लाइव टीवी

Congress Vs BJP : राहुल गांधी पर BJP का पलटवार, पूछा-कांग्रेस नेता बताएं वह बेल पर क्यों हैं? 

Updated Aug 05, 2022 | 11:20 IST

Congress Protests: महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस दिल्ली में प्रदर्शन कर रही है। राहुल गांधी ने शुक्रवार को मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की संस्थाओं पर भाजपा और आरएसएस का नियंत्रण हो चुका है।

Loading ...
मुख्य बातें
  • महंगाई एवं बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस देश भर में प्रदर्शन कर रही है
  • दिल्ली में राहुल गांधी ने मोदी सरकार की नीतियों को लेकर उन पर हमला बोला
  • राहुल के आरोपों पर भाजपा ने पलटवार किया है, पूछा-कांग्रेस नेता बेल पर क्यों हैं?

BJP attacks Rahul Gandhi : महंगाई एवं बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस शुक्रवार को देशव्यापी प्रदर्शन कर रही है। दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इन मुद्दों पर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। राहुल ने कहा कि आज देश में लोकतंत्र समाप्त हो गया है और कांग्रेस एक पार्टी से नहीं बल्कि देश के पूरे इंफ्रस्ट्रक्चर से लड़ रही है। उन्होंने देश की संस्थाओं पर भाजपा का नियंत्रण होने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेता ने कहा कि वह महंगाई और बेरोजगारी का मुद्दा आगे भी उठाते रहेंगे। कांग्रेस नेता के इन आरोपों पर भाजपा ने पलटवार किया। भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी यदि सत्य बोलते हैं तो उन्हें यह बताना चाहिए कि वह जमानत पर क्यों हैं? 

राहुल के आरोपों का BJP ने दिया जवाब
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आरोपों एवं दावों का जवाब देते हुए भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद कहा कि राहुल गांधी दावा करते हैं कि वह सत्य बोलते हैं तो उन्हें देश को बताना चाहिए कि वह जमानत पर क्यों हैं? वह किस अपराध में बेल पर हैं? नेशनल हेराल्ड का पूरा केस भाजपा सरकार के आने से पहले का है। कांग्रेस के इन नेताओं पर साजिश एवं षडयंत्र करने के आरोप लगे हैं।  

'पांच लाख लगाकर 5000 करोड़ रुपए की संपत्ति बनाई'
भाजपा नेता ने कहा कि केवल पांच लाख रुपए लगाकर कांग्रेस को 5000 करोड़ रुपए की नेशनल हेराल्ड की संपत्ति दिल्ली, लखनऊ, पटना अन्य जगहों पर मिल गई। प्रसाद ने पूछा कि 'आपको बेल नहीं मिलेगी तो आप संस्थाओं पर आरोप लगाएंगे। आप ने देश की न्यायपालिका, चुनाव आयोग पर आरोप लगाया है। आप संसद को चलने नहीं देते हैं और संस्थाओं पर आरोप लगाते हैं। मैं राहुल गांधी से कहना चाहूंगा कि आप बीजेपी, मोदी जी की आलोचना कर सकते हैं लेकिन आप अब देश और देश की संस्थानों की आलोचना कर रहे हैं। अपना भ्रष्टाचार को बचाने के लिए संस्थाओं पर दोष मढ़ रहे हैं।' 

देश ने तानाशाही आपातकाल में देखी-प्रसाद
रविशंकर प्रसाद ने कहा, 'आज से तीन साल पहले जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 समाप्त करने का ऐतिहासिक निर्णय हुआ। आप तिरंगे का अपमान कर रहे हैं। आज तिरंगा पूरे जम्मू-कश्मीर में शान से फहर रहा है। राहुल गांधी तानाशाही की बात करते हैं तो तानाशाही क्या होती है इसे देश ने आपातकाल में देखा। राहुल जी ये सब ज्ञान न दें। मैं देश की ओर से सवाल उठाना चाहूंगा कि पांच लाख लगाकर 5000 करोड़ रुपए की संपत्ति कैसे बना ली गई? भाजपा की सरकार आज भ्रष्टाचार पर वार कर रही है। बिचौलियों पर रोक लगा दी गई है। बिचौलियों के तार कहां जाकर जुड़ते हैं यह बात सभी को पता है।'  

Rahul Gandhi का BJP पर जोरदार हमला, बोले- हिंदुस्तान में 4 लोगों की तानाशाही, हम पूरे इंफ्रास्ट्रक्चर से लड़ रहे हैं

राहुल ने मोदी सरकार पर बोला तीखा हमला
इससे पहले कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया से बातचीत में राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं पर भाजपा एवं आरएसएस का नियंत्रण होने का आरोप लगाया। राहुल ने कहा, 'आज हिंदुस्तान के हर संस्था में सरकार के लोग बैठे हैं। हम एक पार्टी से नहीं लड़ रहे बल्कि देश के पूरे इंफ्रास्ट्रक्चर से लड़ रहे हैं।आज आरएसएस के लोग हर संस्था में घुस चुके हैं। वित्तीय, कानूनी, जांच एजेंसी की सभी संस्थाएं सरकार के साथ हैं। बेरोजगारी, महंगाई बढ़ती जा रही है लेकिन सरकार कह रही है कि ऐसा कुछ नहीं है।हम हिंदुस्तान की आज की हालत से डरते हैं। भाजपा के लोग 24 घंटे झूठ बोलते हैं।' 
 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।