लाइव टीवी

Jaipur Crime News: तलाक से गुस्साया पति, घर में घुसकर काट डाला पत्नी का गला, पीड़िता की हालत गंभीर

Updated Jun 01, 2022 | 23:34 IST

Jaipur Crime News: जयपुर में एक सनकी शख्स ने अपनी पूर्व पत्नी पर जानलेवा हमला कर डाला। बेटी से मिलने के बहाने इस आरोपी ने पत्नी को बाहर बुलाया ​और फिर उसका गला रेंत कर फरार हो गया। पीड़िता अब जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है। पुलिस ने पर्चा बयान के आधार पर मामला दर्ज किया है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspRepresentative Image
तलाक के बाद गुस्साए पति ने काटा पूर्व पत्नी का गला
मुख्य बातें
  • जयपुर के शास्त्री नगर थाने का मामला, आरोपी को तलाश रही पुलिस
  • शराब पीने का आदी है आरोपी, आए दिन की प्रताड़ना से परेशान थी पत्नी
  • बोला- तू मरेगी या मैं और चाकू से काट दिया गला

Jaipur Crime News: राजधानी जयपुर में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां तलाक से गुस्साए एक पति ने पत्नी पर जानलेवा हमला कर डाला। पूर्व पत्नी का गला काटकर आरोपी पति फरार हो गया। पीड़िता को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। महिला के पर्चा बयान के आधार पर पुलिस ने उसके पूर्व पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। मामला जयपुर के शास्त्री नगर थाने का है।

शराब पीने के आदी पति से थी प्रताड़ित  

शास्त्री नगर थाना पुलिस ने बताया कि, 26 साल की पीड़िता की शादी करीब सात पहले सत्यवीर से हुई थी। इनकी के एक बेटी भी है। आरोपी सत्यवीर शराब पीने का आदी है। नशे में वह अकसर पत्नी के साथ मारपीट करता था। आए दिन की प्रताड़ना से परेशान पत्नी ने तलाक के लिए आवेदन किया। करीब दो माह पहले ही उसका सत्यवीर से तलाक हुआ था। तलाक के बाद पत्नी अपनी पांच साल की बेटी के साथ अलग घर में रह रही है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि, बेटी के लालन-पालन के लिए शास्त्री नगर में एक घर में काम करती है। यहीं वह फुल टाइम मेड के रूप में रहती थी। मंगलवार रात को सत्यवीर उससे मिलने वहीं आया। पीड़िता से जब उससे मिलने से मना ​कर दिया तो वह बेटी से मिलने की जिद पर अड़ गया। जब सत्यवीर कई बार कहने पर भी नहीं माना तो पीड़िता ने बेटी को बाहर बुला लिया। इस दौरान सत्यवीर ने वीडियो कॉल पर दादी से बेटी की बात करवाई। इसके बाद पीड़िता बेटी को घर के अंदर ले जाने लगी। इस दौरान सत्यवीर ने पीड़िता को कहा कि, वह उससे कुछ बात करना चाहता है। पीड़िता ने मना किया लेकिन वह नहीं माना। इस पर पीड़िता ने बेटी को घर के अंदर भेज दिया। 

या तो तू मरेगी या फिर मैं 

बेटी के घर के अंदर जाते ही सत्यवीर ने पीड़िता के गले पर चाकू लगा दिया। उसने कहा कि, या तो तू मरेगी या फिर मैं। यह कहते हुए सत्यवीर ने पीड़िता का गला काट दिया। हमला करने के बाद सत्यवीर अपनी बाइक से फरार हो गया। मां के चिल्लाने की आवाज सुनकर पांच साल की बेटी बाहर आई तो उसने मां को लहूलुहान फर्श पर पड़े देखा। जिसके बाद बच्ची ने शोर मचाकर आस-पास के लोगों को बुलाया। लोगों ने पुलिस को सूचना दी और पीड़िता को कांवटिया अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस ने अस्पताल में पीड़िता का पर्चा बयान लिया। चिकित्सकों के अनुसार पीड़िता की ​हालत गंभीर है। पुलिस ने आरोपी सत्यवीर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

Jaipur News in Hindi (जयपुर समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।