लाइव टीवी

पंजाबः BJP के हो गए अमरिंदर सिंह, PLC का विलय भी कराया, 'कद कम होने' पर कांग्रेस छोड़ बना लिया था नया दल

अभिषेक गुप्ता | Principal Correspondent
Updated Sep 19, 2022 | 18:33 IST

रीढ़ की हड्डी की सर्जरी के बाद लंदन से हाल में लौटने के बाद अमरिंदर सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी।

Loading ...

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह सोमवार (19 सितंबर, 2022) को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मे शामिल हो गए। 80 साल के दिग्गज नेता के साथ इस दौरान बेटे रण इंदर सिंह और बेटी जय इंदर कौर ने बीजेपी ज्वॉइन की। 

सिंह ने इसी के साथ अपनी पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस  (पीएलसी) का विलय भी भाजपा में करा लिया, जबकि इससे पहले कैप्टन के कई साथी भाजपा का हिस्सा बन चुके हैं। वैसे, सिंह सुबह साढ़े 11 बजे के आसपास नड्डा से मिले थे। बीजेपी में आने के लिए वह एक रोज पहले यानी रविवार को ही राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली पहुंच गए थे। 

दरअसल, सिंह ने पंजाब के सीएम पद से अचानक इस्तीफा देने के बाद पिछले साल कांग्रेस छोड़ दी थी। बाद में उन्होंने पीएलसी का गठन किया था। पीएलसी ने भाजपा और सुखदेव सिंह ढींढसा की अगुवाई वाले शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) के साथ गठबंधन कर विधानसभा चुनाव लड़ा था। हालांकि, उसका एक भी उम्मीदवार जीत हासिल नहीं कर पाया था और खुद सिंह को भी अपने गढ़ पटियाला शहरी सीट पर शिकस्त मिली थी।

रीढ़ की हड्डी की सर्जरी के बाद लंदन से हाल में लौटने के बाद अमरिंदर सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। सिंह ने 12 सितंबर को शाह के साथ अपनी मुलाकात के बाद कहा था कि उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा, पंजाब में मादक पदार्थ-आतंकवाद के बढ़ते मामलों और राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए भविष्य की रूपरेखा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर बहुत सार्थक चर्चा की।

अमरिंदर सिंह पूर्ववर्ती पटियाला शाही परिवार के वंशज हैं

दो बार मुख्यमंत्री रह चुके सिंह पूर्ववर्ती पटियाला शाही परिवार के वंशज हैं। 12वीं पास सिंह वर्ष 1959 में दून स्कूल (प्री सीनियर कैम्ब्रिज) से पढ़े, जबकि 1962 में उन्होंने एनडीए किया। फिर साल 1963 में वह आर्मी में शामिल किए गए। सिंह के पिछले चुनावी हलफनामे के मुताबिक, उनके पास 68 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति है। इनमें दो लाख रुपए कैश में था। उनके पास गोल्ड जूलरी भी है, जिसमें पत्थर और हीरे जड़े हुए हैं। इसकी रकम डेढ़ करोड़ के आसपास है।  

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।