लाइव टीवी

'खराब मौसम के कारण बंद किया गया था नेताजी का होलोग्राम', विवाद के बीच शीर्ष सूत्रों ने दी सफाई

Updated Feb 04, 2022 | 15:23 IST

केंद्रीय संस्‍कृति मंत्रालय के शीर्ष पदस्‍थ सूत्रों ने इंडिया गेट पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस के होलोग्राम को स्विच ऑफ किए जाने पर स्पष्‍टीकरण दिया है। उन्‍होंने कहा कि खराब मौसम के कारण इसे बंद किया गया था। इसमें कोई राजनीति नहीं है।

Loading ...
इंडिया गेट पर छतरीनुमा मंडप के नीचे नेताजी की प्रतिमा का होलोग्राम लगाया गया है

नई दिल्‍ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 23 जनवरी को इंडिया गेट पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की होलोग्राम प्रतिमा का अनावरण किया था, जिसके बाद से यह इस ऐतिहासिक इमारत के आसपास आकर्षण का मुख्‍य केंद्र बना हुआ है। नेताजी की यह प्रतिमा इंड‍िया गेट पर छतरीनुमा उस मंडप के नीचे लगाई गई है, जहां कभी ब्रिटिश राजा जॉर्ज पंचम की प्रतिमा लगी हुई थी। लेकिन 3 फरवरी (बुधवार) को यह प्रतिमा नजर नहीं आई, जिसके बाद से इसे लेकर सियासत तेज हो गई है।

इंडिया गेट से नेताजी सुभाष चंद्र बोस की होलोग्राम प्रतिमा के नजर नहीं आने के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नेताओं ने हाथों में नारे लिखी तख्तियां लेकर विरोध-प्रदर्शन किया और सरकार से सवाल किया आखिर नेताजी को अंधेरे में क्यों रखा गया है? इस मामले में सियासी आरोप-प्रत्‍यारोप के बीच सरकार ने स्‍पष्‍टीकरण दिया है और बताया है कि आखिर ऐसा किन कारणों से हुआ और नेताजी का होलोग्राम बुधवार को इंडिया गेट पर नजर क्‍यों नहीं आया?

खराब मौसम बनी वजह

केंद्रीय संस्‍कृति मंत्रालय ने इस मामले में विपक्ष के आरोपों का जवाब दिया है। मंत्रालय के शीर्ष सूत्रों के मुताबिक, इसमें किसी तरह की राजनीति नहीं है, बल्कि नेताजी के होलोग्राम को खराब मौसम के कारण स्विच-ऑफ किया गया और ऐसा अंतरराष्‍ट्रीय मानकों के तहत किया गया। फिर मध्‍यरात्रि को मौसम की स्थिति में सुधार के साथ ही इसे स्विच ऑन भी कर दिया गया। शीर्ष पदस्‍थ सूत्रों ने राजनीतिक दलों से इस पर राजनीति नहीं करने की अपील भी की।

PM मोदी ने किया सुभाष चंद्र बोस की होलोग्राम प्रतिमा का अनावरण, इंडिया गेट पर लगेगी नेताजी की भव्य मूर्ति, जानें इसके बारे में

यहां गौर हो कि इंडिया गेट पर जिस जगह नेताजी की प्रतिमा का होलोग्राम लगा है, वहां ग्रेनाइट की प्रतिमा लगाई जानी है। लेकिन जब तक यह तैयार नहीं हो जाती, यहां होलोग्राम प्रतिमा लगाई गई है। यह 28 फीट लंबी 3डी होलोग्राम है, जो अक्‍सर किसी भी चीज के असली होने का भ्रम देती है। यह एक डिजिटल तकनीक है, जिसे स्टेटिक किरणों के जरिये पेश किया जाता है।

हो सकता था नुकसान

शीर्ष सरकारी सूत्रों के मुताबिक, खराब मौसम में नुकसान से बचाने के लिए इसे कई बार ऑफ कर दिया जाता है। यही वजह है कि बारिश के दिनों में साउंड और लाइट शो नहीं किए जाते हैं। इंडिया गेट पर मौजूद नेताजी के होलोग्राम को सर्दियों के दिनों में जहां शाम 6:30 बजे से सुबह 4 बजे तक ऑन रखने की बात की गई है, वहीं गर्मियों के दिनों में यह समय शाम 7:30 बजे से सुबह 5 बजे तक का बताया गया है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।