लाइव टीवी

Punjab: सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद घिरी AAP सरकार, हटाई थी सुरक्षा, CM मान ने कहा- दोषी बख्शे नहीं जाएंगे

Updated May 29, 2022 | 20:19 IST

मशहूर पंजाबी गायक और कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार सवालों के घेरे में आ गई है। एक दिन पहले ही उनकी सुरक्षा हटाई गई थी। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा है कि मैं सभी से शांत रहने की अपील करता हूं।

Loading ...
सिद्धू मूसेवाला (फाइल फोटो)

पंजाब के मनसा जिले में रविवार को मशहूर पंजाबी गायक और कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला को अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना से एक दिन पहले राज्य सरकार ने उनकी सुरक्षा वापस ले ली थी। इसी को लेकर पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार निशाने पर आ गई है। 

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ट्वीट किया कि मैं सिद्धू मूसेवाला की जघन्य हत्या से स्तब्ध और गहरा दुखी हूं। इसमें शामिल किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। मेरे संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके परिवार और दुनियाभर में उनके प्रशंसकों के साथ हैं। मैं सभी से शांत रहने की अपील करता हूं। 

शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने ट्वीट किया कि युवा पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बारे में जानकर स्तब्ध हूं। उनके परिवार और दोस्तों के साथ मेरी संवेदनाएं। जिम्मेदार लोगों को बिना देर किए गिरफ्तार किया जाना चाहिए। यह पंजाब में कानून-व्यवस्था की गंभीर स्थिति को दर्शाता है। शिअद नेता दलजीत सिंह चीमा ने कहा कि सिद्धू मूसेवाला की हत्या ने देश को झकझोर कर रख दिया है। पंजाब का एक चमकता हुआ सितारा हमने खो दिया। इसे राज्य प्रायोजित हत्या माना जाना चाहिए। पहले 400 लोगों की सुरक्षा हटाई गई और फिर उनके नाम सोशल मीडिया पर प्रकाशित किए गए। यह आपराधिक लापरवाही है। सीएम को इस्तीफा देना चाहिए। मैंने बोला था कि पहले बिना सोचे समझे लोगों की सुरक्षा हटा दी जाती है और फिर उसे पूरे न्यूज चैनलों पर बताया जाता है। आप ऐसा करके उसके दुश्मनों को ये बताते हैं कि अब हमने सुरक्षा हटा ली है और जो करना है कर लो। इस घटना के लिए गृह मंत्रालय और राज्य की पुलिस भी जिम्मेदार है।  

भाजपा के मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि सिद्धू मूसेवाला जो प्रसिद्ध गायक थे और उन्होंने पंजाब की शान बनाई। अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान की घटिया राजनीति के कारण आज वो शिकार हुए और 20 गोलियों से उन पर हमला हुआ जिसमें उनकी जान चली गई। एक राजनीतिक पार्टी ने घटिया काम किया, लोगों की पहले सुरक्षा हटाओ और फिर उनका नाम अखबारों में छपवाओं। लोगों को पता था कि कल ही उसकी सुरक्षा हटा ली गई है और आज उस पर हमला किया गया। आज उसकी मौत के जिम्मेदार सिर्फ अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान हैं।

पंजाब: दिनदहाड़े कांग्रेस नेता और गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या, कैप्टन अमरिंदर समेत कई नेता AAP सरकार पर बरसे

पुलिस उपाधीक्षक (मनसा) गोबिंदर सिंह ने बताया कि 27 वर्षीय मूसेवाला को कई गोलियां लगीं। हमले के समय वह जवाहरके गांव में अपनी जीप में थे। उन्होंने हाल में हुए विधानसभा चुनाव में मनसा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था और आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार डॉक्टर विजय सिंगला से हार गए थे। 

AAP संयोजक और दिल्ली CM अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सिद्धू मूसेवाला की हत्या बेहद दुःखद और स्तब्ध करने वाली है। मैंने अभी पंजाब के CM से बात की। दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलवायी जाएगी। मेरी सबसे विनती है कि सब लोग हौसला रखें और शांति बनाए रखें। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।