लाइव टीवी

UP: उद्घाटन करने पहुंचे थे उच्च शिक्षा मंत्री, आगरा कॉलेज का नहीं खुला गेट, लौटे बैरंग

Updated Aug 21, 2022 | 08:19 IST

आगरा कॉलेज के गेट पर जब यूपी के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय पहुंचे तो गेट ही नहीं खोला गया। जिसके बाद वो वापस लौट गए।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspFacebook
आगरा कॉलेस से वापस लौटे यूपी के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय (फाइल)
मुख्य बातें
  • योगी के मंत्री ने कॉलेज के गेट पर किया 15 मिनट तक इंतजार
  • कॉलेज प्रशासन ने दिए जांच के आदेश
  • परीक्षा के कारण कॉलेज परिसर में लगी थी गाड़ियों की भीड़

यूपी में एक बड़ा ही अजीब मामला सामने आया है। अपने ही शिक्षा मंत्री के लिए आगरा कॉलेज ने गेट नहीं खोला, जिसके बाद उन्हें वापस लौट जाना पड़ा। घटना शनिवार की है जब उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय एक प्रदर्शनी के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कॉलेज पहुंचे थे, लेकिन उनके लिए कॉलेज का गेट ही नहीं खुला।

मिली जानकारी के अनुसार करीब 15 मिनट तक इंतजार करने के बाद शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय चुपचाप वापस लौट गए। इस घटना की जानकारी जैसे ही कॉलेज प्रशासन को मिली तो हंगमा मच गया, अब जांच की बात कही जा रही है। वहीं योगी सरकार के मंत्री योगेंद्र उपाध्याय इस घटना पर चुप्पी साधे हुए हैं।

 इस मामले को लेकर आगरा कॉलेज प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही प्रदर्शनी का आयोजन करने वाले विभाग से भी स्पष्टीकरण मांगा है। पीटीआई के अनुसार सूत्रों ने कहा कि मंत्री ने कॉलेज के गेट पर 15 मिनट तक इंतजार किया था। सूत्रों का दावा है कि कॉलेज का गेट नहीं खुला था और जिसके बाद वो चिढ़कर वापस लौट गए।

वहीं इस मामले को लेकर जब कॉलेज के प्रिंसिपल अनुराग शुक्ला से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी का आयोजन ड्राइंग और पेंटिंग विभाग द्वारा एक एनजीओ की मदद से "अपने दम पर" किया गया था।

ये भी पढ़ें- UP: ब्राह्मण, दलित या पिछड़ा, यूपी में कौन होगा BJP अध्यक्ष? कई समीकरणों पर विचार कर रही है भाजपा

आगे उन्होंने कहा कि इंटरनल परीक्षा के कारण कॉलेज परिसर में गाडियों की काफी भीड़ थी, जिसके कारण यह घटना हुई। उन्होंने कहा- "हमने उस शिक्षक से स्पष्टीकरण मांगा है जिसने कॉलेज परिसर में प्रदर्शनी का आयोजन किया था। चूक की जांच के लिए एक समिति का गठन किया गया है।"

प्रिंसिपल अनुराग शुक्ला ने दावा किया कि यह प्रदर्शनी "कॉलेज द्वारा आयोजित नहीं की गई थी"। आगे उन्होंने खेद जताते हुए कहा- "यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना थी और मंत्री को हुई असुविधा के लिए हमें खेद है।"

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।