने अपनी अर्जी में प्रिंस हैरी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। महिला का आरोप है कि प्रिंस हैरी ने कथित रूप से शादी करने का अपना वादा पूरा नहीं किया। याचिकाकर्ता महिला ने 'वादा पूरा न करने' के लिए प्रिंस हैरी के खिलाफ वारंट जारी करने की मांग की है। मामले की सुनवाई करते हुए कोर्ट ने भी मजेदार टिप्पणी की। कोर्ट ने कहा कि इस बात की संभावना बहुत ज्यादा है कि 'आपके तथाकथित प्रिंस हैरी अपने सुनहरे भविष्य के लिए पंजाब में किसी गांव के किसी साइबर कैफे में बैठे हों।'

कोर्ट ने कहा- अर्जी और कुछ नहीं बल्कि 'दिवा-स्वप्न'
इस केस की सुनवाई करते हुए हाई कोर्ट ने मंगलवार को कहा, 'यह अर्जी और कुछ नहीं बल्कि एक दिवा-स्वप्न है।' याचिकाकर्ता पलविंदर सिंह पेशे से वकील हैं और कोर्ट में उन्होंने खुद अपनी पैरवी की। याचिकाकर्ता के विशेष अनुरोध पर अदालत ने मामले की सुनवाई की। कोर्ट ने अर्जी खारिज करते हुए कहा कि सोशल मीडिया में इस तरह के किस्से जगजाहिर हैं। पीठ ने कहा, 'इस अर्जी पर सुनवाई करने के लिए कोर्ट कोई आधार नहीं पाता है। याचिकाकर्ता जो कि इस फर्जी बातचीत को सही मान रही है, अदालत उसके लिए केवल सहानुभूति जता सकती है।' अर्जी में ड्यूक ऑफ ससेक्स प्रिंस हैरी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करने की मांग की गई है। 

महिला का दावा-प्रिंस हैरी ने शादी का वादा किया था
जस्टिस अरविंद सिंह के कोर्ट ने अपनी टिप्पणी में कहा कि 'यह प्रिंस हैरी से शादी करने के बारे में एक दिवा-स्वप्न के सिवाय और कुछ नहीं है।' सुनवाई के दौरान कोर्ट ने यह भी पाया कि अर्जी का मसौदा ठीक ढंग से तैयार नहीं था। इस अर्जी में कथित रूप से प्रिंस हैरी की ओर से भेजे गए ई-मेल्स का भी जिक्र किया गया है। याचिकाकर्ता का दावा है कि प्रिसं हैरी ने जल्द ही उससे शादी करने का वादा किया था। 

मेगन मर्केल से हुई है प्रिंस हैरी की शादी
कोर्ट ने कहा, 'यह सर्व विदित तथ्य है कि फेसबुक, ट्विटर जैसे अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर फर्जी आईडी के जरिए अकाउंट बनाए जाते हैं। इस बात की बहुत संभावना है कि आपके तथाकथित प्रिंस हैरी पंजाब में किसी गांव के किसी साइबर कैफे में बैठे हों।'  जज ने याचिकाकर्ता से पूछा कि क्या उन्होंने कभी ब्रिटेन की यात्रा की है, इस पर महिला वकील का जवाब ना में था। महिला ने बताया कि ये सभी बातचीत सोशल मीडिया पर हुई। बता दें कि प्रिंस विलियम्स की शादी 2018 में पूर्व अभिनेत्री मेगन मर्केल से हुई। साल 2019 में जन्में उनके बेटे का नाम आर्ची है। मर्केल एक बार फिर मां बनने वाली हैं। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।