लाइव टीवी

'मौत का खेल लोकतंत्र में नहीं चल सकता'; पढ़ें पीएम मोदी के भाषण की 10 बड़ी बातें

Updated Nov 11, 2020 | 21:13 IST

PM Narendra Modi Speech: बिहार में मिली जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में बीजेपी के मुख्यालय पर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। यहां पढ़ें उनके भाषण की बड़ी और प्रमुख बातें।

Loading ...
मुख्य बातें
  • बिहार में मिली जीत का जश्न बीजेपी ने दिल्ली में मनाया
  • एनडीए में सबसे बड़ा दल बनकर उभरी है बीजेपी
  • पीएम मोदी ने बताया कि आखिर क्यों लोग अब बीजेपी को चुन रहे हैं

नई दिल्ली: बिहार में मिली जीत का भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने दिल्ली में भव्य जश्न मनाया। कार्यकर्ताओं से लेकर पार्टी के शीर्ष नेता तक भाजपा मुख्यालय में जुटे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी यहां पहुंचे और उन्होंने संबोधित भी किया। पीएम मोदी ने बिहार की जनता का तो धन्यवाद किया ही, साथ ही बताया कि आखिर क्यों देश की जनता अब बीजेपी को ही चुन रही है। उन्होंने परिवारवाद को बढ़ावा देने पार्टियों पर निशाना साधा साथ ही देश के युवाओं से अपील की कि वे भाजपा से जुड़ देश की सेवा करें।

PM मोदी के भाषण की बड़ी बातें

  1. 21वीं सदी के भारत के नागरिक, बार-बार अपना संदेश स्पष्ट कर रहे हैं। अब सेवा का मौका उसी को मिलेगा, जो देश के विकास के लक्ष्य के साथ ईमानदारी से काम करेगा। हर राजनीतिक दल से देश के लोगों की यही अपेक्षा है कि देश के लिए काम करो, देश के काम से मतलब रखो।
  2. आज भाजपा ही देश की एकमात्र राष्ट्रीय पार्टी है, जिसमें गरीब, दलित, पीड़ित, शोषित, वंचित, अपना प्रतिनिधित्व देखते हैं। आज भाजपा ही देश की एकमात्र राष्ट्रीय पार्टी है, जो समाज के हर वर्ग की आवश्यकताओं को समझती है, उनके लिए काम कर रही है। आज भाजपा ही एकमात्र पार्टी है जो राष्ट्रीय आकांक्षाओं के साथ ही हर क्षेत्र के गौरव को भी उतने ही गर्व के साथ अपने साथ लेकर चलती है। देश के नौजवानों को सबसे ज्यादा भरोसा किसी पर है तो वो भाजपा है। दलितों-पीड़ितों-शोषितों की अगर कोई आवाज है, तो वो भाजपा है। 
  3. मैं बिहार के अपने भाइयों और बहनों से कहूंगा, आपने एक बार फिर सिद्ध किया है कि बिहार क्यों लोकतंत्र की जमीन कहा जाता है। आपने फिर सिद्ध किया है कि वाकई, बिहारवासी पारखी भी हैं और जागरूक भी।
  4. देश के युवाओं से मेरा आह्वान है, वो आगे आएं और बीजेपी के माध्यम से देश की सेवा में जुट जाएं। अपने सपनों को साकार करने के लिए, अपने संकल्पों को सिद्ध करने के लिए, कमल को हाथ में लेकर चल पड़ें।
  5. दुर्भाग्य से कश्मीर से कन्याकुमारी तक परिवारवादी पार्टियों का जाल लोकतंत्र के लिए खतरा बनता जा रहा है। ये देश का युवा भली-भांति जानता है। परिवारों की पार्टियां या परिवारवादी पार्टियां, लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा खतरा हैं।
  6. ऐसे में भारतीय जनता पार्टी का दायित्व और बढ़ जाता है। हमें अपनी पार्टी में भीतर के लोकतंत्र को मजबूत बनाएं रखना है। हमें अपनी पार्टी को जीवंत लोकतंत्र का जीता-जागता उदाहरण बनाना है। पार्टी हर कार्यकर्ता और हर नागरिक के लिए अवसरों का एक बेहतरीन मंच बने।
  7. भाजपा के पास साइलेंट वोटर्स का एक बड़ा समूह है जो उसे बार-बार वोट दे रहा है। हमारे देश की महिलाएं, नारी शक्ति हमारे लिए साइलेंट वोटर है। ग्रामीण से शहरी तक, महिलाएं हमारे लिए साइलेंट वोटर्स का सबसे बड़ा समूह बन गई हैं।
  8. अगर आज आप मुझे बिहार के चुनाव नतीजों के बारे में पूछेंगे तो मेरा जवाब भी जनता के जनादेश की तरह साफ है- बिहार में सबका साथ-सबका विकास, सबका विश्वास के मंत्र की जीत हुई है। बिहार में विकास के कार्यों की जीत हुई है। बिहार में सच जीता है, विश्वास जीता है! बिहार का युवा जीता है, माताएं-बहनें-बेटियां जीती हैं! बिहार का गरीब जीता है, किसान जीता है! ये बिहार की आकांक्षाओं की जीत है, बिहार के गौरव की जीत है।
  9. जिस तरह से हमने जनता कर्फ्यू से आज तक इस महामारी का मुकाबला किया है वह इन चुनाव परिणामों में परिलक्षित हुआ है। कोविड से बचाया गया हर जीवन भारत के लिए एक सफलता की कहानी है।
  10. देश के कुछ हिस्सों में उनको लगता है कि भाजपा के कार्यकर्ताओं को मौत के घाट उतार कर वे अपने मनसूबे पूरे कर लेंगे। मैं उन सभी से आग्रह पूर्वक समझाने का प्रयास भी करता हूं। मुझे चेतावनी देने की जरूरत नहीं है, वो काम जनता-जर्नादन करेगी। चुनाव आते हैं, जाते हैं। जय-पराजय का खेल होता रहा है। कभी ये बैठैगा, कभी वो बैठेगा। लेकिन ये मौत का खेल लोकतंत्र में कभी नहीं चल सकता है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।