लाइव टीवी

हरियाणा के कृषि मंत्री ने कहा-किसान आंदोलन के पीछे चीन-पाकिस्तान, AAP ने बताया- किसानों का अपमान

Updated Dec 02, 2020 | 22:43 IST

हरियाणा के कृषि मंत्री जेपी दलाल ने किसान आंदोलन के पीछे विदेश ताकतों का हाथ बताया है। उन्होंने कहा है कि इसके माध्यम से चीन और पाकिस्तान देश को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspANI
हरियाणा के कृषि मंत्री जेपी दलाल

नई दिल्ली: किसान आंदोलन को लेकर हरियाणा के कृषि मंत्री जेपी दलाल ने हैरान कर देने वाला बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि किसानों को आगे करके विदेशी ताकतें जैसे चीन पाकिस्तान अस्थिर करने की कोशिश कर रही हैं। विदेशी ताकतों को मोदी का चेहरा पसंद नहीं है। बात किसान की नहीं है, बात विदेशी ताकतों की है। किसान के नाम पर समर्थन करते हैं पर सियासी रोटी सेंकना सही नहीं।

दलाल ने कहा, 'मैं सभी किसान भाइयों से कहूंगा कि सद्बुद्धि से काम लें, वार्ता करें। ये अच्छी बात नहीं है कि दिल्ली का पानी बंद कर देंगे, दिल्ली के रास्ते बंद कर देंगे, दिल्ली को घेर कर बैठ जाएंगे। ये लाहौर या कराची नहीं है, ये देश की राजधानी है।'

उनके इस बयान पर आम आदमी पार्टी ने निशाना साधा है। आप ने कहा, 'क्या अब भाजपा हमारे अन्नदाता को भी पाकिस्तानी कहेगी?  

भाजपा बताये किसान विरोधी काले कानून के पीछे किसका हाथ है?' वहीं आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि ये देखिये भाजपा के “दलाल” साहेब बता रहे हैं कि किसान आंदोलन के पीछे पाकिस्तान और चीन का हाथ है। मोदी जी क्या देश का अन्नदाता देशद्रोही है? क्या वो पाकिस्तान और चीन के साथ मिलकर देश के खिलाफ आंदोलन कर रहा है? 'अब और कितना अपमान पूछ रहा है देश का किसान।' 

'कानून के बाद भी मोदी जी जीते चुनाव'

जेपी दलाल ने आगे कहा कि मोदी को लोगों का समर्थन है। इस कानून के बनने के बाद भी उनको जनता का समर्थन मिला है। वो किसान नहीं हैं क्या? इस देश का नीति-निर्धारण सड़क पर होगा क्या या संसद में? संसद में कौन करेगा, जनता के चुने हुए प्रतिनिधि। अगर वो नहीं करेंगे तो जनता को उनको हटाने का हक है। सड़क की राजनीति अच्छी बात नहीं है। देश में विकास हो रहा है। समस्याएं समाप्त हो रही है। विदेशी ताकतों को ये विकास पसंद नहीं है। किसानों के हित में मोदी जी से ज्यादा कोई फैसला नहीं ले सकता। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।